BJP के इस वॉर रूम में नए लड़के काम पर लगे हैं
हर ऑपरेटर यहां से रोज 250 फोन करता है.
Advertisement

बीजेपी वॉर रूम
यूपी चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है. इसी के मद्देनजर यूपी बीजेपी के लखनऊ में स्थित इलेक्शन वॉर रूम पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. ये वॉर रूम लखनऊ में पार्टी दफ्तर के आईटी फ्लोर पर स्थित है. इस वॉर रूम में 20 सीटों वाले एक कॉल सेंटर में युवाओं की फौज दिन रात इलेक्शन की तैयारी से जुड़े कामों में लगी हुई है. वे फोन करके 20 हजार भारतीय जनता पार्टी के लोकल समितियों के सदस्यों से बात करते हैं. इसमें हर ऑपरेटर रोज 250 फोन करता है. ये लोग बूथ कमिटी के प्रमुखों से बात करते हैं और उसके बाद फीडबैक पर रिपोर्ट तैयार करते हैं. उसके अगले रूम से पार्टी की सोशल मीडिया को चलाया जा रहा है. पांच नौजवान लड़के पार्टी के यूपी वाले ट्विटर हैंडल को देखते हैं. ये पार्टी के सीनियर नेताओं की बातों, घोषणाओं, रैलियों की सुचना, फोटो और वीडियो को ट्विटर पर पोस्ट करते हैं. अमन राजपूत 22 साल के हैं और आर्ट्स ग्रेजुएट हैं. 2014 के लोकसभा चुनाव से ही बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं. और यूपी बीजेपी का ट्विटर अकाउंट को चलाने वाली टीम का हिस्सा हैं. अमन का कहना है कि "बीजेपी के अलावा सिर्फ अखिलेश की पार्टी ही सोशल मीडिया पर यूपी इलेक्शन की रेस में है." अमन का इशारा अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पर सक्रियता पर था. जिसका इस्तेमाल वो वोटर्स को आकर्षित करने और अपने पीआर के लिए करते हैं. इसी का नतीजा है कि यादव परिवार में चल रहे राजनीतिक उठा-पटक में अखिलेश को सोशल मीडिया पर लोगों का ज्यादा सपोर्ट मिल रहा है. इसी टीम में 28 साल के दानिश भी हैं. दानिश ने एमबीए की पढ़ाई मिडिल-ईस्ट से की है. चार महीने पहले ही भारत वापस आए हैं. दानिश का काम है टीवी चैनल को मॉनिटर करना है. उनके ऑफिस रूम में आठ टीवी दिवार पर लगे हुए हैं. दानिश ने बताया कि "मैं अपने कॉलेज के दिनों में स्टूडेंट पॉलिटिक्स में बहुत सक्रिय था. और हमेशा से बीजेपी का समर्थक रहा. मेरा काम न्यूज चैनल के द्वारा बीजेपी का किए जा रहे न्यूज कवरेज पर रिपोर्ट बनाना है." बीजेपी यूपी के आईटी हेड संजय राय ने बताया कि पार्टी की स्टेट यूनिट 8 हजार वॉट्सऐप ग्रुप को ऑपरेट करती है. और इनकी पहुंच 12 लाख लोगों तक है. उन्होंने बताया कि ‘राज्य में वॉट्सऐप सबसे पॉपुलर नेटवर्किंग ऐप है. यूपी में करीब 4.5 करोड़ लोग इससे जुड़े हुए हैं. हम एक बटन दबाकर 12 लाख लोगों तक पहुंच सकते हैं. इस मैसेज को लोग दूसरे ग्रुप में आगे सर्कुलेट करते हैं." यूपी में साथ चरणों में विधानसभा के चुनाव होने हैं. जो 11 फरवरी से शुरू होगा और 11 मार्च को नतीजे आ जाएंगे.
Advertisement











