The Lallantop

'अगले साल होने वाले विश्वकप 2023 में पाकिस्तान नहीं खेलेगा'

राजा बोले, बिलियन डॉलर टीम को हमने दो बार हराया.

Advertisement
post-main-image
रमीज़ राजा, फोटो: AP/File Photo

भारत और पाकिस्तान. जंग का मैदान हो या क्रिकेट का मैदान. हमेशा माहौल गर्म ही रहता है. भारत और पाकिस्तान बाइलेट्रल क्रिकेट सीरीज़ की बात तो भूल जाइये. दोनों देशों के बीच अब ICC टूर्नामेंट में भी खेलने पर ताले लगते दिख रहे हैं. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज़ राजा ने अगले साल होने वाले विश्वकप 2023 में पाकिस्तान के भारत में आने पर एक शर्त लगा दी है. रमीज़ ने कहा है कि अगर भारत एशिया कप 2023 में खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं आएगा. तो फिर पाकिस्तान भी भारत में 50 ओवर का विश्वकप खेलने नहीं जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रमीज़ राजा ने उर्दू न्यूज़ नाम के चैनल से बात करते हुए ये सारी बातें कही हैं. उन्होंने कहा,

'अगर पाकिस्तान अगले साल भारत में होने वाले वनडे विश्वकप में हिस्सा नहीं लेगा तो फिर उसे देखेगा ही कौन? हमारा रुख एकदम साफ है, अगर भारतीय टीम यहां खेलने आती है तो हम भी विश्वकप के लिए वहां जाएंगे. लेकिन अगर वो नहीं आते हैं तो फिर वो हमारे बिना ही विश्वकप खेल लें. इस चीज़ को लेकर हमारी अप्रोच एकदम सख्त है.'

Advertisement

रमीज़ ने आगे ये भी कहा कि उनकी टीम इन दिनों शानदार प्रदर्शन कर रही है. रमीज़ ने कहा,

'हमारी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है. मैंने हमेशा यही कहा है कि हमें पाकिस्तान क्रिकेट की इकॉनोमी को बेहतर करना है, और ये तब ही हो सकता है जब हम अच्छा परफॉर्म करेंगे. 2021 T20 विश्वकप में हमने भारत को हराया, T20 एशिया कप 2022 में हमने भारत को हराया. एक साल के अंदर हमने दो बार बिलियन डॉलर इकॉनोमी वाली टीम को हराया है.'

रमीज़ राजा का ये बयान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह के उस बयान के बाद आया है. जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी. ऐसे में एशिया कप 2023 किसी न्यूट्रल वेन्यू पर भी हो सकता है. दरअसल एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान को पहले से होस्ट नियुक्त किया गया है. ऐसे में पाकिस्तान को इस बयान से बौखलाहट होना तय थी.

Advertisement

पाकिस्तान की चिंता 2025 में होने वाली ICC चैम्पियंस ट्रॉफी भी है. क्योंकि 2025 के लिए ICC ने पाकिस्तान को चैम्पियंस ट्रॉफी का होस्ट बनाया है. ऐसे में अगर भारत, पाकिस्तान में खेलने नहीं जाता है. तो फिर उन्हें बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है. 

टीम इंडिया के सामने अलग समस्या आ गई!

Advertisement