The Lallantop

कहानी उस मैच की, जब मैदान पर शुरू हुआ था नागिन डांस

पिछले 4-5 सालों में क्रिकेट में एक नई राइवलरी की शुरुआत हुई है. और वो टीम्स हैं बांग्लादेश और श्रीलंका की.

Advertisement
post-main-image
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच शुरू हुई राइवलरी (Twitter)

भारत-पाकिस्तान (India vs PAK) की राइवलरी से क्रिकेट में हर कोई वाकिफ हैं. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (England vs Australia) के बीच की राइवलरी के बारे में भी पूरी दुनिया के क्रिकेट फैन्स को पता है. लेकिन पिछले 4-5 सालों में क्रिकेट में एक नई राइवलरी की शुरुआत हुई है. और वो टीम्स हैं बांग्लादेश और श्रीलंका (Bangladesh vs Sri Lanka)की.

दरअसल, 6 नवंबर को श्रीलंका वर्सेज़ बांग्लादेश का मैच खेला गया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में. इस मैच में खूब बवाल हुआ. एंजेलो मैथ्यूज के विकेट को लेकर. बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन ने एंजेलो मैथ्यूज को टाइम आउट कराया. क्रिकेट इतिहास में ऐसा कुछ पहली बार हुआ. ऐसे में मैच खत्म होने के बाद श्रीलंकाई टीम ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से मना कर दिया. वहीं मैच के बाद एंजेलो मैथ्यूज ने भी बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन को लेकर काफी कुछ कहा. लेकिन दो एशियन क्रिकेट टीम के बीच ये तीखी राइवलरी क्यों और कब शुरू हुई, आइये जानते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये भी पढ़ें: टाइम आउट का बदला लिया, फिर मैथ्यूज ने जो कहा, शाकिब खुद से नजरें नहीं मिला पाएंगे?

नागिन डांस ने दिया राइवलरी को जन्म

तारीख 16 मार्च 2018. निदहास ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाने के लिए श्रीलंका और बांग्लादेश की टीम्स आमने-सामने थीं. हां, वहीं वाला टूर्नामेंट जिसके फाइनल में दिनेश कार्तिक ने बांग्लादेश के बॉलर्स को कूट दिया था. खैर, वापस इस मैच पर आते हैं. हां तो श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच 'करो या मरो' वाला था. पूरे मैच के दौरान दोनों टीम्स के प्लेयर्स के बीच में खूब बहस बाजी चल रही थी. हाथापाई छोड़ के मैदान पर सब कुछ हो रहा था. जैसे तैसे करके मैच खत्म हुआ, जिसमें बांग्लादेश ने बाज़ी मार ली. श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए. जिसे बांग्लादेश ने एक गेंद रहते चेज कर लिया.

और इसके बाद शुरू हुआ बांग्लादेशी टीम का नागिन डांस. ठीक वैसा ही वाला, जैसा आप कई शादियों में देखते हैं. बस जमीन पर लोटना बाकी रह गया था. मुशफिकुर रहीम समेत तकरीबन टीम के सभी खिलाड़ियों ने नागिन डांस किया था. जो कहीं ना कहीं श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों के दिल पर लग गया था. बस यही वो दिन था, जहां एक नई राइवलरी ने जन्म लिया.

Advertisement

श्रीलंका ने लिया बदला

इसके बाद से श्रीलंकाई टीम ताक लगाए बैठी थी. और आखिरकार मौका आया 1 सिंतबर 2022 को. UAE में हुए एशिया कप में. ग्रुप B के 'करो या मरो' के मैच में बाजी श्रीलंकाई टीम ने मारी. वो भी बेहद रोमांचक मुकाबले. श्रीलंकाई टीम ने आखिरी ओवर में 2 विकेट से रोमांचक जीत हासिल कर सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लिया. जबकि बांग्लादेश की टीम को अपने दोनों मैच में हार के कारण बोरिया बिस्तर समेटना पड़ा. 

अब मौका था जश्न का, तो श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ी चमिका करुणारत्ने ने नागिन डांस कर बांग्लादेश के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया. उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ.

Advertisement
Asia Cup मैच से पहले कसा गया तंज

वहीं इस राइवलरी को नया रूप देने का काम किया था श्रीलंकाई टीम के कप्तान दासुन शनाका के एक बयान ने. एशिया कप 2022 में दोनों टीम्स के मैच से पहले शनाका ने बांग्लादेश की टीम को कमजोर बताया. शनाका ने कहा,

‘बांग्लादेश की टीम में शाकिब अल हसन और और मुस्ताफिजुर रहमान, सिर्फ दो वर्ल्ड क्लास बॉलर शामिल हैं. जिससे हमारा काम आसान हो जाएगा और हमें जीत हासिल करने में हमें ज्यादा परेशानी नहीं होगी.’

उनके इस बयान को सुनकर बांग्लादेश के कोच खालिद मोहम्मद से रहा नहीं गया. उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, 

‘हमारे पास कम से कम दो वर्ल्ड क्लास गेंदबाज है. लेकिन श्रीलंकाई टीम में तो एक भी ऐसा खिलाड़ी नहीं है, जिसकी शाकिब या मुस्ताफिजुर रहमान से तुलना भी की जा सके.’

जिसके बाद श्रीलंकाई दिग्गज महेला जयवर्धने भी इस बहस में कूद पड़े. उन्होंने ट्वीट किया,

‘श्रीलंकाई टीम के गेंदबाजों को अपनी क्लास दिखाने का समय आ गया है. बल्लेबाजों को भी यह दिखाना होगा कि वो मैदान पर क्या कमाल कर सकते हैं.’

बताते चलें कि वर्ल्ड कप 2023 की सेमीफाइनल रेस से दोनों ही टीम्स बाहर हो चुकी हैं. लेकिन एंजेलो मैथ्यूज के टाइम आउट ने इस राइवलरी को नए आयाम तक पहुंचा दिया है. पहले भारत-पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के हाईवोल्टेज मैच का इंतजार करने वाले फ़ैन्स को अब बांग्लादेश-श्रीलंका के बीच होने वाले मैचों में भी खूब मजा आने वाला है.

Advertisement