The Lallantop

'ऋषभ पंत ठीक होकर जैसे ही मिलेगा, उसे एक जोर का चांटा मारूंगा'

पंत से नाराज़ हैं कपिल देव.

Advertisement
post-main-image
कपिल देव और ऋषभ पंत (PTI)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ शुरू होने जा रही है. जिसका पहला मुकाबला गुरुवार, 9 फरवरी से नागपुर में खेला जाएगा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम के लिए ये सीरीज़ बेहद महत्वपूर्ण है. रोड एक्सीडेंट में लगी गंभीर चोट के कारण ऋषभ पंत (Rishabh Pant) इस सीरीज़ में इंडियन टीम का हिस्सा नहीं है. ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने पंत से नाराजगी जाहिर की है.

पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई आखिरी टेस्ट सीरीज़ में शानदार बैटिंग की थी. इसके अलावा भी वो टेस्ट क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे थे. लेकिन दिसंबर 2022 में हुए कार एक्सिडेंट के कारण वो लंबे समय के लिए क्रिकेट से दूर हो गए हैं. ऐसे में कपिल देव ने पंत को लेकर एक बड़ा बयान दिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
# पंत को लगाएंगे जोरदार चांटा

कपिल के मुताबिक पंत के चोटिल होने से टीम का कॉम्बिनेशन पूरी तरह से बिगड़ गया है. उन्होंने ABP न्यूज़ से बात करते हुए कहा,

‘मैं उनसे काफी प्यार करता हूं. लेकिन उनके एक्सिडेंट की वजह से टीम का पूरा कॉम्बिनेशन बिगड़ गया है. टेस्ट टीम में उनकी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी का महत्वपूर्ण स्थान है. मैं भगवान से प्रार्थना कर रहा हूं कि वह जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और टीम में वापसी करें. लेकिन जब मैं उनसे मिलूंगा तो उन्हें जोर से एक चांटा लगाऊंगा.’

Advertisement
# ड्राइवर रख सकते हैं क्रिकेटर

ये पहला मौका नहीं है जब कपिल पाजी ने पंत को लेकर नाराजगी जाहिर की है. एक्सिडेंट के ठीक बाद कपिल देव ने क्रिकेटर्स को खुद ड्राइविंग करने की जगह ड्राइवर रखने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था,

'आपके पास एक अच्छी दिखने वाली कार है जिसकी गति बहुत तेज है, लेकिन आपको सावधान रहना होगा. आप आसानी से एक ड्राइवर का खर्च उठा सकते हैं, आपको इसे अकेले चलाने की जरूरत नहीं है. मैं समझता हूं कि लोगों को ऐसी चीजों का शौक भी होता है. यह इस उम्र में होना स्वाभाविक है, लेकिन आपकी जिम्मेदारियां भी होती हैं. केवल आप ही अपना ख्याल रख सकते हैं.'

# गंभीर रुप से घायल हुए थे पंत

दरअसल, 30 दिसंबर 2022 को भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत एक हादसे का शिकार हुए थे. पंत दिल्ली से उतराखंड के रुड़की की तरफ अपने घर जा रहे थे, जहां उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. हादसे के बाद कार में आग लग गई थी और कार बुरी तरह से जल गई. इस दुर्घटना में पंत भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. एक्सिडेंट की वजह से ऋषभ की कलाई, कमर, घुटने और सिर पर चोट आई थी.

हादसे के समय भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ कार में अकेले थे. घटना के बाद उनको देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कुछ दिन मैक्स हॉस्पिटल में इलाज होने के बाद BCCI ने उनको मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया. यहां पर डॉक्टर दिनशॉ पादरीवाला ने पंत की लिगामेंट सर्जरी की थी. जो कि सफल रही थी.

Advertisement

वीडियो: ऋषभ पंत पर बात करते हुए क्या बोले रिकी पॉन्टिंग?

Advertisement