The Lallantop

'पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनीं तो पहना देंगे', PM मोदी ने ऐसा क्यों कहा?

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष के नेताओं को 'कायर' बताते हुए कहा कि वे पाकिस्तान की परमाणु ताकत से डरे हुए हैं.

Advertisement
post-main-image
पीएम मोदी ने बिहार के मुजफ्फरपुर और हाजीपुर में रैली को संबोधित किया. (फोटो- BJP/X)

लोकसभा चुनाव में एक बार फिर पाकिस्तान की एंट्री हो गई है. 13 मई को पीएम नरेंद्र मोदी बिहार के मुजफ्फरपुर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे. इसी रैली में उन्होंने विपक्ष के नेताओं को 'कायर' बताते हुए कहा कि वे पाकिस्तान की परमाणु ताकत से डरे हुए हैं. पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं तो वे पहना देंगे.

Advertisement

प्रधानमंत्री का इशारा नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला की तरफ था. हाल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भारत में शामिल हो जाएगा, वहां के लोग ऐसा चाहते हैं. इसी बयान पर फारूक अब्दुल्ला ने जवाब दिया था कि अगर रक्षा मंत्री ऐसा कह रहे हैं तो उन्हें करना चाहिए, किसने रोका है? आगे अब्दुल्ला ने ये भी कह दिया था कि उन्होंने (पाकिस्तान) चूड़ियां नहीं पहनी हैं, उसके पास परमाणु बम है और दुर्भाग्य से वो परमाणु बम हमारे ऊपर गिरेगा.

इसी पर अब प्रधानमंत्री ने जवाब दिया है. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, 

Advertisement

"ये INDIA गठबंधन के नेताओं के कैसे बयान आ रहे हैं. ये लोग इतने डरे हुए हैं कि इनको रात में सपने में भी पाकिस्तान का परमाणु बम दिखाई देता है. कहते हैं कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं. अरे भाई, हम पहना देंगे. उनको आटा भी चाहिए, बिजली भी नहीं है. अब हमको मालूम नहीं था कि उनके पास चूड़ियां भी नहीं हैं."

पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये देश का चुनाव है, हिंदुस्तान का भविष्य तय करने का चुनाव है. उन्होंने दावा किया कि देश, कांग्रेस वाली "कमजोर", "डरपोक" और "अस्थिर सरकार" बिल्कुल नहीं चाहता. प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए आगे कहा, 

"कोई मुंबई हमले में पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहा है. कोई सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा रहा है. ये वामपंथ वाले भारत के परमाणु हथियारों को ही खत्म करना चाहते हैं. ऐसा लगता है कि INDIA गठबंधन वालों ने भारत के खिलाफ ही किसी से सुपारी ले ली है. ऐसे स्वार्थी लोग देश की रक्षा के लिए कडे़ फैसले ले सकते हैं क्या?"

Advertisement

ये भी पढ़ें- 'तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो मैं नेहरू के बराबर... ' PM मोदी ने कांग्रेस का नाम ले सब बता दिया

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर और बिहार के लोगों ने दशकों तक नक्सलवाद का जख्म सहा है. आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने नक्सलवाद को पाला पोसा और उसको आपके (आम लोगों) खिलाफ इस्तेमाल भी किया. उन्होंने दावा किया कि ये एनडीए की सरकार है, जो बिहार में कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाई है, अब नक्सलवाद प्रभावित जिले भी तेजी से कम हो रहे हैं.

इससे पहले प्रधानमंत्री ने बिहार के हाजीपुर में भी एक चुनावी रैली को संबोधित किया था. यहां भी उन्होंने विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, 

"इन लोगों ने आपको लूटकर नौकरी के बदले जमीन लिखवाकर दिल्ली और देश में जायदाद बनाई है. मैं आपको गारंटी देता हूं जिसने गरीबों से जमीन छीनी है, वह बचकर नहीं जा पाएगा."

बिहार में 20 मई को पांचवें चरण चरण में 5 सीटों पर वोटिंग होनी है. इनमें मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सारण, मधुबनी और सीतामढ़ी लोकसभा सीटें हैं.

वीडियो: जमघट: PM मोदी, ओवैसी, BJP से टिकट और चुनाव आयोग पर माधवी लता ने क्या बता दिया?

Advertisement