The Lallantop

UP: संघमित्रा बोलीं, BJP कहेगी तो भी पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ नहीं करूंगी प्रचार

बदायूं से BJP सांसद संघमित्रा मौर्य ने PM Modi को पिता समान बताया है.

Advertisement
post-main-image
भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य और उनके पिता स्वामी प्रसाद मौर्य (फोटो: आजतक)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार इस समय जोर-शोर से चल रहा है. बड़े-बड़े नेता अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं. इसी बीच बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य का एक बयान सामने आया है. बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य (Sanghamitra Maurya) ने अपने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) को लेकर बड़ा बयान दिया है. संघमित्रा का कहना है कि वे अपने पिता के खिलाफ प्रचार नहीं करेंगी. फिर भले ही उनकी पार्टी ऐसा करने के लिए क्यों ना कहे. संघमित्रा मौर्य के पिता स्वामी प्रसाद मौर्य हाल ही में योगी कैबिनेट छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं. संघमित्रा ने क्या कहा ? यूपी के बदायूं से बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य ने हाल ही में ये साफ किया है कि जिस जगह उनके पिता चुनाव प्रचार कर रहे होंगे, वे वहां प्रचार के लिए नहीं जाएगी. उन्होंने NDTV को बताया,
"मैं बीजेपी के साथ हूं और रहूंगी. मेरे पिता ने सपा में जाने से पहले कोई चर्चा नहीं की. मेरे ऊपर बीजेपी छोड़ने का कोई दबाव नहीं है. पारिवारिक जीवन और राजनीतिक जीवन बिल्कुल अलग-अलग हैं. मैं पूरे प्रदेश में बीजेपी का प्रचार करूंगी. पर पार्टी के कहने पर भी पिता के ख़िलाफ़ प्रचार नहीं करूंगी. मुझे बीजेपी वालों को वफ़ादारी का सर्टिफिकेट देने की ज़रूरत नहीं है."
PM मोदी पिता समान संघमित्रा कहती हैं कि वे राजनीति में होते हुए भी साफ और सीधी बातें कहती हैं. उनका रवैया दोहरा नहीं है. पीएम मोदी भी उनके लिए पिता समान हैं, लेकिन वे पार्टी हाई कमान के कहने पर भी अपने पिता के खिलफ प्रचार नहीं करेंगी. वे कहीं और प्रचार करने के लिए तैयार हैं लेकिन उस जगह नहीं जहां उनके पिता चुनाव लड़ रहे हैं. इतना ही नहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने पिछड़े समाज के विकास को लेकर जो बातें कही थीं, संघमित्रा उनका समर्थन करती हुई दिखीं. उनका कहना है कि वे पिता स्वामी प्रसाद की बात को पूरी तरह से खारिज नहीं करतीं, क्योंकि उसमें सच्चाई है. वे आगे कहती हैं कि आरक्षण को नजरंदाज किया गया है. पीएम जरूर इस मामले में कुछ करेंगे क्योंकि ये बात उनके कानों तक पहुंच चुकी है. स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर की पडरौना सीट से विधायक रहे हैं. वो हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं. उनके इस्तीफा देते ही कई और मंत्रियों और विधायकों ने बीजेपी का दामन छोड़ दिया. इससे पहले मौर्य बहुजन समाज पार्टी में थे. अखिलेश सरकार के दौरान वो प्रदेश विधानसभा के मुख्य विपक्षी नेता भी रहे. साल 2017 के यूपी विधानसभा के ठीक पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी का दामन थाम लिया था.

Advertisement
Advertisement