टी20 वर्ल्ड कप की जीत ने भारतीय खिलाड़ियों को रैंकिंग में भी बड़ा फायदा दिया है. 8 मार्च को खेले गए फाइनल के बाद ICC ने 11 मार्च को टी20 की रैंकिंग जारी की. ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) को अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है. दो साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले ईशान किशन अब वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर 2 पर पहुंच गए हैं.
'नंबर वन' अभिषेक शर्मा के लिए खतरा बने ईशान किशन
टी20 वर्ल्ड कप के बाद ICC ने 11 मार्च को टी20 की रैंकिंग जारी की. ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) को अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है.


बल्लेबाजों की लिस्ट में ईशान किशन से आगे केवल अभिषेक शर्मा ही हैं. दोनों के बीच केवल चार अंक ही अंतर है. यानी अभिषेक शर्मा की नंबर एक की कुर्सी को उनके ही साथी से खतरा है. टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले अभिषेक दुनिया के पहले नंबर के बल्लेबाज बने हुए हैं.
ईशान किशन ने वर्ल्ड कप में 317 रन बनाए थे. इस कारण दो स्थान की छलांग के साथ वह दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. यह किशन के करियर की बेस्ट रैंकिंग है. अब वह अभिषेक के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बन गए हैं. अभिषेक शर्मा के लिए वर्ल्ड कप का ओवरऑल सफर अच्छा नहीं रहा. वह पहले तीन मैच में तो खाता भी नहीं खोल पाए थे. फाइनल में उन्होंने जरूर अर्धशतकीय पारी खेली.
ईशान के अलावा न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने भी टी20 विश्व कप में कुछ शानदार पारियों के दम पर अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग हासिल की. सीफर्ट चार स्थान की छलांग लगाकर छठवें स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं 22 साल के बेथेल 17 पायदान पार कर 16वें स्थान पर आ गए हैं.
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन भी सात पायदान ऊपर आए हैं. उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 33 गेंदों में शतक बनाकर पुरुष टी20 विश्व कप में अब तक के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ा था. भारतीय सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर संजू सैमसन ने 22वें स्थान पर और शिवम दुबे ने 27वां स्थान हासिल करके बल्लेबाजी रैंकिंग में काफी सुधार किया.
यह भी पढ़ें- ईरान इस बार फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएगा? डॉनल्ड ट्रंप के जवाब से सब साफ़ हो गया
गेंदबाजों की रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाले वरुण चक्रवर्ती को नंबर वन की कुर्सी गंवानी पड़ी. अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने वरुण को पीछे करके दुनिया के नंबर एक गेंदबाज की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है. चक्रवर्ती के 740 रेटिंग अंक है और वह राशिद (753) के बाद दूसरे स्थान पर हैं. राशिद की टीम ग्रुप राउंड में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. इसके बावजूद वह चक्रवर्ती की जगह पहला स्थान हासिल करने में सफल रहे.
टी20 में ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी मुकाबला काफी कड़ा है. जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा और भारत के स्टार खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की और वे पहले दो स्थान पर काबिज हैं. शिवम दुबे दो पायदान नीचे खिसककर 11वें स्थान पर आ गए हैं.
वीडियो: शिवम दुबे ट्रेन के 3rd AC कोच में, T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद ये क्या किया?

















.webp?width=120)



