गूगल (Google), एमेजॉन, माइक्रोसॉफ्ट जैसी टेक कंपनियां अपने कर्मचारियों को मोटी पगार देने के लिए जानी जाती हैं. मतलब इन कंपनियों में लाखों-करोड़ों की सैलरी मिलना कोई बड़ी बात नहीं है. ऐसे ही एक शख्स हैं Devon (बदला हुआ नाम ) जो गूगल में इंजीनियर हैं और साल के 1 लाख 50 हजार डॉलर मतलब 1.2 करोड़ सालाना कमाते हैं. इतना पढ़कर आप कहोगे क्यों जी जला रहे हो. अभी जिया जला कहां हैं, वो तो तब जलेगा जब हम आपको बताएंगे कि Devon बाबू दिन में सिर्फ एक घंटा ही काम करते हैं. बाकी टाइम क्या करते हैं फिर. बताते हैं.
घंटे भर की नौकरी, सैलरी 1 करोड़ से ऊपर...इस इंजीनियर की कहानी जान कहेंगे- लाइफ हो तो ऐसी!
मोटी पगार के साथ जॉइनिंग बोनस और साल के अंत में बोनस अलग मिलेगा...


Devon जनरेशन Z वाले महानुभव हैं. मतलब हाल ही में उन्होंने अपनी पढ़ाई खत्म की है और गूगल में इंजीनियर के तौर पर जॉइन किया है. वो वर्क फ्रॉम होम करते हैं और उन्होंने फॉर्चून पत्रिका को दिए इंटरव्यू में बताया कि वो गूगल प्रोडक्टस जैसे गूगल सर्च, क्रोम, यूट्यूब वगैरह के लिए कोड जनरेट करते हैं. Devon दिन भर में सिर्फ एक घंटा गूगल को देते हैं और बाकी बचा वक्त अपने दिमाग को उनके पैशन को फॉलो करने में लगाते हैं.
महानुभव सुबह 9 बजे बिस्तर छोड़ते हैं और नहाने के बाद 11 बजे तक कोड जनरेट करने का काम करते हैं. फॉर्चून की तरफ से इस बात की तस्दीक करने के लिए जब उनको सुबह-सुबह फोन किया गया तो पता चला कि वो तो अपना लैपटॉप बंद भी कर चुके हैं. जब उनसे पूछा गया कि अगर वो उनके बॉस का मेल या मैसेज नहीं देख पाए तो क्या करेंगे.
Devon का जवाब बड़ा मजेदार है,
दुनिया थोड़े ना खत्म हो जाएगी. रात में आकर बात कर लूंगा.
उनके मुताबिक, उनको जो भी काम दिया जाता है उसका खाका वो हफ्ते की शुरुआत में ही खींच लेते हैं. मतलब घंटों का काम सेकंड में कर लेने की क्षमता. हां और उस बात का जवाब रह गया था कि भाई साब सिर्फ एक घंटे काम करते हैं तो बाकी टाइम क्या करते हैं?
बंधु अपने एक और टेकी दोस्त के साथ अपने स्टार्ट-अप पर काम कर रहे हैं. दिन उसी की प्लानिंग में गुजरता है. Devon ने फॉर्चून को बताया कि वो अगर दिन भर काम करेंगे तो सिर्फ अपने लिए. हालांकि वो अपने आपको उन भाग्यशाली लोगों में गिनते हैं जिनको कुछ नहीं करने के लिए मोटी पगार मिल रही है.
इतना पढ़कर जो आपको अपने आप पर खीज आ रही हो तो जान लीजिए कि उनको गूगल की तरफ से जॉइनिंग बोनस और साल के अंत में मिलने वाला बोनस भी मिलेगा. शायद इसलिए 97 फीसदी गूगलर (गूगल में काम करने वाले) कंपनी को बेस्ट बताते हैं. वैसे आप दिनभर में कितनी देर काम करते हैं. सच्ची-सच्ची बताना. कमेंट सेक्शन में…
वीडियो: चीन में स्मार्टफोन ऐप यूज करने के लिए भी अब सरकार का OK चाहिए, लेकिन ये होगा कैसे?














