बिहार (Bihar) के समस्तीपुर में वोटिंग के बाद बच्चों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) ढुलवाने की खबर है. EVM ढोते बच्चों की तस्वीरें भी सामने आई हैं. तस्वीर में छोटे-छोटे बच्चे कंधे पर EVM ढोते नजर आ रहे हैं. इंडिया टुडे से जुड़े जहांगीर आलम की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला प्रशासन ने इस मामले का संज्ञान लेकर जांच करने की बात कही है.
बिहार के समस्तीपुर में वोटिंग के बाद बच्चों से रखवाई गई EVM, तस्वीरें वायरल
मतदान पूरा होने के बाद वोटिंग मशीनों को समस्तीपुर कॉलेज में जमा कराना था. इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे कंधे पर EVM ढोते नजर आए.

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में सोमवार, 13 मई को बिहार की पांच सीटों दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में वोटिंग हुई. वोटिंग के बाद समस्तीपुर की वोटिंग मशीनों को जितवारपुर स्थित समस्तीपुर कॉलेज में जमा कराना था. मतदान कर्मी EVM लेकर समस्तीपुर कॉलेज पहुंचे. काफी भीड़ के बीच देखा गया कि कुछ नाबालिग बच्चे EVM ढोते कॉलेज की तरफ जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- सुशील कुमार मोदी का निधन, कैंसर से जूझ रहे थे बिहार के पूर्व डिप्टी CM
समस्तीपुर जिला जनसंपर्क अधिकारी अश्वनी कुमार चौबे ने कहा है कि इस मामले की जांच कराई जा रही है. बता दें कि चुनाव आयोग का सख्त निर्देश है कि चुनाव से जुड़े किसी भी काम में बच्चों को शामिल ना किया जाए. इस संदर्भ में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 5 फरवरी, 2024 को एक प्रेस नोट भी जारी किया था.
इसमें सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और चुनाव मशीनरी को निर्देश दिया गया है कि बच्चों को किसी भी तरह के चुनावी काम या गतिविधियों में शामिल ना किया जाए. राजनीतिक दलों से कहा गया है कि उनके चुनाव प्रचार में बच्चे पर्चे बांटते, पोस्टर चिपकाते, नारे लगाते या पार्टी के झंडे लेकर चलते नहीं दिखने चाहिए.
ECI ने अपनी एडवाइजरी ने चाइल्ड लेबर से जुड़े सभी कानूनों के पालन की बात कही है. इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी की व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदारी तय की गई है. ECI की एडवाइजरी में चुनाव मशीनरी द्वारा इन प्रावधानों के किसी भी उल्लंघन में गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही गई है. इन दिशा-निर्देशों के बावजूद बिहार के समस्तीपुर में बच्चों से वोटिंग मशीनें उठवाने की खबर है. अब देखना ये है कि इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: सीटों और बड़े चेहरों के लिहाज से कैसा रहा चौथे चरण का मतदान?












