अमेरिका और ईरान के बीच करीब 4 महीने से चल रहा युद्ध पूरी तरह से खत्म होने की कगार पर है. दोनों देशों के बीच शांति समझौता लगभग फाइनल हो चुका है. इससे दुनिया भर के शेयर बाजारों में उछाल देखने को मिल रहा है. भारतीय बाजार भी यह खबर सुनकर गुलजार है. सोमवार, 15 जून को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन में शेयर मार्केट में तूफानी तेजी देखने को मिली.
US-ईरान डील की खबर सुन खिल उठा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी सब हुए ग्रीन
Sensex Nifty 50 today: अमेरिका-ईरान शांति समझौते की खबरों से भारतीय शेयर बाजार में तूफानी तेजी दर्ज की गई. युद्ध टलने की खुशी में भारत ही नहीं अमेरिकी शेयर बाजारों में अच्छी खासी तेजी देखने को मिली.


मार्केट की हालिया स्थिति (सुबह 09:30 बजे तक)
सेंसेक्स (Sensex): 1,034.23 अंक (1.37%) उछलकर 76,562.18 पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी 50 (Nifty 50): 315.15 अंक (1.33%) बढ़कर 23,938.05 के स्तर पर आ गया है. क्रूड ऑयल के भाव 80 डॉलर प्रति बैरल आने की वजह से तेज और गैस सेक्टर के स्टॉक में भी भारी मांग देखी जा रही है. ग्लोबल ऑयल प्राइस का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग 4.5 प्रतिशत गिरकर 83.40 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया.
इन 10 शेयरों ने काटा गदर
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, शेयर मार्केट में इस जोरदार तेजी के बीच बॉम्बे स्टॉक एक् लार्जकैप में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयरों ने ग्रीन जोन में कारोबार की शुरुआत की. सबसे ज्यादा उछाल IndiGo Share (4.05%), LT Share (3.60%), Bajaj Finance Share (3.56%), Eternal Share (3.40%), Adani Ports Share (3.80%) में देखने को मिला.
इसके अलावा मिडकैप कंपनियों में Ashok Leyland Share (5%), Muthoot Finance Share (4.60%), Hindustan Petroleum Share (4.40%), Godrej Properties Share (4%), GMR Airport Share (3.30%) की तेजी लेकर ट्रेड कर रहे थे.
भारतीय शेयर बाजार अचानक इतना ज्यादा कैसे उछला?
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता हो गया है. इसके साथ ही ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को फिर से खोलने का प्रोसेस शुरू होगा और जहाजों से कोई टोल नहीं लिया जाएगा. बाद में ईरान ने भी इस समझौते की पुष्टि की.
दरअसल, 28 दिसंबर को अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर हमला शुरू किया था. उसके बाद से दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ काफी हद तक बंद पड़ा था. इसी रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से तक तेल पहुंचता है.
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव खत्म होने से ग्लोबल तेल सप्लाई बंद होने का खतरा टल गया है. भारत अपनी जरूरत का करीब 85% कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए तेल की कीमतें घटने से भारतीय अर्थव्यवस्था को सीधा फायदा होगा. वहीं, अमेरिकी और एशियाई बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया, जिसका सीधा सकारात्मक असर भारतीय मार्केट पर पड़ा.
दुनियाभर के शेयर बाजारों में तेजी का असर
युद्ध टलने की खुशी में अमेरिकी शेयर बाजारों में अच्छी खासी तेजी देखने को मिली. वहीं आज एशियाई बाजार तेजी से कारोबार कर रहे थे. चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी तेजी के साथ कारोबार करता दिखाई दिया.
जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 69,547.07 अंक पर कारोबार कर रहा है, जिसमें 5.34% की भारी तेजी दर्ज की गई है. दक्षिण कोरिया का कोस्पी 8,591.48 अंक पर पहुंच गया है, जिसने 5.76% की बढ़त हासिल की है. चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट इंडेक्स 0.90% की तेजी के साथ 4,067.60 अंक पर बना हुआ है. हांगकांग का हैंग सेंग 0.45% की बढ़त लेकर 24,828.92 अंक पर कारोबार कर रहा है.
वीडियो: अमेरिका-ईरान के बीच जल्द हो सकता है शांति समझौता? पाकिस्तान के दावे से बढ़ी हलचल














