पिछले दिनों खबर आई थी कि Aamir Khan ने Salman Khan को एक फिल्म ऑफर की है. सलमान भी आमिर के घर जाते दिखे थे. ये वही फिल्म है, जो Laal Singh Chaddha के बाद आमिर खुद शुरू करने वाले थे. स्पैनिश फिल्म Campeones का हिंदी रीमेक. मगर आमिर ने एक्टिंग से ब्रेक की घोषणा कर दी. अब वो ये फिल्म बतौर प्रोड्यूसर शुरू कर रहे हैं. इसी के लिए उन्होंने सलमान खान को अप्रोच किया. लेटेस्ट रिपोर्ट्स की मानें, तो आमिर और सलमान जल्द ही ये फिल्म अनाउंस करने वाले हैं.
अपने बर्थडे पर सलमान खान के साथ फिल्म अनाउंस करने जा रहे हैं आमिर खान!
बताया जा रहा है कि आमिर इस फिल्म का पूरा क्रिएटिव कंट्रोल अपने हाथ में रखेंगे. सलमान सिर्फ एक्टर के तौर पर इस फिल्म से जुड़ेंगे.


आमिर खान ने 'कैम्पियोनेस' का हिंदी रीमेक सलमान खान को ऑफर की थी. क्योंकि उन्हें लग रहा था कि ये फिल्म सलमान को सूट करेगी. स्पोर्ट्स फिल्म है, जिसका इमोशनल एंगल मजबूत है. सलमान ने भी फिल्म में दिलचस्पी दिखाई. हालांकि वो आमिर को ही ब्रेक से वापस लाने की कवायद में लगे हुए थे. अब बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से छपी रिपोर्ट में बताया है कि चीज़ें सही दिशा में बढ़ रही हैं. सलमान और आमिर दोनों ही इस फिल्म पर साथ काम करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. कई बैठकी हो चुकी है. शूटिंग शेड्यूल से लेकर लोकेशन जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है. ताकि जून 2023 से फिल्म की शूटिंग शुरू की जा सके. हालांकि इस फिल्म का पेपर वर्क नहीं हुआ है. सलमान एक बार फाइनल नैरेशन चाहते हैं.
इसी रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि आमिर खान अपने बर्थडे पर ये फिल्म अनाउंस करने की सोच रहे हैं. आमिर का जन्मदिन 14 मार्च को होता है. बताया जा रहा है कि आमिर इस फिल्म का पूरा क्रिएटिव कंट्रोल अपने हाथ में रखेंगे. सलमान सिर्फ एक्टर के तौर पर इस फिल्म से जुड़ेंगे. ये पहली बार होगा, जब सलमान, आमिर के प्रोडक्शन की फिल्म करेंगे. अगर सबकुछ ठीक रहा, तो मार्च के दूसरे हफ्ते में ये फिल्म ऑफिशियली अनाउंस हो जाएगी.
सलमान 'किसी का भाई किसी की जान' की शूटिंग से फारिग हो गए हैं. इस फिल्म के लिए सलमान ने 105 दिन शूटिंग की है. जो सलमान खान की एक्शन-कॉमेडी फिल्म के लिहाज़ से बहुत है. खैर, अप्रैल-मई तक 'टाइगर 3' का काम पूरा हो जाएगा. इसी दौरान शाहरुख खान भी फिल्म के लिए अपना कैमियो शूट करेंगे. उसके बाद सलमान खान कौन सी फिल्म शुरू करेंगे, ये फैंस के लिए बड़ा मसला था. चर्चा थी कि अली अब्बास ज़फर ने सलमान को एक स्टाइलिश एक्शन फिल्म ऑफर की है. शायद वो उस पर काम शुरू करें. हालांकि अगर मार्च में आमिर फिल्म अनाउंस कर देते हैं, तो सलमान 'टाइगर 3' के बाद 'कैम्पियोनेस' रीमेक ही चालू करेंगे.
वीडियो: शाहरुख खान की 'पठान' में आमिर खान की बहन निखत खान एक ज़रूरी किरदार में दिखाई देती हैं






















