The Lallantop

बैटिंग के वक्त अश्विन से डर गए थे लिटन दास, इस वजह से हुए रन-आउट!

लिटन दास के रन आउट होते ही भारत के पाले में आया मैच

Advertisement
post-main-image
अश्विन का रोल रहा बेहद अहम (AP/Twitter)

T20  वर्ल्ड कप के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हरा दिया. बुधवार, 2 नवंबर को खेले गए रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 5 रन से जीत हासिल की. हालांकि टीम इंडिया के लिए ये जीत इतनी आसान नहीं रही. वो तो भला हो केएल राहुल का, जो उन्होंने लिटन दास को रनआउट कर मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया. लेकिन अगर हम ये कहें कि लिटन के रन आउट में राहुल (KL Rahul) के बराबर ही आर अश्विन का भी योगदान है. तो आप मानेंगे? जी हां, बांग्लादेशी बल्लेबाज़ के रन आउट के पीछे अश्विन (R Ashwin) का डर एक अहम कारण कहा जा सकता है.

वो कैसे, हम आपको आगे बताएंगे. पहले रन आउट के बारे में बताते हैं. मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए छह विकेट खोकर 184 रन बनाए. जिसके जवाब में बांग्लादेश ने धुआंधार शुरुआत की. लिटन दास ने सिर्फ 21 गेंदों पर फिफ्टी जड़कर मैच को भारत से दूर करना शुरू कर दिया. जब बांग्लादेश का स्कोर सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 66 रन था, तभी बारिश आ गई. जिसके बाद डकवर्थ लुईस के जरिए बांग्लादेश को 16 ओवर्स में 151 रनों का लक्ष्य दिया गया.

यानि बची हुई 54 गेंद पर टीम को 85 रन बनाने थे. और लिटन के क्रीज़ पर होने के चलते यह मुश्किल नहीं लग रहा था. लेकिन तभी राहुल ने एक शानदार थ्रो मारकर लिटन दास को पवेलियन की राह पकड़ा दी. और यहीं से मैच पूरी तरह से इंडियन टीम के पाले में आ गया. अब इस रन आउट में अश्विन के रोल के बारे में बताते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

#Ashwin से डरे बल्लेबाज़

दरअसल जब लिटन रनआउट हुए तब अश्विन ही बोलिंग कर रहे थे. अब मैच में अक्सर ऐसा होता है कि गेंदबाज़ के बॉल डालने से पहले ही बैटर क्रीज छोड़ देते हैं. लेकिन अश्विन ने जबसे बटलर को मांकडिंग के जरिए आउट किया. जबसे वो बल्लेबाज़ों को क्रीज़ से बाहर निकलने पर वॉर्निंग देने लगे. तबसे बल्लेबाज़ों के मन में उन्हें लेकर एक खौफ बना रहता है. इस खौफ की वजह से ही अश्विन जब गेंदबाजी कर रहे थे तो लिटन गेंद फेंकने से पहले क्रीज़ से बाहर नहीं निकल रहे थे. 

Advertisement

इसी वजह से जिस गेंद लिटन रन-आउट हुए, उस पर भी नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर लिटन ने गेंद फेंके जाने से पहले क्रीज नहीं छोड़ी और जब वो दूसरे रन के लिए वापस आने लगे तो बेहद कम मार्जिन से क्रीज़ में पहुंचने से चूक गए. अब अगर, उनके मन में अश्विन द्वारा मांकडिंग का डर नहीं होता तो शाय़द लिटन क्रीज को गेंद डालने से पहले छोड़ चुके होते है और फिर आसानी से रन पूरा कर वापस क्रीज में आ भी जाते. लेकिन वो ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा.

# INDvsBAN 

अगर मैच की बात करें तो इंडियन टीम ने पहले बैटिंग करते हुए इस मैच में छह विकेट खोकर 184 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश ने 7 ओवर में बिना विकेट खोए 66 रन बना लिए थे, तभी बारिश आ गई. जिसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर टीम को 16 ओवर में 151 रन का टारगेट दिया गया. लेकिन बांग्लादेश की टीम 6 विकेट खोकर 145 रन ही बना सकी.

Advertisement

बांग्लादेश हारा तो शोएब अख्तर के दिल का दर्द जुबां पर आ गया!

Advertisement