The Lallantop

कोहली-कोहली चिल्लाती जनता ने सोचा नहीं होगा, नवीन ऐसे जवाब दे देंगे!

मुंबई का बड़ा नुकसान कर गए नवीन.

Advertisement
post-main-image
नवीन उल हक़ ने कोलकाता के क्राउड को दिया सही जवाब, दूसरी फोटो में ग्रीन के बिखरे स्टंप्स हैं (स्क्रीनग्रैब)

नवीन उल हक़. 1 मई के बाद से ही लगातार चर्चा में हैं. LSGvsRCB मैच में उनकी विराट कोहली के साथ बहस हो गई थी. और उसके बाद नवीन की कई इंस्टाग्राम स्टोरीज को विराट का मजाक उड़ाना बताया गया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

और इसके बाद से ही विराट फ़ैन्स उनके और लखनऊ के पीछे पड़े हैं. नवीन और लखनऊ जहां भी खेल रहे हैं, वहीं से कोहली-कोहली की आवाजें आने लगती हैं. तमाम स्टेडियम्स के बाद ये चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में भी हुआ. लेकिन यहां नवीन ने क्राउड को मुंह से नहीं, अपनी गेंदों से जवाब दिया.

हुआ ये कि चेन्नई में मुंबई के खिलाफ़ पहले बोलिंग करते हुए कप्तान कृणाल ने स्पिनर्स से शुरुआत की. लेकिन जब उनके दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में 16 रन पिट गए, तब उन्होंने गेंद नवीन उल हक़ को सौंपी. और नवीन के हाथ में गेंद आते ही स्टेडियम कोहली-कोहली के शोर से गूंज उठा.

Advertisement
# Naveen Shut Crowd

लेकिन दूसरी ही गेंद पर नवीन ने इस शोर को शांत भी कर दिया. उनकी लेंथ बॉल पर झपटे रोहित शर्मा एक्स्ट्रा कवर से ऊपर मारने के चक्कर में आयुष बडोनी को कैच थमा बैठे. और अपनी दूसरी ही गेंद पर विकेट लेने के बाद नवीन ने शट द नॉइज सेलिब्रेसन किया. उन्होंने अपने दोनों कान उंगलियों से ढक, बाहर की आवाज को रोकने का इशारा किया.

इस ओवर में नवीन ने नौ रन देकर एक विकेट निकाला. लेकिन असली खेल हुआ ग्यारहवें ओवर में. जब नवीन को दोबारा गेंद मिली. इस बार सूर्या ने उनका स्वागत चौके के साथ किया. पहली तीन गेंदों पर छह रन आ गए. लेकिन चौथी गेंद पर नवीन ने बदला ले लिया.

उन्होंने 107.3 की स्पीड वाली स्लोअर डाली. इस गुड लेंथ की लेगकटर को सूर्या सीधे छक्के के लिए भेजना चाहते थे, लेकिन वो गेंद की स्पीड से चकमा खा गए. और उनका शॉट पहले लगने के चलते गेंद, लॉन्ग ऑफ पर खड़े कृष्णप्पा गौतम के हाथ में चली गई. सूर्या ने 20 गेंद पर 33 रन बनाए. इस पारी में दो चौके और दो छक्के शामिल थे.

Advertisement

और फिर ओवर की आखिरी गेंद पर नवीन ने मुंबई को एक और बड़ा झटका दे दिया. उन्होंने ये वाली ऑफकटर 104.9 की स्पीड से डाली. ये गेंद पड़कर अंदर की ओर आई और ग्रीन का ऑफ स्टंप उड़ा गई. कैमरन ग्रीन ने आउट होने से पहले 23 गेंदों पर 41 रन बनाए.

अपने पहले दो ओवर्स में ही नवीन ने मुंबई के तीन बड़े विकेट निकाल लिए. और फिर अपने आखिरी ओवर में उन्होंने तिलक वर्मा को भी आउट किया. एक बार फिर ये विकेट स्लोअर गेंद पर आया. नवीन ने ऑफ स्टंप के बाहर की ये गेंद 105.3 की स्पीड से फेंकी. और तिलक ने इसे फ्लैट-बैट से लॉन्ग ऑफ की ओर खेला. वहां दीपक हूडा ने स्लाइड करते हुए कैच लपक वर्मा को वापस भेज दिया. उन्होंने आउट होने से पहले 22 गेंदों पर 26 रन बनाए.

वीडियो: विराट कोहली के शतक के बाद भी RCB IPL प्लेऑफ से बाहर, नवीन ने ऐसे बनाया मज़ाक!

Advertisement