The Lallantop

क्या सरकार उज्ज्वला लाभार्थियों को 9 की जगह सिर्फ 4 सिलेंडर पर सब्सिडी देगी?

Ujjwala Yojana Subsidy: भारत में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG Price Hike) महंगा हो गया है. पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मिनिस्ट्री ने बताया कि दिल्ली में अब 14.2 KG सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है. इसके अलावा, मंत्रालय ने उज्ज्वला योजना की सब्सिडी पर भी बड़ा ऐलान किया.

Advertisement
post-main-image
उज्ज्वला स्कीम के तहत लाभार्थियों को सिलेंडर खरीदने पर सब्सिडी मिलती है. (facebook.com/PetroleumMinIndia)

भारत में आम लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है. देश में 14.2 किलोग्राम वाले LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये का इजाफा किया गया है. दिल्ली में अब यह सिलेंडर 942 रुपये में मिलेगा. 7 जून को केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने घरेलू गैस की नई कीमतों को लेकर एक प्रेस रिलीज जारी की. इसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के सब्सिडी वाले सिलेंडर पर जो जानकारी आई, उससे कंफ्यूजन की स्थिति पैदा हो गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जैसे ही रसोई गैस के दाम बढ़ने की खबर आई, पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने 7 जून को सुबह 5 बजकर 59 बजे प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की साइट पर एक प्रेस रिलीज जारी की. इसमें बताया गया कि इंटरनेशनल मार्केट में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमत में भारी बढ़ोतरी के बावजूद LPG गैस सिलेंडर पर केवल 29 रुपये बढ़ाए गए हैं.

इसी प्रेस रिलीज में कहा गया कि उज्ज्वला लाभार्थियों को पहले की तरह प्रति सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी. उनके लिए दिल्ली में सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 642 रुपये बताई गई. लेकिन थोड़ी ही देर बाद मंत्रालय ने यह प्रेेस रिलीज डिलीट कर दी.

Advertisement
LPG Price Hike
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की डिलीट प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)

इसके बाद एक नई प्रेस रिलीज 7 जून को सुबह 8 बजकर 2 मिनट पर जारी की गई.

lpg price hike
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)

नई प्रेस रिलीज में केंद्रीय पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने लिखा,

"प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थी को हरेक वर्ष पहले चार रिफिल पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर का प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) मिलेगा- जो कि एक सामान्य उज्ज्वला परिवार की औसत वार्षिक खपत (लगभग चार रिफिल प्रति वर्ष) के बराबर है - और इस तरह वे उन रिफिल के लिए प्रभावी रूप से 642 रुपये का भुगतान करते हैं; यह सहायता अपरिवर्तित है."

Advertisement
lpg price hike
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)

मतलब, मंत्रालय ने कहा कि उज्ज्वला स्कीम के तहत लाभार्थी को सालाना शुरुआती 4 सिलेंडर भरवाने पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से सब्सिडी मिलेगी. सब्सिडी की रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभार्थी के खाते में जाएगी. इसमें यह भी कहा गया कि इस तरह उज्ज्वला लाभार्थी को हर साल 1,200 रुपये का फायदा मिलेगा. 4 सिलेंडर तक सब्सिडी देने के पीछे सरकार का तर्क है कि उज्ज्वला लाभार्थी साल में औसतन 4 सिलेंडर भरवाते हैं.

उज्ज्वला स्कीम के तहत लाभार्थी को हर साल 9 सिलेंडर भरवाने पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से सब्सिडी मिल रही थी. 9 सिलेंडर के बाद उज्ज्वला लाभार्थी साल में बाकी बचे 3 सिलेंडर आम लोगों की तरह मार्केट प्राइस पर भरवा सकते थे. लेकिन 7 जून को आई सरकार की प्रेस रिलीज से उज्ज्वला सब्सिडी को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई.

lpg price hike
केंद्रीय मंत्रिमंडल की 8 अगस्त 2025 की प्रेस रिलीज. (PIB)
उज्ज्वला हेल्पलाइन ने क्या बताया?

