The Lallantop

ड्रेसिंग रूम से आई पर्चियों की कहानी, जिन्होंने धर्मशाला में साउथ अफ़्रीका को हरा दिया!

नीदरलैंड्स ने विश्वकप 2023 में बड़ा उलटफेर करते हुए साउथ अफ़्रीका को 38 रन्स से हरा दिया. इस मैच में वैसे तो बहुत सारे प्लेयर्स चमके, लेकिन नीदरलैंड्स ने एक खास वजह से सबका ध्यान कुछ ज्यादा ही अपनी ओर खींचा.

Advertisement
post-main-image
नीदरलैंड्स टीम. फोटो: Twitter

मंगलवार, 17 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दो टीम्स के बीच मुकाबला खेला गया. मुक़ाबला कहीं से भी बराबरी का नहीं था. एक ओर थी वो टीम, जिसके पास ग्यारह के ग्यारह मैच विनर्स हैं. जबकि दूसरी ओर एक ऐसी टीम, जिसके ज्यादातर प्लेयर्स का फ़ुलटाइम काम, क्रिकेट खेलना है ही नहीं. नीदरलैंड्स वर्सेज साउथ अफ़्रीका. डच टीम, 1996 से विश्वकप खेल रही लेकिन अभी भी ये बस कुछ ही मैच जीत पाए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जबकि साउथ अफ़्रीका लंबे वक्त से बड़ी टीम्स में शामिल मानी जाती है. लेकिन धर्मशाला में नीदरलैंड्स ने इस बड़ी टीम को हर मामले में पछाड़ दिया. अपनी रणनीति और खेल के ज़ज़्बे से इस टीम ने दुनियाभर में अपनी पहचान और फ़ैन्स बना लिए. नीदरलैंड्स ने साउथ अफ्रीकी टीम को विश्वकप 2023 में 38 रन्स से हरा दिया. इस मैच में वैसे तो बहुत सारे प्लेयर्स ने कमाल किया, लेकिन असली माहौल लूटा पर्चियों की अदला-बदली ने. नीदरलैंड्स की गेंदबाज़ी के वक्त लगातार उनके कैंप और स्टम्प्स के क़रीब खड़े कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के बीच पर्चियों के जरिए चर्चा होती रही.

तो चलिए, पहले आपको बताते हैं कि इन पर्चियों के आने से पहले तक मैच में क्या कुछ हुआ था. दरअसल साउथ अफ्रीकी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया. बारिश आने की वजह से मैच को 43-43 ओवर का कर दिया गया. नीदरलैंड्स ने 43 ओवर में आठ विकेट खोकर 245 रन बनाए. हालांकि नीदरलैंड्स की टीम मैच में एक वक्त पर इस स्कोर तक पहुंचती दिख नहीं रही थी. उनके पांच बल्लेबाज़ 82 रन पर ही पविलियन लौट गए थे. लेकिन इसके बाद कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने नॉट-आउट 78 रन बनाए और टीम को इस स्कोर तक ले गए.

Advertisement
# SAvsNED

जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम खेलने उतरी. पहली 47 गेंदों पर बिना कोई विकेट खोए 36 रन बना भी लिए. इसके बाद वेन डर मर्व और एकरमैन ने चार ओवर में तीन विकेट निकालकर साउथ अफ्रीका को टेंशन दे दी. और यहीं से मैच में एंट्री हुई पर्ची की. जिसने मैच को पूरी तरह से पलट दिया. दरअसल पारी के 12वें ओवर में नीदरलैंड्स के गेंदबाज़ रोलोफ़ वैन डर मर्व को ड्रेसिंग रूम से एक पर्ची भिजवाई गई. मैक्स ओ'डाउड मैदान पर पर्ची लेकर आए और वैन डर मर्व को दिखाने लगे. और अगली ही गेंद पर अफ्रीकी बल्लेबाज़ रसी वैन डर दुसें आउट भी हो गए.

और ऐसा एक बार नहीं हुआ. बल्कि कई बार हुआ. जब नीदरलैंड्स टीम के ड्रेसिंग रूम से मैदान पर कप्तान को या गेंदबाज़ को पर्ची भेजी गई और फिर डच टीम विकेट निकाल गई. मैदान पर बार-बार जब पर्ची आई तो कैमरा भी उसी तरफ था. जिसके बाद डच टीम की स्ट्रैटेजी की भी तारीफ हो रही है. दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि जो पर्चियां मैदान पर भेजी गईं उनमें प्लेयर मैच अप्स थे.

साथ ही किस साउथ अफ़्रीकी बल्लेबाज़ के खिलाफ़ किस स्थिति में किस गेंदबाज़ को इस्तेमाल करना है ये सारी बातें भी लिखीं थीं. खैर, उस पर्ची में जो भी रहा हो, नीदरलैंड्स टीम को इसका फायदा ज़रूर हुआ है. और उन्होंने पहली बार विश्वकप में किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन को हरा दिया है. 

Advertisement

Advertisement