BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर बड़ा खुलासा किया है. रोहित की कप्तानी के बारे में ये बातें आपको शायद ना भी पचे. गांगुली का कहना है कि रोहित इंडियन टीम की कप्तानी करने के मूड में बिलकुल नहीं थे. उन्हें जबरदस्ती यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी. ये बात रोहित शर्मा के सभी फॉर्मेट्स में कप्तानी संभालने के लगभग तीन साल बाद सामने आई है.
'रोहित कप्तानी करने के मूड में नहीं थे, जबरदस्ती दी गई', गांगुली ने कैप्टन का क्या किस्सा सुनाया?
गांगुली ने कहा कि बात इस हद तक पहुंच गई थी कि उन्होंने रोहित को अल्टीमेटम तक दे दिया था.


सौरव गांगुली कोलकाता टीवी से क्रिकेट और भारतीय टीम को लेकर पर बातचीत कर रहें थें. इस दौरान उन्होंने बताया,
“रोहित शर्मा भारतीय टीम के कप्तान बनने के लिए इच्छुक नहीं थे. बात इस हद तक पहुंच गई थी कि मैंने उन्हें अल्टीमेटम दे दिया कि या तो वो हां कहें या मैं दुनिया के सामने इसकी घोषणा कर दूं. मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि मैं जानता हूं कि वो एक बेहतरीन कप्तान हैं. विराट कोहली के पद छोड़ने के बाद वो टीम इंडिया को लीड करने के लिए सर्वश्रेठ थे. और जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, मैं हैरान नहीं हूं.”
आगे गांगुली ने वजह बताते हुए कहा,
“मैं नहीं जानता कि वो हिचक क्यों रहे थे. शायद ये इसलिए क्योंकि उस वक्त काफी ज्यादा क्रिकेट मैच खेले जा रहे थे. टेस्ट, T20, वनडे और उसके साथ आईपीएल, पहले ही बहुत ज्यादा क्रिकेट और दबाव था. रोहित के पास काफी कुछ था, पर मैं खुश हूं. वो अच्छा कर रहे हैं.”
विराट कोहली के कप्तान रहते रोहित शर्मा पहले भी उनकी गैरमौजूदगी में टीम का नेतृत्व करते थे. इसलिए कोहली के हटने के बाद वो कप्तानी के लिए पहली पसंद थे.
रोहित शर्मा का कप्तानी में अब तक शानदार रिकॉर्ड रहा है. उनकी कप्तानी में टीम ने घर पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाई. टेस्ट चैम्पियनशिप में भी टीम फाइनल तक पहुंची. सभी फॉर्मेट्स को मिला दें तो रोहित ने अब तक 102 मैचों में कप्तानी की है. इनमें 76 मैच में जीत मिली हैं. यानी 76.76 का विनिंग परसेंटेज. इसी तरह वनडे मैचों में भी रोहित की कप्तानी में टीम ने 42 में से 32 मुकाबले जीते हैं. और सिर्फ 9 मुकाबलों में हार मिली है. एक मैच बेनतीजा रहा. वहीं टेस्ट क्रिकेट में रोहित ने 9 में से 5 मुकाबलों में टीम को जीत दिलवाई है. 2 मैचों में हार मिली और 2 मुकाबले ड्रा रहे.
टी20 में तो रोहित की कप्तानी की जमकर सराहना की जाती है. आईपीएल में मुंबई इंडियंस को पांच-पांच ट्रॉफी दिलवा चुके रोहित भारतीय टीम को 51 में से 39 मुकाबलों में जीत दिला चुके हैं और सिर्फ 12 मुकाबलों में हार मिली है.
वर्ल्ड कप में भी टीम कमाल का प्रदर्शन कर रही है. अब तक अपने 8 में से 8 मुकाबले जीत चुकी है. यानी अनबीटेबल. टीम अपना अगला मैच 12 नवंबर को नीदरलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में खेलेगी.
(ये कॉपी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहीं जागृति ने लिखी है.)
वीडियो: पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन रजा पर गुस्साए मोहम्मद शमी ने ये कह दिया





















