The Lallantop

कर्नाटक चुनाव: BJP की दूसरी लिस्ट में 6 विधायकों के टिकट कटे, पूर्व CM ने क्या कह टेंशन दे दी?

कर्नाटक BJP में भगदड़ मची हुई है.

Advertisement
post-main-image
पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार (बाएं), बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (दाएं)- PTI

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Elections 2023) के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 23 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है. इस लिस्ट के आने से पहले पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार के नाम की चर्चा हो रही थी. लेकिन उनका नाम इस लिस्ट में नहीं है. पार्टी ने अब तक 17 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं. दूसरी लिस्ट में 6 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
विधायकों के टिकट कटे

BJP ने जिन विधायकों के टिकट काटे हैं, उनमें दावणगेरे उत्तर से विधायक रवींद्रनाथ का नाम भी शामिल है. उनकी जगह लोकीकेरे नागराज को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है. कोलार गोल्ड फील्ड (KGF) से BJP के उम्मीदवार के रूप में अश्विनी संपांगी को टिकट दिया गया है.

वहीं, बिंदूर के मौजूदा विधायक सुकुमार शेट्टी का नाम भी दूसरी लिस्ट में नहीं है. उनकी जगह गुरुराज गुंटूर को टिकट दिया गया है. हावेरी से नेहरू ओलेकर की जगह गवीसिदप्पा को टिकट दिया गया है. चामुंडेश्वरी से जेडीएस विधायक जीटी देवगौड़ा के दामाद रामचंद्र गौड़ा को BJP ने शिडलघट्टा से अपना उम्मीदवार बनाया है.

Advertisement

शेट्टार पहुंचे दिल्ली

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक पहली लिस्ट जारी होने के बाद पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार ने कहा था कि वो बातचीत के लिए दिल्ली जाएंगे. जिसके बाद शेट्टार दिल्ली पहुंचे. BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए शेट्टार ने कहा,

“मैंने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और कहा है कि मैं चुनाव लड़ूंगा. मैंने पिछले छह चुनाव जीते हैं.”

Advertisement

शेट्टार ने आगे बताया कि वो अन्य नेताओं के साथ इस पर चर्चा करेंगे और तब किसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगे. हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से मौजूदा विधायक शेट्टार ने बताया था कि BJP के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा था. हालांकि, उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं से अपने फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है.

10 मई को वोटिंग, 13 को रिजल्ट

कर्नाटक चुनाव के लिए वोटिंग 10 मई को होनी है. 13 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 20 अप्रैल तक नामांकन किया जा सकेगा. 13 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे. इस बार के कर्नाटक चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) भी एक कंटेस्टेंट है. AAP ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. AAP की तरफ से उम्मीदवारों की तीन लिस्ट जारी की जा चुकी हैं. वहीं कांग्रेस ने अभी तक 166 उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की हैं.

वीडियो: अमित शाह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और विदेश दौरे पर ये चोट कर दी

Advertisement