एक फिल्म फेस्टिवल का नज़ारा, 'वी आर वन' ऑनलइन फेस्टिवल का टीज़र और एक पैनल डिसकशन में बैठे सिनेमा दिग्गज बॉन्ग जून हो, टैरेंटीनो, टाइका वाइटिटी और सैम मेंडेज़.
कोरोना की वजह से सिनेमा हॉल तो बंद हैं ही. बड़े बड़े फिल्म फेस्टिवल भी कैंसल हो गए. लेकिन कहा जाता है कि 'द शो मस्ट गो ऑन'. नई समस्या आई तो नए समाधान भी निकल रहे हैं. वर्ल्ड सिनेमा की दुनिया में एक जबरदस्त चीज होने जा रही है. ऐसी जो पहले कभी न हुई. वर्ल्ड के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल्स एक ऐसा फिल्म फेस्ट ला रहे हैं जिसे कोई भी इंसान घर बैठे देख सकेगा. यूट्यूब पर. फेस्टिवल का नाम रखा गया है - 'वी आर वन: अ ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल'. इसे ऑर्गनाइज़ कर रही है ट्राइबेका एंटरप्राइज़ेज़. न्यू यॉर्क की वही कंपनी जो ट्राइबेका फिल्म फेस्टिवल करवाती है. रॉबर्ट किंक्ल यूट्यूब के चीफ़ बिज़नेस ऑफिसर हैं. उन्होंने कहा है -
"यह ऐसा इवेंट है जो आज तक पहले कभी नहीं हुआ. हमें गर्व है कि यह कमाल का कंटेंट यूट्यूब पर दिखाया जाएगा. और दुनियाभर के फैंस इसे मुफ़्त में देख पाएंगे."
उन्होंने ट्विटर पर भी यह जानकारी शेयर की -
कौन से फिल्म फेस्टिवल साथ आएं हैं 20 बड़े फिल्म फेस्टिवल में जो फिल्में दिखाई जानी थीं, उनमें से बहुत सी फिल्में यहां दिखाई जाएंगी. इनमें 'बिग 3' कहे जाने वाले - कान, वेनिस, बर्लिन - तीनों फिल्म फेस्टिवल शामिल हैं. एक इंडियन फिल्म फेस्टिवल लिस्ट में है - मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल. इनके अलावा 16 अन्य टॉप के फिल्म फेस्टिवल हैं - बीएफआई. लंदन फिल्म फेस्टिवल, ट्राइबेका, लोकार्नो, कार्लोवी वैरी, सनडांस, टोरंटो, सरायेवो, टोक्यो, सैन सबैश्चियन, सिडनी, मार्राकेच, न्यू यॉर्क, येरुशलम, मकाऊ, एनेकी एनीमेशन, गुआदालाहारा. हरेक फिल्म फेस्टिवल अपनी फिल्मों का चयन खुद करेगा. इस मामले में कान के दोनों फेस्टिवल प्रेज़िडेंट की तरफ से यह स्टेटमेंट आई -
"अद्भुत फिल्मों और टैलेंट पर रौशनी डालने के लिए हमें पार्टनर फेस्टिवल्स के साथ जुड़ने पर गर्व है. ऑडियंस दुनियाभर से स्टोरी-टेलिंग की बारीकियां अनुभव करेंगे. साथ ही हरेक फेस्टिवल की आर्टिस्टिक शख्सियतों से रूबरू होना भी."
कब और कहां देख सकते हैं फिल्में यूट्यूब इसे होस्ट करने जा रहा है. 'वी आर वन' चैनल पर ये फिल्में देखने को मिलेंगी. 43000 से ज़्यादा लोग चैनल को सब्सक्राइब भी कर चुके हैं. कल इस चैनल पर एक 30 सेकंड का वीडियो डाला गया है. जिसे आप टीज़र या अनाउंसमेंट कह सकते हैं.
यह ऑनलाइन फेस्टिवल दस दिन चलेगा. 29 मई से 07 जून तक. इसके लिए आपको कोई टिकट नहीं खरीदनी. कोई पैसा नहीं देना. सभी के लिए मुफ़्त है. हालांकि दर्शक कोरोना महामारी से लड़ने के लिए डोनेशन दे सकेंगे. जो 'विश्व स्वास्थ्य संगठन' और दुनियाभर की लोकल संस्थाओं के राहत कार्यों में मदद करेगा. फीचर फिल्मों के अलावा भी यहां बहुत कुछ होगा. शॉर्ट फिल्में, डॉक्यूमेंट्री, म्यूज़िक, कॉमेडी और पैनल डिसकशन. वाह! घर बैठे यह सब कहां मिलेगा. हार्डकोर सिनेमा प्रेमी को एक बड़ा ऐतराज़ हो सकता है. कि कोई 'पैरासाइट' जैसी कमाल की आर्ट फिल्म चल रही हो. जिसमें लोग डूबे हुए हैं. और अचानक से बीच में कोई विज्ञापन आ जाए. उन लोगों के लिए यह खुशखबरी है कि फिल्मों के बीच कोई विज्ञापन नहीं आएंगे. आने वाले हफ़्तों में पूरा शेड्यूल बता दिया जाएगा. कि किस टाइम पर कौनसा कंटेंट स्ट्रीम होने वाला है.
Cinema Video: 2020 में सबसे ज्यादा ऑस्कर क्यों जीती ये एशियाई फिल्म?