The Lallantop

TVK ने राज्यपाल को फर्जी लेटर दिया? विजय की पार्टी ने वीडियो शेयर कर सब बता दिया

Tamil Nadu Election: विदुतालाई चिरुताइगल कट्टी (VCK) पार्टी के दो विधायक हैं. VCK थलपति विजय की पार्टी ‘तमिल वेत्री कझगम’ (TVK) को समर्थन देगी या नहीं? इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. ऐसे में विजय के आज यानी 9 मई को शपथ लेने की संभावना कम है.

Advertisement
post-main-image
थलपति विजय (दाएं) की TVK ने एक वीडियो शेयर कर आरोपों का जवाब दिया है. (ITG)

तमिलनाडु में सियासी उठापठक का दौर जारी है. विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. थलपति विजय की पार्टी 'तमिल वेत्री कझगम' (TVK) को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिलीं. जोसेफ विजय बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटें पाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. इस बीच, 'अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम' (AMMK) ने TVK के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. AMMK ने विजय के नेतृत्व वाली TVK पर आरोप लगाया कि उसने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए AMMK का समर्थन दिखाने के लिए एक 'जाली समर्थन पत्र' का इस्तेमाल किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
AMMK ने शिकायत दर्ज कराई

AMMK ने तमिलनाडु में एक ही सीट जीती है. पार्टी महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने आरोप लगाया है कि TVK ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर के साथ उनके इकलौते विधायक एस कामराज के लेटर की एक ‘जाली कॉपी’ शेयर की थी. दिनाकरन ने इस मामले में पुलिस में एक शिकायत दी है.

Advertisement
TVK ने आरोपों का खंडन किया

इन आरोपों के बाद TVK ने विधायक कामराज का एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में कामराज को TVK के समर्थन में एक पत्र लिखते हुए दिखाया गया है. वीडियो शेयर करते हुए TVK ने लिखा, 

"उन्होंने (कामराज ने) कहा था कि वे AMMK के महासचिव दिनाकरन की मंजूरी से TVK को अपना समर्थन दे रहे हैं.  हालांकि, अब यह जानकारी फैलाई जा रही है कि उन्होंने पत्र नहीं लिखा, जो पूरी तरह से गलत और झूठ है." 

हालांकि, दी लल्लनटॉप इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

Advertisement

बाद में दिनाकरन ने इस बात से इनकार कर दिया कि विजय की पार्टी को आधिकारिक तौर पर ऐसा कोई समर्थन दिया गया था. TVK ने आरोप लगाया कि दिनाकरन सच्चाई को छिपा रहे हैं और लगातार गलत जानकारी फैला रहे हैं. पार्टी ने यह भी जोर देकर कहा कि सरकार बनाने की अपनी कोशिश में उसे किसी के साथ सौदेबाजी या बातचीत करने की कोई जरूरत नहीं है.

ये भी पढ़ें: 'TVK के सभी 107 विधायक इस्तीफा देंगे... ', थलपति विजय की पार्टी ने बड़ी धमकी दे दी

AMMK ने AIADMK को दिया समर्थन

‘अम्मा मक्कल मुन्नेत्र कझगम’ (AMMK) के महासचिव दिनाकरन ने कामराज के साथ राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात की और औपचारिक रूप से AIADMK नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी के सरकार बनाने के दावे का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि AMMK, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) और ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (AIADMK) के साथ ही जुड़ी रहेगी. दिनाकरन ने पलानीस्वामी को गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया.

VCK ने विजय की चिंता बढ़ाई

कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI-M) के समर्थन के बाद विजय के पास 116 सीट हो गई हैं. विदुतालाई चिरुताइगल कट्टी (VCK) पार्टी के दो विधायक हैं. लेकिन वह समर्थन देंगे या नहीं? इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. ऐसे में थलपति विजय के आज यानी 9 मई को शपथ लेने की संभावना कम ही है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट की मुताबिक, VCK ने 8 मई की देर रात जारी एक बयान में कहा कि मीडिया में पार्टी को लेकर दो गलत नैरेटिव फैल रहे हैं, जिससे तमिलनाडु के लोगों में भ्रम पैदा हो रहा है. पार्टी का मानना है कि इन रिपोर्टों से पार्टी की अच्छी छवि को नुकसान हो रहा है. VCK ने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन शनिवार, 9 मई को स्थिति साफ करेंगे कि पार्टी विजय की 'तमिलगा वेत्री कझगम' (TVK) को समर्थन देगी या नहीं.

सूत्रों के मुताबिक, VCK ने विजय को समर्थन देने के लिए एक शर्त रखी है. VCK ने कहा है कि वो समर्थन तब देंगे जब विजय उन्हें उप मुख्यमंत्री का पद दें. इसी शर्त को लेकर दोनों पक्षों के बीच रस्साकशी चल रही है.

तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से ‘द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (DMK) ने 59 सीटें जीतीं, ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम’ (AIADMK) ने 47, कांग्रेस ने पांच, CPI ने दो, CPI(M) ने दो और BJP ने एक सीट जीती है. TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से अभी भी पीछे है. 

वीडियो: राजधानी: विजय को बहुमत के लिए कैसे मिला विधायकों का समर्थन?

Advertisement