भारत के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव ICC रैंकिंग्स के शिखर पर जमे हुए हैं. बुधवार, 1 फरवरी को जारी की गई नई रैंकिंग्स में सूर्या ने अपनी पोजीशन और मजबूत कर ली है. सूर्या ने T20 इंटरनेशनल बल्लेबाज़ों की रैंकिंग्स में 910 पॉइंट्स कमा लिए थे. ये किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा कमाए गए सबसे ज्यादा पॉइंट्स हैं.
दाविद मलान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ने के बहुत क़रीब पहुंचे सूर्या!
इंडिया में तो बेस्ट हो ही गए.


न्यूजीलैंड के खिलाफ फिलहाल चल रही T20 इंटरनेशनल सीरीज़ के पहले मैच में सूर्या ने ताबड़तोड़ 47 रन बनाए थे. दूसरे मैच में उन्होंने 26 रन की धीमी पारी खेल, टीम को जीत दिलाई थी. इसके लिए सूर्या को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था. हालांकि इस पारी के बाद वो 908 पॉइंट्स पर आ गए हैं. लेकिन इससे सूर्या की रैंकिंग पर कोई फर्क नहीं पड़ा है. दूसरे नंबर पर पाकिस्तानी ओपनर मोहम्मद रिज़वान हैं, जिनके पास 836 पॉइंट्स हैं.
न्यूजीलैंड के ओपनर डेवन कॉन्वे 788 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर हैं. बाबर आजम और एडन मार्करम टॉप-5 को पूरा करते हैं.
# दाविद मलान का रिकॉर्ड टूटेगा?
T20I रैंकिंग्स के इतिहास में इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज़ दाविद मलान ने सर्वाधिक 915 पॉइंट्स कमाए थे. सूर्या इस नंबर से सिर्फ सात पॉइंट्स दूर हैं. सूर्या के 910 पॉइंट्स इस लिस्ट पर दूसरे सबसे ज्यादा पॉइंट्स हैं. सूर्या ने 2022 T20 वर्ल्ड कप में छह पारियों में 239 रन बनाए थे. 2022 में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ICC ने T20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना था.
सूर्या के अलावा और कोई भी भारतीय T20I बल्लेबाज़ों के टॉप 10 में नही है. 14 नंबर पर विराट कोहली बने हुए हैं. बोलर्स की लिस्ट में हमारा कोई भी प्लेयर टॉप 10 में नहीं है. भुवनेश्वर कुमार 20वें स्थान पर बैठे हैं. ऑलराउंडर्स की लिस्ट में T20 टीम के कैप्टन हार्दिक पंड्या तीसरे नंबर पर बने हुए हैं. हार्दिक के नाम 217 पॉइंट्स हैं. इस लिस्ट में उनसे आगे बांग्लादेश के शाकिब-अल-हसन और अफ़ग़ानिस्तान के मोहम्मद नबी हैं.
वीडियो: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का वो क़िस्सा, जब टीम ने अपने ही कप्तान को जमकर सुनाया होगा!






















