30 जुलाई को Spiderman: Brand New Day सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगी. दुनिया भर में इस फिल्म की जबरदस्त हाइप है. भारत में भी इसकी रिकॉर्ड तोड़ अडवांस बुकिंग हुई है. बावजूद इसके, फिल्म सेंसर बोर्ड की कैंची से बच नहीं पाई. बोर्ड ने फिल्म में कुछेक कट्स लगाए हैं. उनमें से एक किसिंग सीन भी है, जिसे छांटने पर विवाद छिड़ गया है.
'सुपरमैन' के बाद अब 'स्पाइडरमैन' के किस करने पर भी सेंसर बोर्ड को आपत्ति है!
CBFC ने फिल्म से 8 सेकेंड का किसिंग सीन हटा दिया है. इस फैसले की लोग काफी आलोचना कर रहे.

सेंसर बोर्ड ने 'ब्रांड न्यू डे' को U/A 13 + सर्टिफिकेट के साथ पास किया है. यानी इसे हर उम्र के दर्शक देख सकते हैं. बस 13 साल से कम वालों के साथ किसी गार्जियन का होना जरूरी है. खैर, सेंसर सर्टिफिकेट देने से पहले बोर्ड ने मेकर्स को कुछ बदलाव करने कहा था, जो कुछ ऐसे हैं,
1) फिल्म में शराब वाले सीन्स पर एंटी-लिकर मैसेज.
2) तीन जगहों पर ऑडियो और सबटाइटल से अश्लील शब्द को हटाने गया है. हालांकि ये शब्द क्या थे, इसकी जानकारी नहीं दी गई.
3) एक 8 सेकेंड लंबे किसिंग सीन को हटाया गया.

इन बदलावों के बाद फिल्म की लंबाई 144.52 मिनट यानी 2 घंटे 24 मिनट और 52 सेकेंड रह गई है. देखा जाए तो सेंसर बोर्ड के सुझाए पहले दो बदलावों पर जनता को खास आपत्ति नहीं. लेकिन तीसरे पर हल्ला मच गया है. लोग सेंसर बोर्ड के दोहरे रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. इसके लिए 17 जुलाई को रिलीज़ हुई क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' का उदाहरण दिया जा रहा है. दरअसल, किसिंग सीन उस मूवी में भी थे. लेकिन सेंसर बोर्ड ने नोलन की फिल्म को बगैर किसी कट के पास कर दिया. हालांकि यहां एक कैच ये है कि उस फिल्म को बोर्ड ने A यानी एडल्ट सर्टिफिकेट दिया था. लेकिन पिछले कुछ समय में हम ऐसे अनगिनत एग्जाम्पल देख चुके हैं, जहां एडल्ट सर्टिफिकेट वाली फिल्मों के किसिंग सीन्स भी हटा दिए गए.
'स्पाइडरमैन: ब्रांड न्यू डे' के किसिंग सीन उड़ाए जाने के पीछे की नाराजगी की एक और वजह है. दरअसल, 2002 में रिलीज़ हुई डायरेक्टर सैम रायमी की 'स्पाइडरमैन' में भी ऐसा एक सीन था. तब टोबी मैग्वायर, स्पाइडरमैन के अवतार में अपनी प्रेमिका मैरी जेन यानी एक्ट्रेस किर्स्टन डंस्ट को किस करते हैं. मगर स्टाइल के लिए वो अपने जाल के सहारे अपसाइड डाउन यानी छत से उल्टा लटके हुए होते हैं. जमीन पर खड़ी मैरी जेन उसी सिचुएशन में उन्हें चूमती है. ये सीन उस जमाने में भी इतना वायरल हुआ था कि लोग इसे अपसाइड डाउन की जगह स्पाइडरमैन किस कहने लगे. हालांकि लोगों का मानना है कि यदि सैम रायमी उस मूवी को आज रिलीज़ करते, तो सेंसर बोर्ड इस आइकॉनिक सीन पर भी कैंची चला देती.

खैर, विडंबना ये है कि 'स्पाइडरमैन' चाहे पूरी दुनिया को बचा चुके हों, मगर खुद को भारत के सेंसर बोर्ड से नहीं बचा पाए. फिर भी, उनके लिए तसल्ली वाली बात ये है कि वो इस सिचुएशन से गुजरने वाले अकेले सुपरहीरो नहीं. उनसे पहले सुपरमैन जैसा महाबली भी ये दुख झेल चुका है. दरअसल, 2025 में रिलीज़ हुई जेम्स गन की 'सुपरमैन' मूवी पूरी दुनिया में तो बगैर काट-छांट के रिलीज़ हुई. मगर भारतीय सेंसर बोर्ड ने उसके दो किसिंग सीन उड़ा दिए. उड़ाने से याद आया, एक सीन में तो सुपरमैन हवा में उड़ते हुए अपनी प्रेमिका को चूम रहे थे. लेकिन सेंसर बोर्ड ने उसका 33 सेकेंड लंबा फुटेज उड़ा दिया. इस बात पर तब भी उनकी काफी किरकिरी हुई थी. कुल मिलाकर, आदमी चाहे जीरो हो या सुपरहीरो, सेंसर बोर्ड के आगे किसी की नहीं चलती.
वीडियो: दी सिनेमा शो: 'स्पाइरडमैन- नो वे होम' ने कलेक्शन के मामले में अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' को पीछे छोड़ दिया













