The Lallantop

बेटे के लिए धांसू विदेशी फिल्म का रीमेक बनाएंगे आमिर खान

जुनैद पहले यशराज की फिल्म से डेब्यू करने वाले थे. लेकिन फिर खबर आई कि वो फिल्म डिब्बाबंद हो गई है.

Advertisement
post-main-image
जुनैद तमिल फिल्म 'लव टुडे' के रीमेक में भी काम करने वाले हैं.

Aamir Khan अपने बेटे Junaid के लिए फिल्म बनाने जा रहे हैं. आमिर इसे प्रोड्यूस करेंगे. वो यहां एक्टिंग करेंगे या नहीं, ये अभी साफ नहीं हुआ है. पिंकविला में छपी रिपोर्ट के मुताबिक जुनैद की ये फिल्म थाई फिल्म ‘वन डे’ का ऑफिशियल हिंदी रीमेक होगी. बीते साल आमिर की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ रिलीज़ हुई थी. रीमेक होने की वजह से फिल्म को काफी नेगेटिविटी झेलनी पड़ी थी. उसी साल आमिर ने थाई फिल्म के राइट्स भी खरीदे थे. उन्हें फिल्म के सब्जेक्ट को लेकर काफी भरोसा है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्ट की मानें तो सुनील पांडे इस फिल्म को बनाने वाले हैं. सुनील लंबे वक्त से आमिर के साथ जुड़े हुए हैं. IMDB के मुताबिक उन्होंने ‘रंग दे बसंती’, ‘डेल्ही बेली’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है. ‘वन डे’ साल 2016 में आई थाई फिल्म है. क्रिटिकल और कमर्शियल सक्सेस साबित हुई. एक रोमांटिक, स्वीट सी फिल्म थी जहां एक लड़का अपनी फीलिंग्स को बयां नहीं कर पाता. जुनैद उस लड़के का रोल करेंगे. नवंबर 2023 में फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली है. हालांकि अभी तक फिल्म के लिए फीमेल लीड फाइनल नहीं की गई है. 

जुनैद सिर्फ ‘वन डे’ के रीमेक पर काम नहीं कर रहे. अगर चीज़ें सही रहती तो ‘महाराजा’ उनकी डेब्यू फिल्म होती. यशराज फिल्म्स इसे बना रहे थे. फिल्म की शूटिंग तक शुरू हो चुकी थी. लेकिन फिर अचानक से इसे डिब्बाबंद कर दिया गया. बॉलीवुड हंगामा में छपी खबर के मुताबिक आदित्य चोपड़ा फिलहाल दूसरे प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देना चाहते हैं. इस वजह से ‘महाराजा’ पर काम बंद किया गया है. रिपोर्ट में कोट किए गए सोर्स ने बताया,

Advertisement

‘महाराजा’ के काफी हिस्से शूट किए जा चुके थे. हालांकि यशराज ने फैसला लिया है कि वो इसके साथ आगे नहीं बढ़ना चाहते. क्योंकि यहां रिस्क बहुत ज़्यादा है. 

रिपोर्ट में लिखा गया कि ‘महाराजा’ के बंद होने की खबर सुनते ही आमिर ने आदित्य को फोन किया. आदित्य ने भरोसा दिलाया कि फिल्म को पूरी तरह बंद नहीं किया है. बस अभी के लिए फिल्म पर काम रोका गया है. बताया जा रहा है कि फिलहाल YRF ‘वॉर 2’, ‘टाइगर 3’ और ‘टाइगर वर्सेज़ पठान’ पर ध्यान देना चाहता है. इसी साल आई ‘पठान’ ने कमाई के तमाम बड़े रिकॉर्ड तोड़ डाले. उसके बाद मुमकिन है कि YRF अपना समय और पैसा ऐसी ही लार्जर दैन लाइफ फिल्मों पर लगाना चाहता हो. इन तीन फिल्मों की रिलीज़ के बाद ही ‘महाराजा’ पर लौटने का विचार है. 

‘महाराजा’ को लेकर इंडियन एक्सप्रेस में खबर आई थी कि जून 2021 में फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई. कुछ मीडिया पोर्टल्स ने दावा किया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई. वो रिलीज़ होने को तैयार है. लेकिन अब ऐसा केस नहीं लग रहा. बॉलीवुड हंगामा की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक बीते फरवरी में ही फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी. विजय नगर में भव्य सेट भी बनाया गया था. फिल्म को सिद्धार्थ पी मल्होत्रा बना रहे थे. जो इससे पहले YRF के लिए ‘हिचकी’ भी बना चुके हैं. ‘महाराजा’ में जुनैद के अलावा जयदीप अहलावत और शरवरी वाघ भी अहम किरदार निभाने वाले थे.     

Advertisement

बता दें कि ‘महाराजा’ की कहानी 1862 के महाराज लाइबल केस पर आधारित थी. करसनदास मूलजी नाम के एक गुजराती पत्रकार थे. गुजराती साहित्य में उनका नाम आदर से लिया जाता है. उन्होंने सत्यप्रकाश नाम के अखबार में एक धर्मगुरु के बारे में लिखा था. बताया कि वो गुरु अपनी महिला भक्तों का यौन शोषण करते हैं. धर्मगुरु की तरफ से करसनदास के खिलाफ केस किया गया. ‘महाराजा’ फिल्म के केंद्र में यही ट्रायल था. 

‘महाराजा’ को अभी के लिए भले ही बंद कर दिया गया हो. लेकिन जुनैद के कुछ प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. वो तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘लव टुडे’ के हिंदी रीमेक में नज़र आएंगे. यहां उनके साथ फीमेल लीड होंगी खुशी कपूर. ‘लाल सिंह चड्ढा’ के डायरेक्टर अद्वैत चंदन इस फिल्म को बनाने वाले हैं. 

वीडियो: सिनेमा अड्डा: शाहरुख खान की आवाज़ बनने वाले रब्बी शेरगिल को आमिर खान पर किस बात का पछतावा है?

Advertisement