The Lallantop

टीम इंडिया की जीत के बाद भी कोहली को क्यों मिल रही संन्यास की सलाह?

भारत की जीत का असली हीरो कौन रहा?

Advertisement
post-main-image
तस्वीर में विराट कोहली. दूसरी तस्वीर में वेस्टइंडीज़ के खिलाड़ी और वेंकटेश अय्यर ( फोटो क्रेडिट : PTI)
कोलकाता में खेले गए पहले T20I मैच में टीम इंडिया ने वेस्ट इंडीज़ को छह विकेट से मात दी. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैच की T20I सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत की इस जीत के हीरो रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव रहे. जिन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी की. इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया था. वेस्ट इंडीज़ की शुरुआत बेहद खराब रही. भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में ब्रैंडन किंग का शिकार किया. इसके बाद काइल मेयर्स और निकलस पूरन ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़ दिए. काइल मेयर्स  ने 31 रन बनाए. जबकि निकलस पूरन ने 43 गेंदों में 61 रन की पारी खेली. पूरन ने अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के भी लगाए. निचले ऑर्डर में कायरन पोलार्ड ने 19 गेंदों में 24 रन की पारी खेली. वेस्ट इंडीज़ ने सात विकेट खोकर 20 ओवर्स में 157 रन बनाए. भारत की तरफ से हर्षल पटेल और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट झटके. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम. रोहित ने धुआंधार 19 गेंदों में 40 रन ठोक दिए. जिसमें चार चौके और तीन छक्के भी शामिल थे. ईशान किशन ने 35 और कोहली ने 17 रन का योगदान दिया. जबकि मिडल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाए. वेंकटेश अय्यर ने भी 13 गेंदों में 24 रन कूट दिए. बता दें कि भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच मुकाबले के दौरान ट्विटर काफी एक्टिव रहा. यूजर्स ने मैच के दौरान जमकर हैशटैग चलाए और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अपनी राय दी. आइये हम आपको बताते हैं ऐसे ही चार हैशटैग के बारे में जो पहले T20 मैच के दौरान खूब चले.
 #RohitSharma
ट्रेंडिंग में रोहित शर्मा सबसे टॉप पर रहे. ईडन गार्डन में एक बार फिर रोहित का बल्ला चला. कप्तान रोहित ने 19 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए. इस दौरान हिटमैन का बैटिंग स्ट्राइक रेट 210.53 का रहा. रोहित की धुआंधार बल्लेबाज़ी देख एक यूजर ने IPL मैच की एक पुरानी तस्वीर शेयर की. जिसमें दर्शक कार्ड लिए ईडन गार्डन का नाम बदलकर रोहित गार्डन रखने को कह रहे हैं. यूजर ने कैप्शन में लिखा,
'ईडन गार्डन का नाम बदलकर रोहित गार्डन रखने के लिए याचिका दायर की जाए. वेल प्लेड रोहित.'
 #Virat Kohli
 
ट्रेंडिंग में दूसरे नंबर पर विराट कोहली रहे. कोहली ने 13 गेंदों में एक चौके की मदद से 17 रन की पारी खेली. ज़ाहिर है कि कोहली से हमेशा बड़ी पारी की उम्मीद की जाती है. लेकिन पहले T20I मैच में ऐसा नहीं हुआ. कोहली की पारी को देख एक यूजर ने तो उन्हें रिटायरमेंट लेने की सलाह तक दे डाली. यूजर ने लिखा,
 '34 साल के विराट कोहली को अब संन्यास लेने पर विचार करना चाहिए. ताकि जो युवा खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें मौका मिले. विराट कोहली अब खत्म है.'
#Ravi Bishnoi
ट्रेंडिंग में तीसरे नंबर पर युवा स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई रहे. बिश्नोई ने वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ डेब्यू किया. और पहले ही मैच में सिर्फ 17 रन देकर दो विकेट झटके. बिश्नोई की बढ़िया गेंदबाजी देख एक यूजर ने अनिल कुंबले का ज़िक्र करते हुए कहा,
 'रवि बिश्नोई पहले बहुत अच्छे गेंदबाज थे. लेकिन जब वह IPL में अनिल कुंबले के अंडर में खेले तो एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी गेंदबाज बन गए. रवि बिश्नोई लेग स्पिन, तेज गुगली और गेंद को बेहतर तरीके से ड्रिफ्ट कराना सीख गए. एक अच्छा कोच किसी प्लेयर की जिंदगी में यही बदलाव ला सकता है.'
#Ishan Kishan
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन भी ट्रेंडिंग में शामिल रहे. दरअसल, ट्विटर पर ईशान किशन की धीमी बल्लेबाजी का खूब मजाक बना. किशन ने 42 गेंदों में 35 रन की पारी खेली. 83 का स्ट्राइक रेट. जिसमें चार चौके शामिल थे. ईशान किशन की धीमी बल्लेबाजी देख एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा,
 'ईशान किशन वनडे टीम से ड्रॉप हुए. लेकिन अब दिखा रहे हैं कि वह वनडे खेल सकते हैं.'
 बता दें कि भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच दूसरा T20I मैच 18 फरवरी को ईडन गार्डन में ही खेला जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement