अमरोहा से बीजेपी सांसद कंवर सिंह तंवर. बुर्के वाली तस्वीर (दाएं) सांकेतिक है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर दूसरे चरण के तहत मतदान हो रहा है. इन्हीं में से एक सीट है अमरोहा. सांसद हैं कंवर सिंह तंवर. बीजेपी के टिकट पर एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं. वोटिंग को दो घंटे बीत चुके थे. उसी समय कंवर सिंह ने आरोप लगाया कि बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग हो रही है. उन्होंने न्यूज़ चैनल आज तक से कहा,
मैंने शिकायत की है. कहीं-कहीं हमारे अमरोहा के गांवों में फर्जी वोट डाले जा रहे हैं. फर्जी वोट भी ऐसे डाले जा रहे हैं कि बुर्का पहन लेते हैं. पुरुष बुर्का पहन के वोट डाल रहे हैं. अभी हमने एक को पकड़ा है. फोर्स की भी कमी है, कोई चेक नहीं कर रहा है. पकड़ लिया है एक को. वह थाने के अंदर है. ऐसे लोग पकड़े जा रहे हैं. क्यों कर रहे हैं ऐसे. एक को पकड़ कर बंद कर दिया है.
जब उनसे ये पूछा गया कि आप जो आरोप लगा रहे हैं बुर्का पहने व्यक्ति ने वोट डाला उसकी कोई फोटो है, उसका नाम क्या है, इस पर सांसद ने कहा कि- थाने में बैठा है. नौगांवा थाने में. डीएम गए हुए हैं. बुर्का पहने व्यक्ति को जूते से पहचान लिया. इसके बाद शिकायत की.
यहां क्लिक करके आप देख सकते हैं, जिसमें वह जूते वाली बात बताते हुए कह रहे हैं कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
आज तक की टीम ने सांसद के आरोपों की जांच की. अमरोहा लोकसभा क्षेत्र के इलाके नौगांवा सादात. इसी विधानसभा में तंवर ने बुर्के में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था. आज तक की टीम तंवर के साथ उस बूथ पर गई. टीम के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी थे. कुछ देर बाद जिले के एसपी और डीएम भी मौके पर पहुंचे.
दो घंटे में पलट गए
बीजेपी उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर अपने बयान से पलट गए. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं ने फर्जी वोटिंग की सूचना दी थी, वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं. जब टीम ने कार्यकर्ताओं से बात की तो उनका दावा यह था कि महिलाएं बुर्के में फर्जी वोटिंग कर सकती हैं, लेकिन किसी मर्द ने बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग नहीं की. इसके बाद टीम ने उन महिलाओं से बात की जो बुर्के में वोट डालकर आ रही थीं. उन्होंने बताया कि बुर्के वाली महिलाओं के चेहरे वोटर आईडी से मिलाए जा रहे हैं.
डीएम ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया
डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट उमेश कुमार और उनकी पूरी टीम भी इस इलाके में पहुंची, जिसका जिक्र सांसद ने किया था. उनसे पूछने पर कि क्या इस तरह का मामला उनकी जानकारी में है, जिसमें किसी मर्द ने बुर्का पहनकर वोटिंग की हो. उन्होंने इसे खारिज कर दिया.
बीजेपी नेता ने पहले चरण में भी लगाया था आरोप
पहले चरण की वोटिंग के समय भी मुजफ्फरनगर से बीजेपी सांसद संजीव बालियान ने बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था. चुनाव आयोग ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया था. बावजूद इसके दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान अमरोहा के सांसद ने इस तरह का आरोप लगाया और बाद में खुद ही अपने बयान से पलट गए.
Video: पीलीभीत में योगी आदित्यनाथ के फैन ने बहुत ही मारक बात की है