रोहित शर्मा. World Cup 2023 में धमाल मचा रहे भारतीय कप्तान. रोहित ने अभी तक आठ मैच में 442 रन बनाए हैं. सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट देखेंगे, तो वह पांचवें नंबर पर दिखेंगे. लेकिन बात अगर असर की करें, तो रोहित जैसा असर कोई बल्लेबाज नहीं डाल पाया है. टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट देखेंगे, तो रोहित से बेहतर स्ट्राइक रेट किसी का नहीं है. रोहित इस वर्ल्ड कप में 122 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं.
रोहित हमारे लिए... कोच द्रविड़ की बात हिटमैन फ़ैन्स का दिन बना देगी!
रोहित शर्मा. World Cup 2023 में धमाल मचा रहे भारतीय कप्तान. रोहित इस बरस सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांच प्लेयर्स में शामिल हैं. लेकिन उनकी बैटिंग की सबसे खास बात ये है कि उन्होंने ये रन बाक़ी बल्लेबाजों से कहीं तेजी से जोड़े हैं. और हेड कोच राहुल द्रविड़ ने अब इसी पर बात की है.


और तक़रीबन हर मैच में उन्होंने भारत को ताबड़तोड़ शुरुआत दी है. भारत के आखिरी लीग मैच का ही उदाहरण ले लीजिए. साउथ अफ़्रीका के खिलाफ़ ईडन गार्डन का मैदान. रोहित ने सिर्फ़ 24 गेंदों पर 40 रन मार दिए. और फिर उनके बाद के बल्लेबाजों को देखकर समझ आया, कि ये कितनी कमाल की पारी थी. ऐसा ही बांग्लादेश के खिलाफ़ पुणे में हुआ. जहां चेज़ करते वक्त उन्होंने तेजी से 48 रन जोड़े.
उनके इसी इम्पैक्ट पर टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने बात की है. उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ़ होने वाले मैच से पहले कहा,
'रोहित जाहिर तौर पर, बिना किसी शक़ के, एक लीडर रहे हैं. वह मैदान पर और मैदान के बाहर भी उदाहरण रहे हैं. कुछ मैचेज़ में उन्होंने हमें जैसी शुरुआत दी, जिस तरह से मैच को हमारे लिए खोल दिया. कई बार लोगों ने बस एक पारी देखी, मतलब, मैं खास मैचेज़ पर नहीं जा सकता, मुझे यक़ीन है कि आप लोग इसे देख पाएंगे,
लेकिन कई ऐसे गेम्स रहे हैं जो हमारे लिए ट्रिकी रहे, लेकिन उन्होंने जिस तरह की शुरुआत दी, उसने इन गेम्स को हमारे लिए खोल दिया. अंत में, यह शायद आसान लगा, लेकिन कोचिंग स्टाफ़ के रूप में जब हम इसे देखते हैं, इसका प्रभाव समझ आता है. इससे जाहिर तौर पर उनके बाद आने वाले बल्लेबाजों को आसानी होती है.'
द्रविड़ ने इसी बातचीत में रोहित की कैप्टेंसी पर भी कॉमेंट किया. वह बोले,
‘मैं सोचता हूं कि वह कमाल रहे हैं. उन्होंने जैसी लीडरशिप दिखाई है, सामने से टीम को लीड किया. वह कमाल रहा है. हमने एक खास तरीके से खेलने की बात की थी. और रोहित ने इस तरीके को जैसे आत्मसात किया है, यह देखना कमाल है. और मैं सोचता हूं कि उनकी कप्तानी भी कमाल की रही है.
वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनका टीम सम्मान करती है. जाहिर तौर पर हमारा कोचिंग स्टाफ़ भी उनका सम्मान करता है. और जिस तरह वह काम कर रहे हैं, यह देखना कमाल है. और मैं सोचता हूं कि वह सच में ऐसे व्यक्ति हैं, जो यह सारी सफलताएं डिज़र्व करते हैं. उम्मीद है कि सफलता का ये सिलसिला जारी रहेगा.’
बता दें कि इस टूर्नामेंट में रोहित ना सिर्फ़ तेजी से रन जोड़ रहे, बल्कि जरूरत पड़ने पर वह एंकर का रोल भी निभा रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ़ लखनऊ में उन्होंने 87 रन की सधी हुई पारी खेली थी. उम्मीद है कि टूर्नामेंट के बचे हुए मैचेज़ में भी रोहित का बल्ला ऐसे ही बोलता रहेगा. और भारत वर्ल्ड कप जीतेगा.






















