एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूज़र्स को थोड़ा सावधान होने की जरूरत है. यदि आप एंड्रॉयड फोन चलाते हैं तो ये खबर आपके बहुत काम की है. दरअसल, गूगल ने 9 एंड्रॉयड ऐप में जोकर मालवेयर पाए जाने के बाद इन्हें प्ले स्टोर से हटा दिया है. इनमें से 7 स्मार्ट फोन ऐप हैं जबकि 2 स्मार्ट टीवी ऐप. मालवेयर से रिश्ता रखने वाले ऐप पर अक्सर Google इस तरह की सर्जिकल स्ट्राइक करता रहता है. हो सकता है कि 'मालवेयर' शब्द आपको थोड़ा जाना-पहचाना न लगे, लेकिन वायरस ट्रोजन जैसे शब्द आपने जरूर सुने होंगे. मालवेयर वायरस ट्रोजन का ही एक भाई है.

जोकर मालवेयर (प्रतीकात्मक चित्र)
कौन से ऐप गूगल ने हटाए हैं
Google ने प्ले स्टोर से इमोजीवन कीबोर्ड, डेजलिङ्ग कीबोर्ड, वॉल्यूम बूस्टर, फ्री कैम स्कैनर, सुपर एसएमएस, बैटरी चार्जिंग एनिमेशन और सुपर हीरो इफेक्ट को हटाया है, ये सभी एंड्रॉयड स्मार्टफोन से जुड़े ऐप्स हैं. स्मार्ट टीवी से जुड़े जो 2 ऐप्स हटाए गए हैं, उनका नाम 'स्मार्ट टीवी रिमोट' और 'हेलोवीन कलरिंग' है.
अब अगर आप ये सोच रहे हैं कि गूगल ने प्ले स्टोर से जब इन ऐप को हटा ही दिया है, तो फिर सतर्क होने की ज़रूरत क्यों है? इसके लिए आपको बता दें कि अगर आप गलती से इनमें से किसी भी ऐप को अपने फोन या टीवी पर इंस्टॉल कर चुके हैं, तो अब तक आपके फोन में मालवेयर ने अपना घर बना लिया होगा. इसलिए आपके पास इन ऐप्स को तुरंत अनस्टॉल करना ही सबसे बेहतर ऑप्शन है.
मालवेयर होता क्या है और ये कैसे आपके फोन में चूहे की तरह घुस जाता है?
मालवेयर शब्द बना है 'मलिकवस + सॉफ्टवेयर' से, जो किसी फ़ाइल के फॉर्मेट में, किसी कोड के जरिए या फिर किसी ऐप के सहारे आपके फोन तक आता है. इनका परिवार कीड़े-मकोड़ों की तरह इतना बड़ा होता है कि कितने भी मार दो, नए-नए पैदा हो ही जाते हैं. इनके कभी खत्म न हो पाने के कारण ही गूगल समय-समय पर इनकी पहचान करता है और ये जिस ऐप में होते हैं, उन्हें बैन कर देता है.
आप क्या कर सकते हैं?
मालवेयर से बचने के लिए आप इस बात की जानकारी समय-समय पर लेते रहिये कि गूगल ने मालवेयर के चलते किन ऐप्स को बैन किया है. फिर आप गूगल प्ले स्टोर में जाइए और देखिए कहीं आपने इनमें से किसी ऐप को पहले से डाउनलोड तो नहीं कर रखा है. यदि किया है तो पहली फुरसत में इनको रफा-दफा कीजिए. हालांकि, ऐसा करने से पहले ये भी जरूर देख लीजिये कि आपने इन ऐप्स को कितनी जानकारी दी थी. ये आगे आपकी जानकारी न ले पाएं, इसके लिए आप पहले इन ऐप में जाकर उनको अनसब्सक्राइब कीजिए, फिर इन्हें डिलीट कीजिए. ऐसा करने से आप भविष्य में भी इनसे बचे रहेंगे.