The Lallantop

मेरी तकनीक में समस्या...फॉर्म पर सवाल उठाने वालों को कोहली का करारा जवाब!

क्रिकेट पंडित लगातार कोहली की फॉर्म पर बात कर रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
विराट कोहली ने की खुलकर बात (File)

विराट कोहली (Virat Kohli). दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में से एक. आंकड़ो के हिसाब से बीते दशक के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी. लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान के पिछले दो-तीन साल अच्छे नहीं गुजरे हैं. वो इस दौरान अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजरे हैं. कभी लगातार बड़ी पारियां खेलने वाले विराट की बैटिंग में आजकल वो धार नहीं नज़र आती. कई क्रिकेट फ़ैन्स और पंडितों के द्वारा उन्हें टीम से ड्रॉप करने तक की भी बात कही जा रही है.

एशिया कप 2022 शुरू होने से पहले अब विराट कोहली ने खुद अपनी फॉर्म को लेकर बात की है. उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा है कि अगर उनके पास इन खराब परिस्थितियों से जूझने की क़ाबिलियत नहीं होती, तो शायद उनका इंटरनेशनल करियर इतना लंबा नहीं होता. विराट के मुताबिक अपनी फॉर्म को वापस हासिल करने के लिए वो कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन इसके बारे में वो ज्यादा सोच नहीं रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# Kohli ने तोड़ी अपनी चुप्पी

विराट कोहली को क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में शतक लगाए क़रीब तीन साल होने वाले हैं. लेकिन वो इसको लेकर ज्यादा सोच नहीं रहे हैं. कोहली का मानना है कि उनकी बैटिंग में सुधार की बहुत ज्यादा गुंजाइश नहीं है. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से कहा,

‘मैं जानता हूं कि मेरा खेल किस लेवल पर है. लेकिन अगर आपमें विपरीत परिस्थितियों का मुकाबला करने की क्षमता नहीं हो, तो आपका इंटरनेशनल करियर इतना लंबा नहीं चल सकता है. मैं जल्द से जल्द फॉर्म में लौटना चाहता हूं और इसके लिए मेहनत कर रहा हूं. हालांकि इसे लेकर खुद पर कोई प्रेशर नहीं बना रहा हूं.’

Advertisement
# Virat को नहीं दिखती कोई खामी 

पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि उनकी बैटिंग में साल 2014 के इंग्लैंड दौरे की तरह कोई तकनीकी खामी नहीं दिख रही है. 2014 के इंग्लैंड दौरे पर वह ऑफ स्टंप से बाहर की गेंदों पर कैच दे रहे थे. हालांकि बाद में उन्होंने इसमें सुधार किया और 2018 के इंग्लैंड दौरे में उन्होंने लगभग 600 रन बनाए. जिसको लेकर उन्होंने कहा,

‘इंग्लैंड में मैं एक तरह से ही आउट हो रहा था. उस वक्त वह एक चीज थी जिस पर मुझे काम करने की जरूरत थी और मैंने उसे किया भी. अभी कोई ऐसी बात नहीं है जिससे आप कहें कि प्रॉब्लम यहां हो रही है. अगर मेरी तकनीक में समस्या होती तो मेरा करियर इतना लंबा नहीं होता.’

विराट एशिया कप 2022 में भारतीय टीम का हिस्सा हैं. जहां सभी भारतीय फ़ैन्स की नजर उनके ऊपर टिकी हुई हैं. लंबे समय से कोहली के बैट से बड़ी पारी नहीं देख पाए फ़ैन्स को एशिया कप में उनसे बड़ी उम्मीदें हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि कोहली यहां पर कैसा प्रदर्शन कर पाते हैं.

Advertisement

बेन स्टोक्स ने बताई क्रिेकेट से नफरत करने की वजह

Advertisement