सूर्यकुमार यादव. T20 क्रिकेट के बादशाह. सूर्या ने पिछले छह महीनों में तीन T20 इंटरनेशनल शतक जड़े हैं. 2021 में डेब्यू करने से लेकर अब तक, सूर्या ने इस फॉर्मेट में 180 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ 1578 रन जोड़ दिए. इस दौरान उनका औसत भी शानदार 46.41 का रहा है.
'उम्मीद करता हूं आपने मुझसे नहीं सीखा...' - सूर्यकुमार यादव से द्रविड़ ने ये बात क्यों कही?
इंटरव्यू में सूर्या के जवाब दिल जीत लेंगे.


श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20I में सूर्या ने एक बार फिर शानदार बैटिंग की. 51 बॉल में 112 रन की पारी, जिसमें सात चौके और नौ छक्के शामिल थे. इस पारी ने टीम इंडिया को इस सीरीज़ में 2-1 से जीत दिलाई. मैच के बाद सूर्या का एक ख़ास इंटरव्यू हुआ, जिसमें माइक का ज़िम्मा खुद टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने संभाला. दोनों के बीच बहुत मज़ेदार बातें हुईं.
इंटरव्यू के बाद सबसे पहले तो राहुल ने खुद ही कहा कि ऐसा लगता है कि आपने बचपन में मुझे बैटिंग करते हुए नहीं देखा था. और फिर दोनों हंसने लगे. राहुल द्रविड़ क्रीज़ पर खड़े रहने के लिए जाने जाते थे, पर उनके स्ट्राइक रेट पर कई लोग सवाल खड़े करते थे. सूर्या का स्ट्राइक रेट इससे ठीक उलटा है. राहुल ने कहा -
मैं श्योर हूं कि बड़े होते हुए आपने मुझे बैटिंग करते नहीं देखा था. मैं उम्मीद करता हूं आपने ना देखा हो...
इसपर दोनों हंस पड़े और सूर्या ने कहा -
मैंने देखा था...
राहुल ने आगे कहा -
मुझे जब भी लगता है कि मैने सबसे शानदार T20 पारी देख ली है, आप हमें कुछ नया दिखा देते हैं. पिछले कुछ वक्त में आपने जो कमाल की पारियां खेली हैं, उनमें से अगर एक चुननी हो, जिसे आप अपनी बेस्ट पारी मानते हों?
सूर्या ने जवाब दिया -
मुझे कठिन परिस्थितियों में बैटिंग करना पसंद है. मैं कोई एक पारी नहीं चुन पाऊंगा. मैं सिर्फ इंजॉय कर रहा था. मैं वही करने की कोशिश कर रहा हूं, जो मैं पिछले साल कर रहा था. कठिन परिस्थितियों में जब दूसरी टीम गेम को आपसे दूर ले जाना चाहती हो, तब मैं उनका सामना करता हूं. अगर ये मेरे और मेरे टीम के लिए काम कर जाता है, तो मुझे खुशी होती है.
इसके बाद राहुल ने पूछा -
आपके कई शॉट्स देखकर ऐसा लगता है कि आपने पहले से ही सोच रखा हो, कौन-सा शॉट खेलना है. ऐसा है क्या?
सूर्या ने जवाब में कहा -
इस फॉर्मेट में आपको कुछ शॉट्स ऐसे खेलने होते हैं, जो आपने पहले से सोच रखे हों. पर उस दौरान आपके पास और भी शॉट्स होने चाहिए, ताकि बॉलर अगर आपसे एक कदम आगे की सोचे, तो आपके पास उसका जवाब हो. मैं फील्ड के हिसाब से खेलता हूं. फील्डर्स कहां हैं, कौन-सा बॉलर कहां बॉल डालेगा, और ये मेरे लिए काम करता है.
राहुल ने आगे कहा -
आपको ट्रेनिंग करते देख हम ये सोचते हैं कि आप कितने क्रिएटिव हैं. आप सिर्फ डिफेंड करने की कोशिश नहीं करते हैं. आप अपनी कलाई का प्रयोग करते हैं, और गैप्स ढूंढते हैं. क्या आप ऐसा जानबूझकर करते हैं?
सूर्या ने बताया -
जी. मैं नेट्स के दौरान सिर्फ बल्ले की आवाज़ पर ध्यान देता हूं, मैं अच्छे से बॉल को हिट कर रहा हूं या नहीं. मैं अपने लिए खुद फील्ड सेट करता हूं, जब भी कोई लेफ्ट आर्म स्पिनर, स्पिनर या फास्ट बॉलर बॉल कर रहा होता है और बॉल को टाइम करने की कोशिश करता हूं. मैं सिर्फ बैट की आवाज़ सुनता हूं. अगर वो अच्छी आ रही होती है, तो मुझे खुशी होती है.
राहुल ने इसके बाद सूर्या के स्ट्रगल पर बात की. उन्होंने पूछा -
आपने लंबे समय तक डोमेस्टिक क्रिकेट खेला है. लंबे समय से आप अपने डेब्यू का इंतज़ार कर रहे थे. क्या इससे आप अपनी सफलता की ज्यादा कद्र करते हैं? अब जब ये आपको मिला है, तो अब क्या आपको खुद को साबित करने की और ज्यादा चाहत है?
सूर्या का जवाब आपका दिल जीत लेगा. उन्होंने कहा -
मैंने जहां भी बैटिंग की, फै़न्स का मनोरंजन करने की पूरी कोशिश की. मुझे मुंबई के लिए खेलना बहुत पसंद है. पिछले कुछ साल ये चैलेंजिंग रहा था, पर मैं खुद को ये कहता रहा, कि इसी लिए हम ये गेम खेलते हैं. क्रिकेट के जुनून ने मुझे रुकने नहीं दिया.
द्रविड़ ने इसके बाद सूर्या की फिटनेस और उनके परिवार के बारे में भी बात की. इंडिया के स्टार बैटर सूर्या ने कहा -
उनका सबसे बड़ा योगदान रहा है. मेरे पिताजी इंजीनियर हैं, मेरे परिवार में किसी ने क्रिकेट नहीं खेला. उन्होंने मुझे बहुत सपोर्ट किया. शादी के बाद मेरी बीवी ने फिट रहने के लिए मुझे लगातार पुश किया है . NCA में यो-यो टेस्ट के बाद से मैने फिटनेस पर बहुत फोकस किया है.
राहुल ने बात को ख़त्म किया, ये कह कर -
आपकी मौजूदगी टीम के लिए स्पेशल है. आप हमेशा मुस्कुराते हैं और वो टीम के लिए बहुत ख़ास है. आपके साथ काम करना बेहतरीन है. हम उम्मीद करते हैं आगे भी आपके बल्ले से ऐसी पारियां देखने को मिलती रहे.
सूर्या की इस पारी के बाद उन्होंने कई सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिए थे. वर्ल्ड नंबर 1 सूर्या के आगे अब वनडे सीरीज़ है. भारत श्रीलंका के खिलाफ पहला वनडे 10 जनवरी को खेलेगा.






















