Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का टीज़र और ट्रेलर रिलीज़ किया जा चुका है. लेकिन अभी ऐसा बहुत कुछ है, जो ऑडियन्स को पूरी तरह सरप्राइज़ कर सकता है. पिछले दिनों मेकर्स ने देशभर के सिनेमा एग्जीबिटर्स को ‘रामायण’ का सबसे अनदेखा फुटेज दिखाया. 15 मिनट के उस वीडियो में क्या कुछ है, बताते हैं.
'रामायण' के सबसे अनदेखे फुटेज से हैरान हुए एग्जीबिटर्स, 15 मिनट में क्या कुछ दिखा?
बिग सिने एक्सपो में मौजूद दर्शक इस फुटेज की तुलना 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' से कर रहे हैं.

पिछले दिनों चेन्नई में हुए बिग सिने एक्सपो में कई थिएटर ओनर्स और फिल्ममेकर्स जुटे थे. वहां कुछ अपकमिंग मूवीज़ के एक्सक्लूसिव विजुअल्स दिखाए गए. इवेंट में मौजूद एक एग्जीबिटर ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि वहां ‘रामायण’ का 15 मिनट लंबा ऐसा फुटेज दिखाया गया, जिसे आम जनता ने अब तक नहीं देखा है. कुछ भी लीक न हो, इसलिए मेकर्स ने एक्सपो में मौजूद सभी लोगों के फोन बंद करवा दिए थे.
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ वाले फुटेज में कई जीव-जंतुओं और राक्षसों को दिखाया गया था. उनमें एक आंख वाला दैत्य भी था. हो सकता है कि यहां कबंध की बात की जा रही हो, जो एक आंख वाला विशालकाय राक्षस था. वैसे, कबंध किसी जमाने में एक गंधर्व हुआ करता था. मगर अपने घमंड की वजह से उसे एक आंख वाले दैत्य में बदल जाने का श्राप मिला. जब सीता की खोज में राम और लक्ष्मण जंगलों में भटक रहे थे, तो वहां कबंध से भी उनकी लड़ाई हुई थी. उन्होंने कबंध के दोनों हाथ काट दिए. इससे वो श्रापमुक्त होकर अपने असली भेष में आ गया.
एग्जीबिटर ने इस अनदेखे फुटेज में एक भालू जैसे किरदार को भी काफी तवज्जो दिए जाने का जिक्र किया है. ज़ाहिर है कि यहां जाम्बवंत की बात हो रही है. वैसे, इन जानकारियों से ये हिंट मिल रहा कि मेकर्स ने एक्सपो में ‘रामायण’ पार्ट 1 नहीं, बल्कि पार्ट 2 के फुटेज दिखाए हैं. ये हम इसलिए कह रहे क्योंकि कबंध और जामवंत जैसे कैरेक्टर्स राम-लक्ष्मण को सीता की खोज करते हुए मिलते हैं. चूंकि पहला पार्ट सीता-हरण पर ही खत्म हो जाएगा, इसलिए ये सब हम सेकेंड पार्ट में देखेंगे.
सूत्र के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग ‘रामायण’ का विज़न और VFX देखकर हैरान हो गए थे. वो इसकी तुलना ‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ जैसे हॉलीवुड प्रोजेक्ट से कर रहे. हालांकि उन्होंने बताया कि ये फुटेज काफी हद तक फिल्म की मेकिंग दिखा रहा था. बीच में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के बयान भी आ जाते, जहां वो इस प्रोजेक्ट को लेकर अपने एम्बिशन पर बात कर रहे थे. रही फिल्म की बात है, तो ‘रामायण’ का पहला पार्ट फॉरेन मार्केट में 06 नवंबर को रिलीज़ होगा. वहीं भारत में ये 08 नवंबर को आएगा.
वीडियो: रणबीर कपूर ने 'रामायण' में किए दो किरदार, लेकिन इस एक्टर ने कर दिए सात












