सोच कर देखिए कि आपका iPhone चोरी हो जाए और उसके बाद उसी आईफोन की मदद से आपका बैंक अकाउंट भी खाली कर लिया जाए तो इसे क्या कहेंगे. अरे जो भी कहेंगे मगर हम ऐसा सोचे ही क्यों? सही बात मगर स्टोरी का मीटर बिठाने के लिए प्लीज ऐसा सोच लीजिए. सोच लिया. अब इसे क्या कहेंगे? गरीबी में आटा गीला होना. एक तो लाख रुपये का आईफोन गिर गया या चोरी हो गया और फिर साइबर ठगी भी हो गई. अगर आपने हमारे कहने से ऐसा सोचा तो हम बता रहे हैं कि ऐसा वाकई में हो सकता है.
iPhone चोरी होते ही खाली हो सकता है बैंक अकाउंट! ठगी का नया तरीका आया है, आप रहें अलर्ट
हाइब्रिड साइबर क्राइम (Hybrid Cybercrime Targeting iPhone Users) जिसका टारगेट ऐसे आईफोन यूजर्स होते हैं जिनका डिवाइस चोरी हो गया हो. I4C इंडियन साइबर क्राइम कोओर्डिनेशन सेंटर ने इस किस्म की ठगी को लेकर आगाह किया है. आप कैसे बचेंगे, वो जान लीजिए.


इसे कहते हैं हाइब्रिड साइबर क्राइम जिसका टारगेट ऐसे आईफोन यूजर्स होते हैं जिनका डिवाइस चोरी हो गया हो. I4C इंडियन साइबर क्राइम कोओर्डिनेशन सेंटर ने इस किस्म की ठगी को लेकर आगाह किया है. आप कैसे बचेंगे, वो जान लीजिए.
आईफोन वाली हाइब्रिड ठगीइस किस्म की ठगी में जब किसी का आईफोन चोरी होता है या गिर जाता है तो फिर उसे एक दिन या कुछ दिनों के बाद एसएमएस आता है. एक दिन बाद इसलिए क्योंकि चोरी होने के बाद जब नई सिम इशू होती है तो उसमें 24 घंटे तक एसएमएस नहीं आते. ऐसे एसएमएस में लिखा होता है कि आपके चोरी हुए आईफोन को ब्लॉक कर दिया गया है. अगर एक्सेस चाहिए तो तुरंत इस लिंक पर क्लिक करें. बताने की जरूरत नहीं कि मैसेज के आखिर में 'ऐप्पल सपोर्ट' जरूर लिखा होता है. लाख रुपये के नुकसान से हैरान, परेशान, बेहाल आदमी आसानी से इस मैसेज पर भरोसा कर ही लेता है.

लिंक पर क्लिक करते ही एकदम ऐप्पल के iCloud जैसी नकली वेबसाइट ओपन होती है. यहां ऐप्पल आईडी के साथ पासवर्ड और आपके मोबाइल नंबर पर आई ओटीपी को डालना होता है. बस इतना किया नहीं कि दूसरी तरफ ठग आईफोन के Find My iPhone को बंद कर देता है. इसके बाद उस डिवाइस की लोकेशन ट्रैक करना असंभव हो जाता है.

ऐसा होने के बाद आईफोन का पूरा डेटा मतलब फोटो से लेकर मेल और व्हाट्सऐप साइबर ठग के कब्जे में आ जाता है. क्योंकि मामला ओटीपी डालने से जुड़ा है तो साइबर ठग आपके बैंक अकाउंट में भी सेंध लगा सकते हैं. इसलिए अगर आईफोन चोरी हो जाए या गिर जाए तो किसी एसएमएस वाली लिंक पर क्लिक नहीं करना है. ऐप्पल सपोर्ट ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजता है.
आईफोन चोरी होने पर करना क्या है?Find My iPhone की मदद से आईफोन की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कीजिए. आईफोन स्विच ऑफ होने के बाद भी कई घंटों तक लोकेशन भेजता रहता है. अगर लोकेशन तक पहुंचना संभव नहीं तो बेहतर होगा कि फोन फॉर्मेट कर दीजिए. कम से कम डेटा तो सेफ रहेगा. साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करके फोन चोरी होने की रिपोर्ट जरूर लिखवाएं. इसके साथ ही संचार साथी पोर्टल पर जाकर डिवाइस का आईएमईआई नंबर डालकर उसे ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट भी दीजिए.

अगर फोन इस्तेमाल में होगा तो सर्वर उसे ब्लॉक कर देगा. सबसे जरूरी बात. आईफोन चोरी हो या गुम हो जाए. ना किसी लिंक पर क्लिक करना है और ना ओटीपी देना है. वैसे ओटीपी तो तब भी नहीं देना है जब आपका आईफोन आपके हाथ में हो. ओटीपी नहीं देना है. ओटीपी नहीं देना है. ओटीपी नहीं देना है. तीन बार गलती से नहीं बल्कि जानबूझकर लिखा ताकि आपको याद रहे.
वीडियो: शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ को मारने के लिए सुपारी दी गई? CBI की जांच में क्या सामने आया?




















