बचपन में आपने दोस्तों के साथ साइकिल से रेस लगाई होगी. कभी तेज चलाने वाली तो कभी स्लो रेसिंग. फिर कॉलेज गए होंगे तो बाइक भी खूब दौड़ाई होगी. रेस खींच कर जरूर देखा होगा कि आखिर स्पीड वाला कांटा जाता कहां तक. यानी कितनी स्पीड तक जा सकती है ये बाइक. और जब पैरों ने क्लच, ब्रेक और रेस को पहचान लिए होंगे तो हाईवे पर कार भी तो भगाई होगी. अपनी न सही पापा की ही. यहां तक तो ठीक था, सब करते हैं. लेकिन एक महाशय ने तो गजब ही कर दिया. कार चलाई. बहुत तेज चलाई. इतना तेज़ की वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records). लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये है कि कार सीधी नहीं उल्टी चल रही थी. यानी रिवर्स में. आप ठीक पढ़ रहे क्योंकि ऐसा वाकई में हुआ है. क्रोएशिया के गोरान ड्रंडक ने ये कारनामा किया है. ज्यादा रिवर्स नहीं करते, सब बताते हैं.
रिवर्स करते हुए कार इतनी तेज़ दौड़ाई कि हम-आप सोच भी नहीं सकते, वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया!
क्रोएशिया के गोरान ड्रंडक ने इलेक्ट्रिक हाइपर कार रिमेक नेवेरा को जर्मनी के पापेनबर्ग में स्थित ऑटोमोटिव टेस्टिंग सेंटर में दौड़ाई. उन्होंने रिवर्स में इतनी स्पीड से कार दौड़ाई कि 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला.


इलेक्ट्रिक हाइपर कार रिमेक नेवेरा को जर्मनी के पापेनबर्ग में स्थित ऑटोमोटिव टेस्टिंग सेंटर में रिवर्स में चलाया गया. पिछली वाली लाइन ठीक से पढ़ लीजिए ताकि आपको याद रहे कि रियल लाइफ में ऐसा बिल्कुल नहीं करना है. ऐसी सारी टेस्टिंग कंट्रोल एनवायरनमेंट में की जाती है. कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे थे गोरान ड्रंडक और उन्होंने रिमेक नेवेरा को रिवर्स में 275.74kmph की स्पीड से दौड़ाकर 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला. उन्होंने, यूनाइटेड किंगडम के डैरेन मैनिंग के 165.08kmph के रिकॉर्ड को तोड़ा जो साल 2001 में कैटरम 7 फायरब्लेड कार को उल्टा चलाकर बनाया गया था.
Guinness World Records ने अपने X हैन्डल से इस रिकॉर्ड के वीडियो और फोटो पोस्ट किये हैं. 1 मिनट 56 सेकंड के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार ने कुछ ही पलों में 275.74kmph की स्पीड पकड़ ली थी. आम तौर पर रिवर्स में कारें एक लिमिट तक स्पीड पकड़ सकती हैं. इसलिए जरा रिमेक नेवेरा के बारे में भी जान लेते हैं.
रिमेक नेवेरा एक इलेक्ट्रिक हाइपर कार है, जिसे क्रोएशियाई ऑटोमोटिव निर्माता रिमेक ऑटोमोबिली ने डिजाइन और डेवलप किया है. 4 व्हील ड्राइव वाली ये कार के चारों व्हील पर पावर देने के लिए विशेष किस्म की मैग्नेट मोटर लगी हुई हैं. चक्के की चारों मोटर मिलकर 1,914 hp की पावर जनरेट करती हैं. कार 0-60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सिर्फ 1.74 सेकेंड का समय लेने वाली दुनिया की सबसे तेज कारों में से एक है. फ्रंट और रियर व्हील के सेट में एक सिंगल-स्पीड गियरबॉक्स वाली ये कार 412 kmph की टॉप स्पीड पर दौड़ सकती है.
कार के अंदर एनवीडिया सुपरकंप्यूटर लगा हुआ है जो सभी व्हील पर भेजे गए टॉर्क की कैलकुलेशन प्रति सेकेंड लगभग 100 बार करता है. इसी फीचर की मदद से कार को रिवर्स में दौड़ने में मदद मिली. बात करें इसकी कीमत की तो भारतीय रुपए में ₹17.84 करोड़ के आसपास लगा लीजिए.
वैसे इतना खर्च करने के बाद भी इस कार को खरीदना आसान नहीं है. कारण, कंपनी कुल 150 यूनिट ही बनाने वाली है. रिमेक नेवेरा को पहली बार 2018 जिनेवा मोटर शो दिखाया गया था और इसकी पहली डिलीवरी पिछले साल यानी 2022 में निको रोसबर्ग को दी गई थी. निको 2016 फॉर्मूला वन वर्ल्ड चैंपियन हैं. और उन्होंने मोनाको के आसपास गाड़ी चलाते समय कार को उसकी टॉप स्पीड तक पहुंचा भी दिया था.
सेफ और कंट्रोल एनवायरनमेंट में. एक बार फिर बता देते हैं. अपन ने कुछ उल्टा नहीं करना है. कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनना है और ट्रैफिक के सारे नियमों का पालन करना है.






















