The Lallantop

सबका एक दोस्त होता है, जो टाइप करते वक्त आपके फोन में घुस जाता है

दस दोस्त जो फोन के दुश्मन होते हैं, जो आपके और फोन की जिंदगी में जहर घोल देते हैं.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
अखिलेश यादव ने फोटो डाली. कहीं पूजा-पाठ होना है वो फोन पर हैं और डिंपल फोन लिए अग्नि के पास बैठी हैं. दोनों फोन में बिजी हैं. लग रहा है जैसे दोनों बड़े-बुजुर्गों के आगे सीधे न बतिया कर व्हाट्सएप पर चैट कर रहे हैं. इधर एक भाई सब अखिलेश का फोन झांक रहे हैं. हमको याद आ गए हमारे दोस्त जो फोन के काल होते हैं. 1. फोन में झांकने वाला जैसे इस फोटो में है, आप क्या टाइप कर रहे हैं, किससे बात कर रहे हैं क्या बात कर रहे हैं. इसको सब जानना होता है. घर जाकर ये आपकी फोटोज पर किस-किस के लाइक आते हैं ये भी गिनता है. कायदे से इसे रॉ का एजेंट होना चाहिए. लेकिन आपकी जिंदगी में ISI के एजेंट सी बर्बादी लाते हैं. 2. फोटोलसित दोस्त ये आपके फोन की फोटोज झांकने के रोग से ग्रस्त होता है. इसको आपके फोन की हर फोटो देखनी है. वो हर फोटो झांकेगा. अपनी फोटो ज़ूम कर-कर देखेगा.अमूमन ऐसे दोस्त आपके फोन में फोटो कम वो वाले वीडियो ज्यादा खोजने में लगे रहते हैं. 3. फाइल ट्रांसफर की दुकान ये गजब लोग होते हैं. इनको आपके फोन का हर बिट और बाईट डाटा चाहिए होता है. करीना की फोटो से एडेल का गाना तक. और तलवार वाले गेम से लेकर छैंया-छैंया वाली रिंगटोन तक. ये पहले ब्लूटूथ खुलवाएंगे. उससे शेयर इट लेंगे. शेयर इट से xender मंगाएंगे. xender से बाकी के सारे एप और फाइल मांगेंगे. 4. इयरफोन का भिखारी इसको इयरफोन की ही अठासी पड़ी रहती है. इसका इयरफोन हमेशा खोया रहता है. टूटा रहता है. और भूला रहता है. इसकी नजर सिर्फ आपके इयरफोन पर लगी होती है. ये आपका इयरफोन मसकना चाहता है. मस्क न पाया तो कान में खोंस कर अपने कूड़ेदान से डेढ़ किलो कान की गूजी लगा जाता है. 5. गरीब कैमरे वाला दोस्त आप इसके लिये कैमरामैन होते हैं. आपका फोन इसे किसी देव की पूजा से मिला प्रसाद लगता है. ये जहां जाएगा आपके फोन से फोटो खिंचाएगा कहे कि इसके फोन के कैमरे की क्वालिटी अच्छी नहीं होती. बाद में ये आपके फोन से ही फेसबुक खोल कर फेसबुक पर चढ़वाएगा. क्योंकि इसके फोन पर फेसबुक भी नहीं खुलता. 6. दम तोडती बैटरी वाला ये आपको नरक के द्वार पर भी मिले तो पावर बैंक ही मांगेगा. इसके फोन की बैटरी कभी नहीं चार्ज रहती. उतरी ही रहती है. ये वही दोस्त है जो ट्रेन संडास के पास खड़े हो सारे रास्ते फोन चार्ज करता रहता है. इसे देख लगता है इसका फोन इसका दिल है और चार्जर के सहारे ये लाइफ सपोर्ट पर जिंदा है. 7. हॉटस्पॉट मांगने वाला ये हमेशा वाई-फाई का हॉट स्पॉट मांगते रहते हैं. ये जब पैदा हुए थे तो डॉक्टर से भी यही कहा होगा, भाई वाई-फाई दे ना. ऐसा नहीं होता कि इनके पास डाटा की कमी होती है, पर इन्हें आपका खून चूसने में मजा आता है.आप मनाकर दो और दोस्ती खटाई में पड़ जाती है. एक बार ये आपको पकड़ लें तो महीने भर के नेटपैक का बजट बिगड़ जाता है. 8. मैसेज पढ़ने वाला ये फोन लेकर आपके सारे मैसेज पढ़ डालता है. बीमा और कार लोन वाले भी. खीझ तब होती है जब बुक माय शो का मैसेज पढ़ कहता है. भाई एमएसजी देखने गया था. ये दूसरी मां जैसा होता है. मां, जिसे स्कूल से आने के बाद आपने क्या किया, कितनी सांसे ली तक जानना जरुरी होता था. ये जानना क्या चाहता है? ये सारे मैसेज पढ़ जानना चाहता है कि आपने कभी किसी के साथ सेक्स तो नहीं कर लिया. 9. जिंदगी में जहर घोलने वाला आपका फोन पाएगा, फिर इसका मजाक शुरू होगा. ये ढेर से लड़के-लड़कियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज देगा. एक्स को गरिया देगा. किसी अंकल को फोन लगा धमका देगा. रिलेशनशिप स्टेट्स बदल देगा. आपकी गर्लफ्रेंड/बॉयफ्रेंड को ब्लॉक कर देगा. पिज्जा आर्डर कर देगा. आप रोओगे. गिड़गिड़ाओगे कदमें पर आ जाओगे. वो आपको फोन नहीं देगा. 10. सेटिंग बदल देने वाले आपको आयरन मैन पसंद है, ये डीसी कॉमिक्स वाले सुपरहीरो का वालपेपर लगा देगा. आपके फोन के सारे फॉन्ट इटालिक्स कर देगा. जाने क्या करेगा कि आपका एंड्राइड चालू होगा तो एप्पल जैसे शोर मचाएगा. आपके फोन में चीप थ्रिल्स की जगह अनूप जलोटा वाली रिंगटोन बजेगी. एक बार इसके हाथ में आने के बाद आपका फोन आपका नहीं रह जाता.

Advertisement
Advertisement