BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एशिया कप में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. साथ ही दादा ने विराट कोहली के हालिया फॉर्म और पाकिस्तानी पेसर शाहीन शाह अफरीदी की इंजरी पर भी बात की. सौरव गांगुली ने कहा है कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल अनुभवी प्लेयर्स हैं और प्रेशर को अच्छी तरह से हैंडल करना जानते हैं.
सौरव गांगुली ने हर उस सवाल का जवाब दिया जो इंडियन फैन्स जानना चाहते हैं!
गांगुली ने विराट की फॉर्म पर भी अपनी राय दी है.


कोलकाता में एक इवेंट के दौरान सौरव ने बातचीत करते हुए कहा -
‘इंडिया का पाकिस्तान से मुकाबला किसी दूसरे मैच जैसा ही है. जो लोग लगातार खेलते हैं, और जब हम खेला करते थे, तब हम इसे स्पेशल मैच नहीं मानते थे. नॉकआउट मैच में प्रेशर ज्यादा रहता है. लेकिन दूसरे मुकाबलों में ऐसा कुछ नहीं होता. रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल - ये सब अनुभवी प्लेयर्स हैं. ये प्रेशर हैंडल करना जानते हैं. ये इनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है.’
सौरव से शाहीन शाह अफरीदी की अनुपस्थिति पर भी सवाल किया गया. शाहीन घुटने की चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो गए हैं. इस पर सौरव ने कहा -
‘मुझे लगता है कि किसी एक प्लेयर के होने या ना होने से इतना फर्क नहीं पड़ता. हमारे पास भी जसप्रीत बुमराह नहीं हैं.’
बुमराह पीठ दर्द की वजह से एशिया कप में हिस्सा नहीं ले रहे हैं. इसी बातचीत में सौरव ने विराट कोहली की बैटिंग और उनकी फॉर्म पर बात की. सौरव ने कहा -
‘विराट बड़े प्लेयर हैं. रन बनाने का उनका अपना फॉर्मुला है. वो जल्द अच्छी वापसी करेंगे. हम सबको यही उम्मीद है.’
सौरव ने आगे भारतीय टीम के प्रदर्शन पर भी जवाब दिया. BCCI अध्यक्ष ने कहा -
‘इंडिया अच्छी टीम है. इंडियन क्रिकेट हर तरह से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज, हर जगह जीत कर आ रही है. मैं उम्मीद कर रहा हूं कि इंडिया वर्ल्ड कप में भी अच्छा प्रदर्शन करे.’
सौरव ने टीम इंडिया के एक प्लेयर की ख़ास तारीफ की है. उन्होंने हार्दिक पंड्या पर बात करते हुए कहा -
''उनका टीम में होना टीम को मजबूती देता है. हार्दिक बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. पिछले साल वो इंजर्ड थे. इस बार वो बॉलिंग भी कर रहे हैं.'
इसके बाद जब BCCI अध्यक्ष से पूछा गया कि भारत-पाक का मैच कौन जीतेगा. इस पर उन्होंने कहा -
‘T20 क्रिकेट में कोई फेवरेट नहीं होता. सारी टीम्स अच्छी हैं. जो अच्छा खेलेगा, वो जीतेगा.’
इंडिया और पाकिस्तान का मुकाबला 28 अगस्त को एशिया कप में होगा. ये मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. और इस टूर्नामेंट में दोनों टीम्स का आगाज़ करने वाला मैच भी होगा.
जिस टीम के लिए डर रहे हो, वही टीम एशिया कप डिफेंड कर लेगी!




















