The Lallantop

'50 पैसे ओवरएक्टिंग के काटो', रिजवान को क्यों ट्रोल कर गए लिटन दास?

सिल्हट टेस्ट : पाकिस्तानी विकेटकीपर बैटर Mohammad Rizwan को बांग्लादेशी विकेटकीपर Litton Das ने मैच के दौरान ट्रोल कर दिया. पाकिस्तानी टीम पर लगातार बांग्लादेश के खि‍लाफ चौथा टेस्ट मैच गंवाने का खतरा मंडरा रहा है.

Advertisement
post-main-image
मोहम्मद रिजवान को लिटन दास ने सिल्हट टेस्ट के दौरान ट्रोल कर दिया. (फोटो-Screengrab)

पाकिस्तानी टीम हार के मुहाने पर खड़ी है. बांग्लादेश से लगातार चौथा टेस्ट मैच हारने का टीम पर खतरा मंडरा रहा है. वहीं, बांग्लादेशी टीम भी इस दबाव को बरकरार रखने की पुरजोर कोशि‍श में लगी है. उनके पास पाकिस्तान को बांग्लादेश में पहली बार क्लीन स्वीप करने का मौका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पहला टेस्ट मुकाबला जीतकर बांग्लादेशी टीम का कॉन्फ‍िडेंस भी हाई है. इसी बीच, सिलहट टेस्ट मैच के चौथे दिन मैदान पर कुछ ऐसा वाकया हुआ कि लिटन दास (Litton Das) ने पाकिस्तानी विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को जबरदस्त तरीके से ट्रोल कर दिया.

हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब रिजवान बांग्लादेशी प्लेयर्स के निशाने पर आए. इससे पहले, ढाका टेस्ट के दौरान भी बांग्लादेशी प्लेयर्स ने रिजवान पर समय बर्बाद करने का आरोप लगाया था. ऐसा ही कुछ दूसरे टेस्ट में भी हुआ.  

Advertisement
क्यों हुई पूरी बहस?

दरअसल, रिजवान जब बैटिंग करने उतरे उनकी टीम मुश्किल में थी. 437 रन के टारगेट को चेज करते टीम महज 162 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी. उन्होंने संभलकर शुरुआत की और धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया. मैच के दौरान रिजवान ने अपनी टेस्ट करियर की 14वीं फिफ्टी पूरी कर पाकिस्तान को मैच में बनाए रखा.

हालांकि, उनकी हाफ सेंचुरी के तुरंत बाद जब वो 53 रन के स्कोर पर थे, मैदान पर गहमागहमी हो गई. रिजवान ने साइट स्क्रीन के पास हलचल होने की शिकायत करते हुए खेल रुकवा दिया. ये बात बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज ल‍िटन दास को पसंद नहीं आई. उन्होंने रिजवान को ट्रोल कर दिया. दोनों के बीच बातचीत का पूरा ऑड‍ियो स्टंप माइक पर रिकॉर्ड हो गया. लिटन रिजवान से कहते हैं,

आपका काम बैटिंग करना है. ओवरएक्टिंग के लिए आपके 50 पैसे काट लेने चाहिए. 

Advertisement

मैदान पर मौजूद दूसरे बांग्लादेशी प्लेयर्स ने भी तंज कसते हुए कहा कि रिजवान को बॉलीवुड में मौका मिलना चाहिए. लिटन यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे ट्रोल करते हुए कहा,

रिजवान ने फिफ्टी बनाकर टीम में जगह पक्की कर ली है. इसलिए अब 'फालतू बातें' भी कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें : मोहम्मद शमी को नहीं मिला मौका, फिटनेस पर सेलेक्टर ने बड़ी बात कह दी

रिजवान ने नहीं खोया कंसंट्रेशन

इतने कॉमेंट्स के बावजूद रिजवान ने अपना कंसंट्रेशन भंग नहीं होने दिया. चौथे दिन स्टंप्स तक वह 75 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनके साथ साज‍िद भी क्रीज पर टिके हैं. पाकिस्तान ने स्टंप्स तक 7 विकेट पर 316 रन बना लिए हैं. हालांकि, टीम को जीत के लिए अब भी 121 रन की दरकार है.

सीरीज की बात करें तो, बांग्लादेश ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है. पाकिस्तान अगर अंतिम दिन 121 रन बना लेते है तो क्लीन स्वीप से बच जाएगा. वरना ये पहली बार होगा कि पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश में टेस्ट सीरीज हार जाएगी.

इस सीरीज से पहले, पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश में अब तक एक भी टेस्ट मैच भी नहीं हारी थी. लेकिन, अब उनपर क्लीन स्वीप का खतरा है. यही कारण है कि बांग्लादेशी टीम इस मौके को गंवाना नहीं चाहती है. जीत और उनके बीच सिर्फ 3 विकेट हैं. 

वीडियो: पाकिस्तानी बल्लेबाज़ों पर प्रेशर, क्या बाबर आज़म अब दिला पाएंगे टीम को जीत?

Advertisement