Akshay Kumar और Priyadarshan की नई फिल्म के बारे में क्या अपडेट है? क्या Welcome To The Jungle ने OG Welcome को कमाई के मामले में पछाड़ दिया है? SS Rajamouli की Varanasi का कितना शूट बाक़ी है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की 9वीं फिल्म लॉक, होगी तगड़ी कॉमेडी थ्रिलर
अक्षय और प्रियदर्शन की 'हेरा फेरी 3' तो उलझी हुई है. इन जोड़ी की अगली फिल्म 'हैवान' सितंबर में रिलीज़ होनी है.


# प्रियदर्शन और अक्षय कुमार बनाएंगे कॉमेडी थ्रिलर
प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार की 'हेरा फेरी 3' तो छोड़ दी है. मगर अब वो अक्षय के साथ एक नई फिल्म बनाने जा रहे हैं. ये अक्षय और प्रियदर्शन की नौवीं फिल्म होगी. मिड-डे के मुताबिक ये कॉमेडी थ्रिलर है. इसकी स्क्रिप्ट लगभग पूरी हो चुकी है. प्रियदर्शन ने भी मिड-डे से चर्चा में ये फिल्म कन्फर्म कर दी है. दिसंबर में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी.
# 'ओशंस इलेवन' प्रीक्वल में मोनिका बार्बरो की एंट्री
'ओशंस इलेवन' का प्रीक्वल बन रहा है. मार्गो रॉबी और वाग्नर मोरा इसमें कास्ट कर लिए गए हैं. डेडलाइन के मुताबिक ऑस्कर नॉमिनेटेड एक्टर मोनिका बार्बरो को भी इसमें कास्ट कर लिया गया है. ब्रैडली कूपर इसमें एक्ट करने के साथ ये फिल्म डायरेक्ट भी करने वाले हैं. आने वाले कुछ हफ्तों में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी. ये फिल्म 25 जून 2027 को रिलीज़ होगी.
# राजामौली की 'वाराणसी' का 80 दिन का शूट बाक़ी
SS राजमौली की फिल्म 'वाराणसी' की 75 फीसदी शूटिंग हो चुकी है. हाल ही में फ्रांस में फिल्म RRR के प्रीमियर इवेंट में राजामौली ने 'वाराणसी' के बचे हुए काम के बारे में बताया. राजामौली ने कहा कि अब फिल्म का 80 दिन का शूट बाक़ी है. एक मेजर वॉर सीन और कुछ कनेक्टिंग सीन फिल्माए जाने हैं. यानी तकरीबन 3 महीने बाद फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा. ये फिल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज़ होगी.
# 'वेलकम टू द जंगल' ने कमाए 120 करोड़
अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म कर रही है. डे ज़ीरो यानी 25 जून से 30 जून तक इसने वर्ल्डवाइड 120 करोड़ 12 लाख रुपये कमा लिए. इस कमाई के साथ इसने साल 2007 में आई OG 'वेलकम' के लाइफटाइम कलेक्शन को पछाड़ दिया है. और ये कारनामा इसने मात्र पांच दिनों में ही कर दिखाया है. हम बता दें कि 19 साल पहले आई 'वेलकम' का लाइफ़टाइम कलेक्शन 119.50 करोड़ रुपये था.
# अमित त्रिवेदी बनाएंगे 'छत्रपति शिवाजी महाराज' का म्यूज़िक
ऋषभ शेट्टी स्टारर 'दी प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' के बारे में नया अपडेट है. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक अब इस फिल्म का म्यूज़िक अमित त्रिवेदी तैयार करेंगे. अमित से पहले ये ज़िम्मेदारी प्रीतम को दी गई थी. मगर पिछले दिनों उन्होंने अनाउंस किया कि अब वो मेनस्ट्रीम फिल्मों के लिए काम नहीं करेंगे. प्रसून जोशी इस फिल्म के गाने लिख रहे हैं. संदीप सिंह इसे डायरेक्ट कर रहे हैं. अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी इसमें काम कर रहे हैं. ये फिल्म दो पार्ट में बनेगी. और पहला पार्ट 21 जनवरी 2027 को रिलीज़ होगा.
# कंगना रनौत की 'क्वीन 2' का शूट खत्म
कंगना रनौत स्टार 'क्वीन 2' की शूटिंग पूरी हो गई है. सीक्वल में भी कंगना रनौत रानी का ही किरदार निभाएंगी. मगर इस बार रानी एक छोटे शहर की डरी-सहमी लड़की नहीं, बल्कि एक इंडिपेंडेंट कॉन्फिडेंट लेडी के कैरेक्टर में नज़र आएंगी. सीक्वल भी विकास बहल ने ही डायरेक्ट किया है.
वीडियो: प्रियदर्शन छोड़ेंगे फिल्म इंडस्ट्री, मीका सिंह ने दे डाली श्रद्धांजलि, पब्लिक बेहाल हो गई














