The Lallantop

पुलिसवाले अस्पताल में मरीजों के बेड पर सोए, पेशाब लगी तो डस्टबिन में कर दी

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसवाले अस्पताल के अंदर मरीज के बिस्तर पर सोते हुए नजर आए. एक पुलिसकर्मी ने कूड़ेदान में पेशाब भी की. वीडियो में पुलिसकर्मी नशे में दिख रहे हैं और उनकी वर्दी पास में टंगी हुई है.

Advertisement
post-main-image
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सभी को सस्पेंड कर दिया गया है. (सांकेतिक फोटो: आजतक)

मध्य प्रदेश के सीधी जिला अस्पताल में चार पुलिसकर्मियों ने शराब पीकर जमकर हंगामा किया. ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले अस्पताल के अंदर मरीज के बिस्तर पर सोते हुए नजर आए. एक पुलिसकर्मी ने कूड़ेदान में पेशाब भी की. घटना का वीडियो सामने आने के बाद सभी को सस्पेंड कर दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 अप्रैल को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में पुलिसकर्मी नशे में धुत दिख रहे हैं और उनकी वर्दी पास में टंगी हुई है. ये पुलिसकर्मी एक बीमार कैदी की सुरक्षा के लिए तैनात थे, जिसे 28 मार्च को सीधी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 

ड्यूटी पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर नर्मदा प्रसाद प्रजापति के साथ कांस्टेबल उदयराज सिंह, जितेंद्र सिंह और मनीष तिवारी मौजूद थे. आंतरिक जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता कर रहे थे.

Advertisement

जांच में यह भी पाया गया कि इंचार्ज अधिकारी की तरफ से ठीक से निगरानी नहीं की जा रही थी. इसके बाद सीधी पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों को लापरवाही, अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि खराब करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया. सस्पेंशन के दौरान सभी को सीधी के रिजर्व सेंटर से अटैच किया गया है और विभागीय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.

ये भी पढ़ें: राइफल साथ में, बचने के लिए हाथ जोड़ रहा, अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस पर हमला, वीडियो आया

इससे पहले, मध्यप्रदेश के नीमच जिले में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) के पद पर तैनात मनोज यादव ने नशे में गाड़ी चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी थी. यह घटना 7 नवंबर 2025 की है. हादसे में एक सरकारी स्कूल के टीचर की मौत हो गई थी, जबकि टीचर की पत्नी और उनके 10 और 6 साल के दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

Advertisement

बाद में नीमच एसपी ने ASI मनोज यादव को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया. मनोज के खिलाफ ‘लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का कारण बनने’ के आरोप में नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी.

वीडियो: पश्चिम बंगाल के लड़के कंडोम की भाप से कर रहे नशा!

Advertisement