The Lallantop

बुमराह 'अंगूठा तोड़' बॉलिंग कर रहे, वीडियो देख आप कह देंगे- वर्ल्डकप आ रहा है!

आयरलैंड दौरे पर कप्तानी करने वाले हैं बुमराह. अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर माहौल बना रहा...

Advertisement
post-main-image
लौटते ही बुमराह ने डाला शानदार बाउंसर, यॉर्कर (साभार - BCCI)

इंडियन क्रिकेट फ़ैन्स के लिए एक खुशखबरी है. इनफैक्ट, दो खुशखबरियां हैं. जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के कैंप में लौट आए हैं और शानदार बॉलिंग कर रहे हैं. BCCI ने एक ट्वीट में बुमराह की ट्रेनिंग का वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में बुमराह अपनी पूरी लय में बॉलिंग कर रहे हैं. और बुमराह जब अपनी पूरी लय में बॉलिंग करते हैं, तब जो होता है, वही हो रहा है. पहली बॉल पर बल्लेबाज़ एक तीखे बाउंसर से बचते दिखते हैं. वहीं दूसरे बॉल पर बुमराह एक शानदार यॉर्कर से बल्लेबाज़ को परेशान करते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BCCI ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा,

'वो लम्हा, जिसका हम सबको इंतज़ार था. जसप्रीत बुमराह ठीक उस तरह (से बॉलिंग कर रहे हैं), जिस तरह से हम उन्हें हमेशा से जानते हैं'

Advertisement
फ़ैन्स ने क्या कहा?

लंबे समय से इंजरी से जूझ रहे बुमराह की वापसी से फ़ैन्स खुश तो हुए ही थे. अब वीडियो देख और खुश हो गए हैं. हालांकि, कुछ लोगों ने बुमराह का इंजरी रिकॉर्ड देखते हुए उन्हें थोड़ा संभालकर रहने को कहा. ट्वीट्स देखिए.

कप्तानी करने वाले हैं बुमराह

बता दें, 31 जुलाई को BCCI ने बताया था कि बुमराह आयरलैंड में होने वाली टी20 सीरीज में भारतीय टीम को लीड करेंगे. यानी बुमराह की वापसी कप्तान के तौर पर होगी. BCCI ने इस ट्वीट में आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी किया था.

Advertisement

भारतीय टीम की गेंदबाजी की धुरी माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह सितंबर 2022 से ही टीम से बाहर हैं. वो आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत में हुई सीरीज़ में नज़र आए थे. जिसके बाद चोट की वजह से बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप, आईपीएल 2023 और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जैसे बड़े टूर्नामेंट मिस किए.

आयरलैंड में तीन मैच की सीरीज

भारत आयरलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा. सीरीज की शुरुआत 18 अगस्त से होगी. दूसरा मैच 20 अगस्त को होगा. वहीं आखिरी टी20 मैच 23 अगस्त को खेला जाएगा. सीरीज के तीनों मैच मालाहाइड में खेले जाएंगे.

भारतीय क्रिकेट टीम का ये चौथा आयरलैंड दौरा होगा. तीसरी बार भारत आयरलैंड में टी20 सीरीज खेलेगा. उसका पहला आयरलैंड दौरा साल 2007 में हुआ था. तब भारतीय टीम ने एक वन डे मैच खेला था. इसके बाद भारत ने साल 2018 और 2022 में दो टी20 मैचों की सीरीज खेली थी.

दूसरी खुशखबरी

इस रिपोर्ट के पहले पैरा में हमने दो खुशखबरियों की बात कही थी. दूसरी भी जान लीजिए. टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत क्रिकेट मैदान पर उतर गए हैं. बेंगलुरु के विजयनगर में पंत एक मैच में बैटिंग करते नज़र आए. ये वीडियो सोशल मीडिया पर मिनटों में वायरल हो गया.

फ़ैन्स ने इसे भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से जोड़ दिया. इस वीडियो पर आए मज़ेदार कॉमेंट्स आप यहां पढ़ सकते हैं.

'ऋषभ पंत मार रहा है...', 228 दिन बाद शॉट लगाते दिखे पंत का वीडियो भयानक वायरल!

वीडियो: जसप्रीत बुमराह ODI वर्ल्ड कप 2023 में खेलेंगे या नहीं, जान लीजिए!

Advertisement