The Lallantop

सिराज को पछाड़ शुभमन गिल ने जीत लिया बड़ा अवॉर्ड!

गिल बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ.

Advertisement
post-main-image
शुभमन गिल (Getty/File)

शुभमन गिल. टीम इंडिया के फ्यूचर और उभरते सितारे. हाल ही में शुभमन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट से ड्रॉप कर दिया गया था. उनकी जगह केएल राहुल ने टीम इंडिया के लिए ओपन किया. इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब बवाल हुआ था. और इन सबके बीच ICC ने इस युवा प्लेयर को एक अवॉर्ड से नवाज़ा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शुभमन गिल को ICC ने जनवरी 2023 का प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है. शुभमन के साथ इस अवॉर्ड के लिए न्यूज़ीलैंड के ओपनर डेवन कॉन्वे और मोहम्मद सिराज को नॉमिनेट किया गया था. गिल ने सबको पीछे छोड़ ये अवार्ड जीता.

2022 से ही गिल लगातार रन्स बना रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ के पहले मैच में उन्होंने 70 रन की पारी खेली थी. सीरीज़ के तीसरे मैच में गिल ने 116 रन बनाए. तीन मैच की इस सीरीज़ को भारत ने 3-0 से जीता था. इस सीरीज़ में गिल ने कुल 207 रन बनाए.

Advertisement

इसके बाद न्यूज़ीलैंड की बारी थी. पहले ही वनडे में शुभमन ने कई रिकॉर्ड्स तोड़ते हुए 149 बॉल में 208 रन ठोक दिए. इस पारी में 19 चौके और नौ छक्के शामिल थे. उन्होंने अपना दोहरा शतक स्टाइल से पूरा किया था. गिल ने लॉकी फर्ग्युसन को लगातार तीन छक्के जड़कर 200 रन का आंकड़ा पार किया था.

इस सीरीज़ के तीसरे मैच में शुभमन ने एक बार फिर शतक जड़ दिया. आखिरी मैच में शुभमन ने 112 रन की पारी खेली. ये 21 पारियों में शुभमन का चौथा शतक था. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ शुभमन ने एक शानदार रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. 2016-17 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ बाबर आजम ने तीन मैच की वनडे सीरीज़ में 360 रन बनाए थे, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड था. शुभमन ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ इसी रिकॉर्ड की बराबरी की.

Advertisement

T20 इंटरनेशनल्स में शुभमन की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही, पर उन्होंने इसमें भी सुधार किया. एक बार फिर, न्यूज़ीलैंड ही निशाने पर रहा. पहले दो T20 मैच में बल्ला शांत रहने के बाद शुभमन ने तीसरे T20 में शानदार बैटिंग की. 63 बॉल में 126 रन की पारी खेल शुभमन ने आलोचकों को दिखाया, कि वो T20 क्रिकेट में भी लंबी पारियां खेलना जानते हैं.

हालांकि, ऐसे प्रदर्शन के बाद भी शुभमन को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफ़ी के पहले टेस्ट में मौका नहीं मिला. गिल को केएल राहुल के लिए ड्रॉप किया गया, जिस पर फ़ैन्स भड़क गए. केएल ने पहले टेस्ट में सिर्फ 20 रन बनाए. अब देखना ये होगा कि दूसरे टेस्ट में शुभमन को मौका मिलता है, या नहीं. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 17 फरवरी से खेला जाएगा.

वीडियो: शुभमन गिल पर हर किसी की तारीफ सुनी लेकिन विराट कोहली ने क्या कहा जानते हैं?

Advertisement