The Lallantop

शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री, बांग्ला में ली शपथ

Suvendu Adhikari पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बन गए हैं. कांग्रेस की पाठशाला से सियासत का ककहरा सीखने वाले शुभेंदु की राजनीति Mamata Banerjee के नेतृत्व में परवान चढ़ी और अब BJP में उनको राज्य की सबसे बड़ी कुर्सी हासिल हुई है.

Advertisement
post-main-image
शुभेंदु अधिकारी (सबसे दाएं) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. (फोटो: इंडिया टुडे)

Suvendu Adhikari Oath Ceremony: शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. शनिवार, 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें शपथ दिलाई. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के कई मुख्यमंत्री और बड़े नेता शामिल हुए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के बाद उनके मंत्रिमंडल के पांच सदस्यों ने भी शपथ ली. इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं. शपथ ग्रहण के एक नजारे ने सभी लोगों का ध्यान खींचा. जब बंगाल के नए सीएम शुभेंदु अधिकारी सभी नेताओं से मिल रहे थे, तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गमछा निकालकर शुभेंदु अधिकारी को पहनाया.

Advertisement

शुक्रवार, 8 मई को बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया था. गृह मंत्री और पार्टी पर्यवेक्षक अमित शाह ने इसका ऐलान किया था. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की 15 सालों की सत्ता को खत्म कर दिया. पार्टी ने राज्य में 207 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है.

शुभेंदु अधिकारी ने इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ा था. नंदीग्राम और भवानीपुर. दोनों सीटों से उन्होंने जीत हासिल की. भवानीपुर सीट से उन्होंने ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराया. पिछले विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने नंदीग्राम से भी ममता बनर्जी को हराया था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए. ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 900 एकड़ से ज्यादा फैले इस ग्राउंड को क्राउड मैनेजमेंट और सिक्योरिटी के लिहाज से 30 सेक्टर में बांटा गया. एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में करीब 4,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. 

Advertisement

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे VVIPs

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री कोलकाता पहुंचे. केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, राम मोहन नायडू, जयंत चौधरी और सुरेश गोपी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे. 

VVIPs में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा शामिल हुए.

इसके अलावा, राजस्थान की डिप्टी चीफ मिनिस्टर दीया कुमारी, महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे और महाराष्ट्र की डिप्टी CM सुनेत्रा पवार और मणिपुर के डिप्टी CM नेमचा किपगेन और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ग्रैंड शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं.

छात्र राजनीति से शुरुआत

पूर्व केंद्रीय मंत्री सिसिर अधिकारी के बेटे शुभेंदु अधिकारी ने अपने करियर की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन 'छात्र परिषद' से की थी. उस समय पश्चिम बंगाल में वामपंथ का दबदबा था. बाद में वे तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए, जहां वे ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद लोगों में से एक थे. अब बीजेपी में उनको राज्य की सबसे बड़ी कुर्सी हासिल हुई है.

ये भी पढ़ें: TMC को सत्ता में लाकर वहां से उखाड़ने वाले शुभेंदु अधिकारी की पूरी कहानी

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में पहला विधानसभा चुनाव साल 1982 में लड़ा था. पार्टी को खाता खोलने में 34 साल लग गए और 2016 में उसने 3 सीटें जीतें. तब पार्टी का वोट शेयर 10.3% था. 2021 में बीजेपी ने 38.4% वोट शेयर के साथ 77 सीटें हासिल कीं. इस बार पार्टी ने 45.84% वोट शेयर के साथ 207 सीटें हासिल कीं है. इस जीत का सेहरा शुभेंदु अधिकारी के सिर पर सजा है. कुल 294 विधानसभा सीटों में से 293 के नतीजे आ गए हैं. बाकी बची एक सीट फलता पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा, जिसका नतीजा 24 मई को आएगा.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पहला एक्शन क्या होगा?

Advertisement