इंडियन क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) एक बार फिर वनडे वर्ल्ड कप (World Cup 2023) का फाइनल खेलेगी. पूरे 12 साल के इंतजार के बाद. इंडियन टीम को फाइनल का टिकट मिला है न्यूजीलैंड के खिलाफ (IND vs NZ) शानदार जीत के साथ. इसके साथ ही टीम का साल 2019 के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला भी पूरा हो गया. टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट की तरह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाया. जिसकी तारीफ कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने भी की है.
हार के बाद टीम इंडिया के लिए जो कहा, वो बताता है- कितने महान हैं केन विलियमसन!
World Cup के Semi Final में भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन्स से हरा दिया. जिसके बाद केन विलियमसन ने इंडियन टीम की तारीफ की है.


केन विलियसमन ने इंडियन टीम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि वो एक टॉप टीम है और उन्होंने उसी तरह का क्रिकेट खेला. उन्होंने कहा,
''सबसे पहले मैं भारत को बधाई देना चाहता हूं. वो इस पूरे टूर्नामेंट में अच्छा खेले हैं. उन्होंने आज अपना बेस्ट खेल दिखाया. वो टॉप टीम हैं और उन्होंने टॉप क्रिकेट खेला है. हमें खुशी है कि हम अंत तक लड़े, मगर दुख इस बात है कि हम एक बार फिर नॉक आउट स्टेज से बाहर हो गए. हमने प्रयास किया, मगर भारत जैसी टॉप क्लास टीम से पिछड़ गए.''
विलियमसन ने आगे कहा,
''उनके वर्ल्ड क्लास बल्लेबाजों ने आकर अपना शानदार खेल दिखाया. जिस वजह से वो 400 रन के स्कोर तक पहुंचे. इस स्कोर को चेज करना मुश्किल था क्योंकि गेंद काफी मूव कर रही थी. और टीम इंडिया को इस बात का श्रेय जाता है कि उन्होंने हमें कोई मौका नहीं दिया. यहां के फैन्स शानदार थे, मगर थोड़े एकतरफा थे. यहां होना काफी स्पेशल है और भारत की मेजबानी से काफी खुश हूं.''
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा की तारीफ में इंग्लैंड के दिग्गज ने जो कहा, लोग कहेंगे- ऐसा कप्तान पहले नहीं देखा!
इस मैच में टॉस जीतकर इंडियन टीम ने बैटिंग चुनी. पहले ही ओवर से रोहित ने बड़े शॉर्ट्स लगाने शुरू कर दिए. भारत का पहला विकेट 71 रन पर गिरा जब रोहित शर्मा 47 रन बनाकर टिम साउदी को अपना विकेट दे बैठे. इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने पारी को संभाला. कोहली ने 117 रन की पारी खेली, इस शतक के साथ ही कोहली ने अपना 50वां वनडे शतक लगाया और सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. शुभमन गिल 80 रन पर रिटायर्ड हर्ट हो गए. लेकिन उनके बाद श्रेयस अय्यर पहले कोहली, फिर केएल राहुल के साथ मिलकर पारी को 397 रन तक ले गए. अय्यर 105 रन बनाकर आउट हुए.
398 रन का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही. डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र दोनों ही 13-13 रन बनाकर शमी का शिकार बन गए. कप्तान केन विलियमसन ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर पारी को संभाला और न्यूजीलैंड को मुकाबले की स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया. इन दोनों की मजबूत और तेजतर्रार पार्टनरशिप को शमी ने तोड़ा. शमी ने ही लैथम को आउट किया. फिर मिचेल और फिलिप्स के बीच पार्टनरशिप बनी. न्यूजीलैंड इस वक्त तक भी गेम में थी. फिर चला बुमराह मैजिक और उन्होंने फिलिप्स को चलता किया. इसके बाद न्यूजीलैंड लड़खड़ा गई.
शमी ने इस मैच में 7 विकेट लिए और वो वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. अब फाइनल में 19 नवंबर को इंडिया का सामना साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया से होगा. दोनों टीम्स के बीच 16 नवंबर को सेमीफाइनल होगा.
वीडियो: रोहित शर्मा की कप्तानी के आगे नहीं चलेंगे मैक्सवेल, भारतीय फैन्स बोले फाइनल में मिलो!


















