The Lallantop

Air India की 500 प्लेन वाली डील के पीछे की कहानी, जिसने Indigo को दिक्कत दे दी है!

इस डील के साथ एयर इंडिया ने एविएशन सेक्टर में इतिहास रच दिया.

Advertisement
post-main-image
एयर इंडिया. (फाइल फोटो)

एयर इंडिया (Air India) ने 14 फरवरी को एविएशन की दुनिया में इतिहास रच दिया. इस भारतीय एयरलाइन ने एयरबस (Airbus) और बोइंग (Boeing) से करीब 500 हवाई जहाज खरीदने के लिए डील की घोषणा की. माना जा रहा है कि ये दुनियाभर में अब तक सिविल एविएशन के क्षेत्र में की गई सबसे बड़ी डील है. सबसे पहले इस डील के बारे में पहले विस्तार से जानते हैं. टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

''एयर इंडिया फ्रांस की जहाज बनाने वाली कंपनी एयरबस से 250 विमान खरीदेगी. इसके तहत एयर इंडिया  फ्रांस की विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस के 210 सिंगल ऑइल मॉडल वाले ए-320 और 40 चौड़ी बॉडी वाले विमान A-350s खरीदेगी."

इसके अलावा एयर इंडिया ने अमेरिका की कंपनी बोइंग से भी 220 विमान खरीदने का ऐलान किया है. इस सौदे के तहत बोइंग, एयर इंडिया को अपने मैक्स-737 मॉडल वाले 190 विमान और 20 ड्रीमलाइनर विमान बेचेगी. वहीं अन्य कैटेगरी के विमानों का भी आर्डर दिया गया है. एयर इंडिया ने बोइंग से 34 अरब डॉलर में य़ह सौदा किया है. भारतीय रुपये में इस सौदे की कीमत 2 लाख 81 हजार 562 करोड़ रुपये के आसपास है. इस सौदे के तहत 70 विमान और खरीदने का विकल्प भी होगा जिससे कुल लेन-देन 45.9 अरब डॉलर यानी करीब 3 लाख 80 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. 

Advertisement
कैसे हुई डील?

अब एयर इंडिया की इस महा डील की पटकथा कहां लिखी गई है. इसे भी समझते हैं. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, दुनिया की इस सबसे बड़ी एविएशन डील को पूरा करने में एक दो महीने नहीं बल्कि एक साल से ज्यादा समय लग गया. यह सौदा करने में ब्रिटेन के राजघराने के आधिकारिक निवास यानी बकिंघम पैलेस के पास स्थित मशहूर होटल से लेकर भारत में कई दौर की गुप्त वार्ताएं हुईं. सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया, 

“यह डील एक साल से अधिक समय से चल रही थी. लेकिन गंभीर बातचीत पिछले साल गर्मियों में शुरू हुई और क्रिसमस के आसपास तक चली लेकिन दिसंबर खत्म होते होते यह डील लॉक हो चुकी थी.”

रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील का केन्द्र बिंदु लंदन का मशहूर होटल सेंट जेम्स कोर्ट था. यह होटल लंदन के वेस्ट एंड में बकिंघम पैलेस के पास स्थित है. यह एक लग्जरी विक्टोरिया स्टाइल होटल है. ताज ग्रुप के इसी होटल में टाटा समूह के अधिकारी और जहाज बनाने वाली कंपनियों के अधिकारी कई दिन तक डेरा डाले रहे, लेकिन यह डील फाइनल हुई सेंट्रल लंदन के रेस्तरां क्विलोन में डिनर के साथ. लंदन का यह होटल समुद्री भोजन परोसता है. इस होटल में गोवा से लेक केरल तक का सी फूड और प्रसिद्ध व्यंजन परोसा जाता है.  

Advertisement

ये सौदा कितना बड़ा है इसका अंदाजा इससे लग सकता है कि चार देशों के प्रमुखों ने आपस में एक दूसरे को बधाई संदेश जारी किए हैं. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां और बिट्रेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने एक दूसरे को बधाई दी है. इतना ही नहीं, डील के सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो बाइडन से फोन पर बातचीत भी हुई. दोनों ने इस ऐतिहासिक समझौते का स्वागत किया है. 

इंडिगो को मिलेगी टक्कर

माना जा रहा है कि इस डील से एअर इंडिया देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को टक्कर देगी. नैरोबॉडी प्लेन से एअर इंडिया 4-5 घंटे वाले छोटी दूरी की सर्विस दे सकेगी. इससे वो इंडिगो को कड़ी टक्कर दे पाएगी, जिसका वर्तमान में 50 फीसदी से ज्यादा के डोमेस्टिक मार्केट पर कब्जा है. वहीं वाइड बॉडी एयरक्राफ्ट एयर इंडिया को उत्तरी अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में विस्तार करने में मदद करेगा. 

सरकारी कंपनी एअर इंडिया 27 जनवरी 2022 से प्राइवेट हो गई थी. टाटा ने 18,000 करोड़ रुपए में इसे टेकओवर कर लिया था. एविएशन मार्केट की बात करें तो भारत का एविएशन मार्केट दुनिया का तीसरा बड़ा बाजार है. अगले 10 साल में इसके दोगुना होने की उम्मीद है. 17 साल में यह पहला मौका है, जब एयर इंडिया विमान खरीद के ऑर्डर देने जा रही है. टाटा समूह के स्वामित्व में आने के बाद यह एयर इंडिया का पहला ऑर्डर होगा. इससे पहले साल 2005 में 111 विमानों के खरीद का ऑर्डर दिया गया था. इसमें 68 विमानों का ऑर्डर बोइंग को और 43 विमानों का आर्डर एयरबस को मिला था. 

वीडियो: सुर्खियां: एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला से बदसलूकी करने वाले के साथ अमेरिका की कंपनी ने ये कर दिया

Advertisement