The Lallantop

टीम इंडिया में बुरा समय कैसे झेलना है? द्रविड़ ने गंभीर को इसका भी तरीका बता दिया

गौतम गंभीर आज से टीम इंडिया के कोच के तौर पर शुरुआत कर रहे हैं. इंडिया-श्रीलंका के बीच आज टी20 सीरीज का पहला मैच है. इस मौके पर राहुल द्रविड़ ने गंभीर को एक मैसेज भेजा है. उनके स्‍पेशल मैसेज पर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने क्या कहा है?

Advertisement
post-main-image
द्रविड़ का गंभीर को खास सन्देश

टीम इंडिया के नए हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के कार्यकाल की शुरुआत आज श्रीलंका के दौरे के साथ हो रही है. उनकी इस पारी के आगाज़ से पहले पूर्व भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने गंभीर को एक स्पेशल मैसेज भेजा है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BCCI ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर इसका वीडियो शेयर किया है. इसमें देखा जा सकता है कि राहुल द्रविड़ ने गंभीर के लिए एक वॉइस नोट भेजा है. इस वॉइस नोट में राहुल द्रविड़ ने कहा, 

‘हेलो गौतम, हमारी दुनिया के सबसे रोमांचक जॉब में आपका स्‍वागत है. भारतीय टीम के साथ मेरा कार्यकाल खत्म हुए 3 हफ्ते हो चुके हैं. बारबाडोस में वर्ल्ड कप फाइनल की जीत और मुंबई में चैंपियन टीम की विक्ट्री परेड वो यादें हैं, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता है. इसके बारे में मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था. किसी भी चीज से ज्‍यादा, मैं टीम के साथ बिताए समय में बनी यादों और दोस्ती को संजो कर रखूंगा. टीम इंडिया का हेड कोच बनने पर मैं आपके लिए भी यही चाहता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि आपको टीम में पूरी तरह से फिट खिलाड़ी उपलब्ध होंगे. इसके लिए आपको शुभकामनाएं.'

Advertisement

द्रविड़ ने आगे कहा, 

‘मैं चाहता हूं कि किस्मत भी आपका साथ दे, क्योंकि हम कोचेस को इसकी काफी जरूरत होती है. आपके टीममेट के रूप में मैंने आपको मैदान पर सब कुछ देते हुए देखा है. आपका बैटिंग पार्टनर और साथी फील्‍डर के रूप में मैंने आपकी दृढ़ता और सरेंडर ना करने की प्रवृत्ति देखी है. कई आईपीएल सीजन में मैंने आपकी जीतने की इच्‍छा देखी है. युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने में आपकी सहायता और मैदान पर अपनी टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की आपकी इच्छा देखी है. मुझे पता है कि आप भारतीय क्रिकेट के प्रति कितने समर्पित और भावुक हैं और मुझे यकीन है कि आप इन सभी गुणों को इस नई जॉब में लाएंगे. जैसा कि आप जानते हैं, उम्मीदें बहुत अधिक होंगी और स्क्रूटनी भी गहन होगी. लेकिन सबसे बुरे समय में भी, आप कभी अकेले नहीं होंगे. आपको खिलाड़ियों, आपके सहयोगी स्टाफ, पुराने लीडर्स, प्रबंधन का समर्थन मिलेगा और कभी न भूलें कि आप किसके लिए खेलते हैं, उन प्रशंसकों के लिए जो बहुत मांग करते हैं, लेकिन हमेशा टीम के पीछे खड़े रहेंगे.’

द्रविड़ ने अपने मैसेज के आखिर में गंभीर को शुभकामनाओं सहित कहा, 

Advertisement

‘एक कोच से दूसरे कोच को यही संदेश है कि जब भी आप मुश्किल समय में फंसे तो लंबी सांस छोड़कर एक कदम पीछे लेना और तब भी आपके लिए मुश्किल हो तो मुस्कुरा देना. इसके बाद जो भी होगा, लोग उससे हैरान हो जाएंगे. गौतम गंभीर मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं और मुझे भरोसा है कि आप भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.’

द्रविड़ के इस वॉइस नोट को सुनने के बाद गौतम गंभीर काफी इमोशनल दिखाई दिए. इस नोट पर उन्होंने कहा, 

'देखिए, मुझे नहीं पता कि इस संदेश पर क्या प्रतिक्रिया दूं क्योंकि ये संदेश मेरे लिए बहुत मायने रखता है और इसका कारण ये नहीं है कि यह उस व्यक्ति से आया है जिसके बाद मैं ये जिम्मेदारी संभालने जा रहा हूं, बल्कि ये उस व्यक्ति से आया है जिसे मैं खेलते समय हमेशा अपना आदर्श मानता आया हूं. मैंने हमेशा ऐसा महसूस किया है और मैंने अपने बहुत से इंटरव्यूज़ में ये कहा है कि मुझे लगता है कि मैंने अब तक जितने भी क्रिकेटर्स के साथ खेला है, उनमें से सबसे निस्वार्थ राहुल भाई हैं. उन्होंने भारतीय क्रिकेट की ज़रूरतों के हिसाब से सब कुछ किया है. इसलिए मुझे लगता है कि उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है. सिर्फ़ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि अगली पीढ़ी और मौजूदा पीढ़ी के लिए भी कि भारतीय क्रिकेट कितना महत्वपूर्ण है. मैं आम तौर पर बहुत ज़्यादा भावुक नहीं होता, लेकिन मुझे लगता है कि इस संदेश ने मुझे बहुत भावुक कर दिया, ये एक शानदार संदेश है.  मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी मिली है. उम्मीद है कि मैं इसे पूरी ईमानदारी, ट्रांसपेरेंसी के साथ पूरा कर पाऊंगा और उम्मीद है कि मैं पूरे देश और सबसे अहम बात, जिस व्यक्ति को मैंने हमेशा आदर्श माना है, राहुल भाई को गौरवान्वित कर पाऊंगा.’

बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज पल्लेकेले में खेला जाएगा. 27 जुलाई से 7 अगस्त तक चलने वाले इस दौरे में टीम इंडिया 3-3 मैच की टी-20 और वनडे सीरीज खेलेगी. रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के संन्यास के बाद टी20 के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव बनाए गए हैं. 

वीडियो: बुजुर्ग को थप्पड़ मारते CCTV में कैद हुई UP के BJP नेता के डॉक्टर बेटे की शर्मनाक हरकत

Advertisement