आईपीएल की टीमें भी ऐसे ही टैलेंट की तलाश में रहती हैं. 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने संजू को अपनी टीम में लिया. आईपीएल के अपनी शुरुआती दिनों में वो कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा ज़रूर थे लेकिन वहां खेलना को नहीं मिला. अगले सीजन में राजस्थान रॉयल्स का साथ मिला और राहुल द्रविड़ जैसा पारखी मेंटॉर. संजू की बैटिंग को निखारने में राहुल द्रविड़ का भी खूब हाथ रहा. 2013-15 के सीजन में राजस्थान के लिए खेले और क्या खूब खेले. 2013 के आईपीएल सीजन में उन्हें 'बेस्ट यंग प्लेयर ऑफ़ द सीजन' घोषित किया गया. तीन सीजन खेलने के बाद अब वो राजस्थान की टीम परमानेंट हिस्सा हो गए थे. लेकिन फिर आईपीएल में विवाद हुआ और राजस्थान को बैन कर दिया गया. संजू दिल्ली चले गए. बैन के इन दो सालों में सैमसन दिल्ली से खेले. और उन्होंने वहां भी निराश नहीं किया. 2017 के सीजन में वो दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे. इसी सीजन में संजू आईपीएल में 1000 रन बनाने वाले सबसे कम उम्र कर खिलाड़ी बने. आईपीएल में सबसे कम उम्र में फिफ्टी मारने का रिकॉर्ड भी संजू के ही नाम है. बाद में पृथ्वी शॉ ने उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी की. 2017 में दिल्ली की ओर से खेलते हुए संजू ने धोनी की टीम राइजिंग पुणे सुपरजायंटस के खिलाफ अपना पहला शतक मारा.
संजू तीन सीजन राजस्थान की ओर से खेले. राजस्थान की टीम के बैन हो जाने के बाद दिल्ली की टीम ने सैमसन को 4.2 करोड़ रूपए में खरीदा. और अगले सीजन में रिटेन भी किया. 2018 की नीलामी में मुंबई इंडियन और राजस्थान रॉयल्स के बीच संजू को खरीदने को लेकर कड़ी टक्कर हुई. उनका बेस प्राइस 1 करोड़ रूपए था लेकिन मुंबई और राजस्थान में से कोई भी उन्हें जाने नहीं देना चाहता था. आख़िरकार राजस्थान ने 8 करोड़ देकर उन्हें खरीदा. किसी घरेलू खिलाड़ी को इतने पैसे देना दिखाता है कि उसकी असली वैल्यू क्या है.

इंडियन टीम में संजू की शुरुआत अच्छी नहीं रही.
संजू ने दिसंबर 2018 में अपनी दोस्त चारुलता से शादी कर ली. वो 5 साल से उन्हें डेट कर रहे थे और एक दिन सोशल मीडिया पर इसका खुलासा किया. फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- ''22 अगस्त, 2013 को रात के 11.11 बजे मैंने उन्हें एक 'Hi' भेजा था. उस दिन से लेकर अब तक 5 साल हो चुके हैं और मैं उनके साथ एक फोटो पोस्ट करने का इंतजार कर रहा था और दुनिया को बताना चाहता था कि मैं इनसे प्यार करता हूं और यह मेरे लिए कितनी खास हैं.''
इंडियन टीम में तगड़ी टक्कर के चलते संजू अभी जगह भले ना बना पाए हों लेकिन आईपीएल में उनकी परफॉरमेंस कमाल की रही है. घरेलू सीजन भी कम अच्छा नहीं रहा है. 2015 में उन्हें केरल की रणजी का कप्तान बनाया गया. संजू सैमसन अभी 24 साल के हैं. एक अच्छा आईपीएल सीजन उन्हें इंडियन टीम में जगह दिला सकता है. भारत की नंबर 4 की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझी है. संजू एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं. क्यों? क्योंकि राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान शेन वार्न का मानना है की संजू 2019 आईपीएल सीजन के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर होने वाले हैं.
लल्लनटॉप वीडियो भी देखें- IPL 2019: जानिए कहानी आर्किटेक्ट की नौकरी छोड़कर आए मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की
























