कानपुर में वोटिंग के वक्त एक पोलिंग बूथ पर सीओ जनार्दन दुबे और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. फोटो, वीडियो स्क्रीनशॉट.
लोकसभा चुनाव के चौथे राउंड की वोटिंग खत्म हो चुकी है. 29 अप्रैल के दिन कानपुर लोकसभा सीट पर वोट डाले जा चुके हैं. मगर कानपुर में वोटिंग के दौरान एक भाजपा नेता सुरेश अवस्थी का एक सीओ को धमकाने का वीडियो वायरल हो गया है. इसमें भाजपा का प्रदेश मंत्री गुंडों जैसी भाषा का इस्तेमाल करता नजर आता है. वो सीओ को देख लेने की धमकी देता नजर आ रहा है. मामला तूल पकड़ने के बाद भाजपा नेता सुरेश अवस्थी और उसके कुछ समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
मामला क्या हुआ?
कानपुर में वोटिंग के वक्त एक पोलिंग बूथ पर सीओ जनार्दन दुबे और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. ये विवाद कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र के परमट स्थित एक सरकारी स्कूल में वोटिंग के दौरान हुआ. यहां भाजपा का एक पोलिंग एजेंट बूथ के अंदर बैठकर वोटर लिस्ट में टिक लगा रहा था. इस पर कानपुर कोतवाली के सीओ जनार्दन दुबे ने आपत्ति जताई. इसी बात पर हंगामा खड़ा हो गया. मौके पर पहुंचे भाजपा नेता सुरेश अवस्थी सीओ जनार्दन दुबे से भिड़ गए. सुरेश अवस्थी ने सीओ से काफी अभद्रता की और उन्हें अपशब्द कहे. भाजपा नेता ने सीओ को खुलेआम धमकी देते हुए कहा, 'तू मेरी हिट लिस्ट में है. कल के बाद तूझे देख लूंगा.' इस झड़प के दौरान कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय भी मौजूद थीं. प्रमिला पांडेय इस दौरान बीचबचाव करती नजर आती हैं. सुरेश अवस्थी 2017 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ चुका है. सीओ जनार्दन दुबे ने इस बारे में बताया कि सिविल लाइंस के एक पोलिंग बूथ पर एक दरोगा की ड्यूटी लगी हुई थी. वहीं, सामने सुरेश अवस्थी का घर है. वे कुछ लोगों को पोलिंग बूथ के अंदर भेज रहे थे. इन लोगों से वोटर लिस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया. घटना की सूचना पर वे भी वहां पहुंच गए. सुरेश अवस्थी तीन-चार लोगों के साथ वहां पहुंचे और भिड़ गए. उन्हें देख लेने की धमकी देने लगे. कानपुर पश्चिम के एसपी संजीव सुमन के मुताबिक सीओ की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
क्या है वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भाजपा नेता सीओ को धमकाता नजर आता है. भाजपा नेता कहता है,
'ये न्यूसेंस करता है, ये न्यूसेंस करता है. इसे कल के बाद देखूंगा.'
इस बीच एक आदमी सीओ से पूछता है,
'इन लोगों को पहले ट्रेंड नहीं किया गया था क्या?'
इस पर सीओ भीड़ को समझाने की कोशिश करते हैं. तभी सुरेश अवस्थी सीओ से फिर बोल पड़ता है,
'ज्ञान बांटता है तू.' इसके बाद एक दूसरे पुलिस अधिकारी की ओर मुखातिब होकर सुरेश अवस्थी कहता है,
'आप इसके चक्कर में न पड़ो.'
तभी कुछ लोग फिर सुरेश अवस्थी को समझाते हैं. सीओ भी कुछ कहता है. इस पर सुरेश अवस्थी बोलता है,
'तू मेरी तरफ आंख ही न देख. तू मेरी आंखी की तरफ मत देख. तू मेरी हिट लिस्ट में है.'
इस पर सीओ कहते हैं,
'तू-तू करके बात मत करो. हिट लिस्ट है तो जो करना हो कर लेना. ये गलत बात है.'
इस पर सुरेश अवस्थी फिर बोलता है,
कल के बाद तुमको मैं बताऊंगा.
इसके बाद प्रमिला पांडेय बीचबचाव करती नजर आती हैं. वो सीओ से बात पूछती हैं, क्या बात है? इस पर सुरेश अवस्थी फिर चीखता हुआ बोलता है,
'अरे कुछ नहीं बहनजी ये दुष्ट है. दुष्टता करता है ये.' फिर प्रमिला पांडेय को एक शख्स जानकारी देता है. बताता है कि कोई दरोगा जी हैं. उन्होंने पोलिंग एजेंट से कहा कि कमरे में नहीं बैठोगे. और वोटर लिस्ट छीन ली.
वीडियोः 'मेनचेस्टर ऑफ़ ईस्ट' कहलाने वाले कानपुर की लाल इमली मिल क्यों बंद हो गई?