The Lallantop

एक ओवर में 22 रन कूट पुजारा ने ताबड़तोड़ शतक बना दिया

चेतेश्वर पुजारा ने इतना तूफानी बैटिंग कर चौंका दिया.

Advertisement
post-main-image
बैटिंग करते हुए चेतेश्वर पुजारा (Courtesy: Sussex/Twitter)

चेतेश्वर पुजारा (Cheteswar Pujara). टीम इंडिया के टेस्ट स्पेशलिस्ट बल्लबाज़. टेस्ट में पुजारा का काम हमेशा टीम के लिए नई बॉल को डिफेंड करना और लंबी पारियां खेलना होता है. इंडियन क्रिकेट फ़ैन्स अकसर पुजारा का स्लो और डिफेंसिव गेम देख उनकी तुलना राहुल द्रविड़ से करते आए हैं. लेकिन अब पुजारा ने फ़ैन्स को अपना एक अलग रूप दिखाया है. जिसे देख हर कोई उनका नाम वीरू वाली लिस्ट में भी लेने लगेगा. जी हां, चेतेश्वर पुजारा ने T20 मोड में बैटिंग करते हुए सबको चौंका दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुजारा फिलहाल ससेक्स के लिए रॉयल लंदन वनडे कप में खेल रहे हैं. रविवार को खेले गए मैच में पुजारा ने 79 बॉल में 109 रन जड़ दिए. इसमें भी खास बात ये रही कि उन्होंने एक ओवर में 22 रन बटोर लिए. जिसके बाद इस मैच की उनकी पारी का वीडियो वायरल हो गया. 

रॉयल लंडन वनडे कप में रविवार को वार्विकशॉ और ससेक्स के बीच मुकाबला खेला गया. चेतेश्वर पुजारा ससेक्स की कप्तानी कर रहे थे. उनकी टीम ने टॉस हारा और पहले फील्डिंग की. वार्विकशॉ की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए रॉब येट्स के शतक की मदद स्कोरबोर्ड पर 310 रन लगा दिए. आपको ये भी बता दें कि भारतीय क्रिकेटर कृणल पंड्या भी रॉयल लंदन कप का हिस्सा हैं. वो इस मुकाबले में वार्विकशा टीम के लिए खेले. लेकिन बल्ले से उनके लिए दिन अच्छा नहीं रहा. वो मुकाबले में खाता भी नहीं खोल सके. 

Advertisement

हालांकि ससेक्स टीम के कप्तान पुजारा के लिए ये दिन यादगार हो गया. क्योंकि उनकी इस शानदार पारी की चर्चा सोशल मीडिया पर हर तरफ हो रही है. 

पुजारा ने क्या कमाल किया?

311 रन का पीछा करते हुए ससेक्स टीम के लिए कप्तान चेतेश्वर पुजारा ने 107 रन की पारी खेली. हालांकि वो अपनी टीम को 311 रन तक पहुंचाने से पांच रन से चूक गए. लेकिन फिर भी उनकी ये पारी शानदार रही. पुजारा ने अपनी 107 रन की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए. इसमें सबसे खास रहा पारी का 47वां ओवर. जिसमें उन्होंने 22 रन झटके और मैच में अपनी टीम की उम्मीदों को ज़िन्दा कर दिया. 

Advertisement

पारी के 47वें ओवर में 34 साल के पुजारा ने लियम नॉरवेल के एक ओवर में खूब कुटाई की. पुजारा ने इस ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाया. इसके साथ-साथ उन्होंने चार रन दौड़ कर बटोरे. पुजारा ने इस ओवर में कवर्स के ऊपर से, फाइन लेग के ऊपर से और मिड-ऑफ के ऊपर से शॉट्स लगाकर फ़ैन्स का दिल जीत लिया. हालांकि वो अपनी टीम को मैच नहीं जिता पाए. उन्होंने महज़ 73 गेंदों में अपना शतक भी पूरा किया.  

 

गेंदबाज़ी में कृणल पंड्या का कमाल:

कृणल पंड्या ने बैटिंग में नहीं लेकिन बोलिंग में अपनी टीम का पूरा साथ दिया. पंड्या ने अपने 10 ओवर में 51 रन देकर तीन विकेट झटके. इसमें ओपनर अली ऊर, मिडल ऑर्डर के बल्लेबाज़ टॉम क्लार्क और डेलरे रॉलिंस के विकेट शामिल थे. उनकी शानदार गेंदबाज़ी ने ही पुजारा और अली के बीच अहम हो रही साझेदारी को भी तोड़ा. जिसके बाद पुजारा की टीम इस मुकाबले को गंवा बैठी.  

ग्रुप ए में अब तक ससेक्स ने चार मैच खेलकर दो मैच जीते हैं. वहीं वार्विकशॉ ने अपने तीन में से दो मैच में जीत हासिल की है.

ऋषभ पंत–उर्वशी रौतेला विवाद में पंत को जवाब देते हुए अब क्या बोल गई एक्ट्रेस?

Advertisement