दी लल्लनटॉप ने 9 की बजाय सिर्फ 4 सिलेंडर तक सब्सिडी मिलने की बात की क्लैरिफिकेशन के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय की वेबसाइट पर दिए प्रेस इन्फॉर्मेंशन ब्यूरो (PIB) के नंबर पर कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद लल्लनटॉप ने उज्ज्वला हेल्पलाइन (18002666696) से बात करने की कोशिश की. उज्ज्वला हेल्पलाइन (PMUY Helpline) की तरफ से बोल रहे अजय ने बताया कि उनके पास 9 रिफिल सिलेंडर पर सब्सिडी की जानकारी है.

उज्ज्वला हेल्पलाइन से बात कर रहे अजय को पेट्रोलियम मंत्रालय की 7 जून की प्रेस रिलीज के बारे में भी बताया गया. लेकिन उन्होंने यही कहा कि उज्ज्वला हेल्पलाइन के पास सालाना सिर्फ 4 सिलेंडर तक सब्सिडी देने का अपडेट नहीं आया है.

अजय ने साफ कहा कि हेल्पलाइन के पास अभी भी 9 सिलेंडर भरवाने पर सब्सिडी देने का अपडेट है. हालांकि, मंत्रालय की प्रेस रिलीज में भी साफ लिखा है कि साल के पहले चार सिलेंडर भरवाने पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से सब्सिडी मिलेगी.

lpg
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की डिलीट प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)
29 रुपये इजाफे की बात हटाई

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने डिलीट की गई प्रेस रिलीज में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी की बात कही, लेकिन नई प्रेस रिलीज में 29 रुपये इजाफे की बात को हटा दिया और सीधे लिखा कि दिल्ली में उज्ज्वला के लिए 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 642 रुपये का है, जबकि आम ग्राहकों के लिए 942 रुपये का है.

lpg price hike
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की डिलीट प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)

नई प्रेस रिलीज में पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने देश के लोगों से अपील की. मंत्रालय ने कहा कि लोग घरेलू गैस का बहुत जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें, और खाने पकाने के ऐसे तौर-तरीके अपनाए, जिसमें गैस की खपत कम हो. 

lpg
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)
सरकार का दावा- घरेलू गैस भारत में सस्ती

सरकार ने यह भी बताया कि एक सिलेंडर की लागत करीब 1,600 रुपये है, इसलिए हर सिलेंडर पर करीब 700 रुपये का घाटा हो रहा है. सरकार ने दावा किया कीमत में बढ़ोतरी के बावजूद भारत में घरेलू गैस के दाम पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों और अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे बड़ी इकोनॉमी वाले देशों से सस्ती है.

lpg
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की प्रेस रिलीज का स्क्रीनशॉट. (PIB)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 में उज्ज्वला स्कीम लॉन्च की थी. इसके तहत लाभार्थी को फ्री में LPG गैस कनेक्शन दिया जाता है. लाभार्थी को 14.2 किलोग्राम का LPG सिलेंडर या 5 किलोग्राम का LPG सिलेंडर, घरेलू प्रेशर रेगुलेटर, 1.2 मीटर सुरक्षा होज पाइप, DGCC बुकलेट और पहला भरा हुआ सिलेंडर, दो बर्नर वाला स्टोव बिल्कुल मुफ्त मिलता है.

ujjwala
उज्ज्वला स्कीम के फायदे. (pmuy.gov.in/faq)

अक्टूबर 2023 में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर उज्ज्वला सब्सिडी 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गई थी, लेकिन ये सब्सिडी सालाना 12 सिलेंडर तक के लिए सीमित थी. अगस्त 2025 में सरकार ने उज्ज्वला सब्सिडी को 9 सिलेंडर तक सीमित कर दिया. 7 जून को प्रेस रिलीज आई कि सब्सिडी सालाना शुरुआती 4 सिलेंडर भरवाने के लिए है.

वीडियो: खर्चा पानी: मोदी सरकार ने डॉलर का जुगाड़ निकाल लिया?

Advertisement