The Lallantop

लिविंगस्टन ने कैच लपकते हुए की बड़ी गलती, पंजाब वाले ढाई सौ खा गए!

मोहाली में चमके लखनऊ वाले.

Advertisement
post-main-image
लिविंगस्टोन से हुई गलती (स्क्रीनग्रैब)

पंजाब वाले बेचारे. लखनऊ के बल्लेबाजों से मोहाली में खूब पिटे. काएल मेयर्स ने जो पिटाई शुरू की, उसे मार्कस स्टोइनिस और आयुष बडोनी आगे ले गए. हालात ये थे कि लखनऊ ने 12 ओवर्स में 147 रन बना लिए थे. और इसी स्कोर पर उन्हें एक और झटका लग जाता. अगर लियम लिविंगस्टन से गलती ना होती.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्या है वो गलती, चलिए विस्तार से बताते हैं. हुआ कुछ यूं कि चोट से लौटते शिखर धवन ने टॉस जीतकर पहले बोलिंग चुन ली. और इसके बाद उनका प्लान चाहे जो रहा हो, लेकिन लखनऊ से पिटने का तो नहीं ही रहा होगा. लखनऊ ने पहले तीन ओवर्स में 35 रन कूट डाले.

मेयर्स पंजाब पर ज्यादा मेहरबान रहे. उन्होंने पहली 12 गेंदों पर 27 रन बना डाले. दूसरे एंड पर राहुल सात गेंदों पर छह रन बनाकर खेल रहे थे. फिर उन्होंने चौथे ओवर की पहली गेंद पर छक्का मारा. और अगली ही गेंद पर आउट हो गए. लेकिन इस विकेट से भी पंजाब को सांस लेने की फुर्सत नहीं मिली.

Advertisement
# Liam Livingstone Dropped

मेयर्स की कुटाई जारी रही. छठे ओवर में जब वह आउट हुए, तब तक स्कोरबोर्ड पर 74 रन टंग चुके थे. पंजाब को लगा होगा कि अब रन रुकेंगे. लेकिन वो गलत थे. आयुष बडोनी और मार्कस स्टोइनिस ने मेयर्स का बचा हुआ काम अपने ऊपर ले लिया. और पिटाई जारी रही.

12 ओवर्स तक लखनऊ का स्कोर दो विकेट खोकर 147 रन हो चुका था. फिर 13वां ओवर लेकर राहुल चाहर आए. यह उनके स्पेल का आखिरी ओवर था. और अभी तक चाहर ने अच्छी बोलिंग की थी. उनकी पहली गेंद पर स्टोइनिस रन नहीं ले पाए. और फिर दूसरी गेंद पांचवें स्टंप पर आई फ्लाइटेड डिलिवरी.

स्टोइनिस आगे आए लेकिन पिच तक नहीं पहुंच पाए. वह इस गेंद को लॉन्ग-ऑफ़ के ऊपर से उड़ाना चाहते थे. लेकिन गेंद हवा में थोड़ी ज्यादा ऊपर चली गई. लियम लिविंगस्टन गेंद के नीचे आए. चेस्ट हाइट पर आसानी से कैच भी पकड़ा. लेकिन उनसे गलती हो गई. कैच लेते वक्त उनका पैर बाउंड्री रोप से सट गया. और जहां एक विकेट होता, वहां लखनऊ को छक्का मिल गया.

Advertisement

इस घटना के वक्त स्टोइनिस 22 गेंदों पर 38 बनाकर खेल रहे थे. और जब वह 19वें ओवर में आउट हुए, तब तक 40 गेंदों पर 72 रन बना चुके थे. लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर्स में पांच विकेट खोकर 257 रन बना डाले. काएल मेयर्स ने 24 गेंदों पर 54, आयुष बडोनी ने 24 गेंदों पर 43, निकलस पूरन ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि पंद्रह रन एक्स्ट्रा के रहे.

वीडियो: 'एम एस धोनी से ये चीज़ हर युवा बल्लेबाज़ को सीखनी चाहिए'

Advertisement