The Lallantop

सर विवियन रिचर्ड्स ने कुछ शब्दों में बना दिया इंडियन ओपनर का दिन!

ट्विटर पर दिखे लेजेंड ही लेजेंड.

Advertisement
post-main-image
अभिनव मुकुंद और विवियन रिचर्ड्स ( फोटो क्रेडिट : Abhinav FB and Viv Richards twitter)
सर विवियन रिचर्ड्स. वेस्टइंडीज़ के महान बल्लेबाज. एक ऐसा क्रिकेटर, जिन्होंने क्रिकेट खेलने के अंदाज को ही बदल दिया. रिचर्ड्स कई बड़े खिलाड़ियों के आइडल हैं. खुद सचिन तेंडुलकर भी उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हैं. विवियन रिचर्ड्स के बारे में काफी कुछ लिखा जा चुका है. और उनकी बल्लेबाजी देखने का अनुभव तो अलग है ही. भले ही रिचर्ड्स 1991 में ही रिटायर हो चुके हों लेकिन लोग आज भी खोज-खोजकर उनकी बैटिंग की क्लिप्स देखते हैं. और ऐसे लोगों में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए ओपन कर चुके अभिनव मुकुंद भी शामिल हैं. बीते दिनों अभिनव मुकुंद ने एक ट्वीट कर लोगों से रिचर्ड्स की पुरानी पारियों के बारे में पूछा था. मुकुंद ने ट्वीट किया,
'फिलहाल क्रिकेट नहीं खेल रहा और यूट्यूब पर पुराने मैचों की हाईलाइट्स देख रहा हूं. थोड़ी शर्मिंदगी के साथ कह रहा हूं कि मैंने पहली बार सर विवियन रिचर्ड्स की नाबाद 189 रन की पारी देखी. हे भगवान, क्या जबरदस्त पारी खेली! वो भी 166 पर नौ विकेट गिरने के बाद. दोस्तों कोई और सजेशन, कि आगे क्या देखूं?'
अभिनव मुकुंद के इस ट्वीट पर साक्षात सर विवियन रिचर्ड्स ने रिप्लाई कर दिया. सर रिचर्ड्स ने लिखा,
'मेरा ये सजेशन है कि आप मेरी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की सारी हाईलाइट्स देख सकते हैं मेरे दोस्त.'
इसके बाद अभिनव मुकुंद ने विवियन रिचर्ड्स की तीन वनडे और दो टेस्ट पारियों की लिस्ट बनाई और लिखा,
'प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद सर. मेरा दिन बन गया.'
और फिर रिचर्ड्स ने जवाब देते हुए लिखा,
'बढ़िया लिस्ट मैन. उम्मीद है कि आपका दिन अच्छा रहेगा.'
बता दें कि अभिनव मुकुंद और रिचर्ड्स की इस बातचीत में भारत के पूर्व स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन भी शरीक हुए. शिवरामकृष्णन ने रिचर्ड्स की तारीफ करते हुए लिखा,
'ऑल टाइम ग्रेट मैन'.
और फिर वेस्टइंडीज़ के इस महान बल्लेबाज ने झट से लक्ष्मण शिवरामकृष्णन को भी लेजेंड करार दे दिया. बता दें कि मुकुंद ने जिस पारी का ज़िक्र किया वह वेस्ट इंडीज़ के साल 1984 के वेस्टइंडीज़ दौरे की है. वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मैनचेस्टर में था. तब 55 ओवर का वनडे मैच होता था. वेस्टइंडीज़ की शुरुआत बेहद खराब रही. सलामी जोड़ी डेसमंड हेंस और गॉर्डन ग्रीनिज़ 11 रन के भीतर ही वापस लौट आ गई. इसके बाद रिची रिचर्डसन, लैरी गोम्स, क्लाइव लॉयड भी सस्ते में निपट गए. विंडीज़ ने अपने नौ विकेट 166 रन पर ही गंवा दिए. लेकिन रिचर्ड्स एक छोर पर खड़े रहे. और माइकल होल्डिंग के साथ 10वें विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी की. होल्डिंग ने नाबाद 12 रन बनाए. जबकि विवियन रिचर्ड्स ने 189 रन की नाबाद पारी खेली. रिचर्ड्स ने अपनी पारी के दौरान 21 चौके और पांच छक्के लगाए थे. 273 रन के जवाब में इंग्लैंड 168 रन पर सिमट गई. विंडीज के लिए जोएल गार्नर ने तीन, होल्डिंग और रिचर्ड्स ने दो-दो विकेट चटकाए थे.

Advertisement
Advertisement