The Lallantop

वो पांच खिलाड़ी जो IPL 2023 में काट रहे गदर, एक ने तो सीधे IPL में एंट्री मारी है

ये जल्द इंडियन टीम में दिखें, तो हैरानी ना होगी

Advertisement
post-main-image
अपनी टीम्स के लिए ट्रंप कार्ड बने हैं ये प्लेयर्स (PTI)

IPL 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी कौन है? अब जिस टीम में रोहित शर्मा, ईशान किशन, कैमरन ग्रीन और सूर्यकुमार यादव जैसे बड़े नाम हों तो दिमाग में भला किसी और का नाम कैसे आ सकता है. लेकिन, इस लिस्ट में टॉप पर हैं तिलक वर्मा. 20 साल का ये खिलाड़ी IPL 2023 में मुंबई इंडियंस का बैकबोन बन चुका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ठीक उसी तरह से बॉलिंग की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट किसने लिए? तो इसमें जो नाम सामने आता है वो है तुषार देशपांडे का. IPL 2023 में 12 विकेट ले चुके देशपांडे पर्पल कैप की रेस में शामिल हैं. हालांकि इस IPL सीज़न के शुरू होने से पहले शायद ही आप लोगों ने ये नाम सुना होगा. इस लिस्ट में इन दोनों के अलावा तीन और ऐसे युवा प्लेयर्स हैं, जिनकी ज्यादा चर्चा तो नहीं हुई, लेकिन ये लोग IPL 2023 में गदर काट रहे हैं. आज हम आपको उन्हीं प्लेयर्स के बताने जा रहे हैं, जो जल्द ही अगर भारतीय टीम में खेलते नजर आए तो हैरानी नहीं होनी चाहिए.

1. रिंकू सिंह (कोलकाता नाइट राइडर्स)

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम है रिंकू सिंह का. साल 2018 से ही रिंकू KKR से जुड़े हुए हैं. IPL 2023 के ऑक्शन में KKR ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा था. 9 अप्रैल 2023 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मैच में रिंकू ने दिखा दिया कि कोलकाता ने काफी लंबे समय से उन्हें अपने साथ क्यों रखा हुआ है. रिंकू ने इस मैच में यश दयाल की पांच गेंद पर लगातार पांच छक्के लगा टीम को जीत दिला दी. रिंकू यहीं नहीं रुके, बल्कि इसके बाद भी उन्होंने कोलकाता के लिए कमाल दिखाना जारी रखा. अब तक खेले गए 8 मुकाबलों में रिंकू के नाम 62.75 की औसत से कुल 251 रन हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.86 का रहा है. इन 8 मैचों में रिंकू चार बार नॉटआउट भी रहे हैं.

Advertisement

2. तिलक वर्मा (मुंबई इंडियंस )

लिस्ट में दूसरा नाम है मुंबई इंडियंस के धुरंधर बैटर तिलक वर्मा का. तिलक ने IPL 2023 में कमाल का प्रदर्शन किया है. धुआंधार अंदाज में बैटिंग करने के लिए मशहूर तिलक ने अभी तक IPL 2023 के 7 मैचों में कुल 219 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154.22 का रहा है. 2 अप्रैल, 2023 को बैंगलोर के खिलाफ खेले गए मैच में तिलक ने 46 गेंद पर 84 रन की धुआंधार पारी खेली थी. हालांकि तिलक इससे पहले भी IPL में कमाल दिखा चुके हैं. IPL 2022 में तिलक ने 14 मैचों में 397 रन बनाए थे. इस सीज़न के दौरान मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा भी उनकी तारीफ कर चुके हैं. ऐसे में वो जल्द ही टीम इंडिया के लिए खेलते हुए दिख सकते हैं.

Advertisement
3. सुयश शर्मा (कोलकाता नाइट राइडर्स)

लिस्ट में अगला नाम है केकेआर के 20 साल के युवा स्पिनर सुयश शर्मा का.  जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा. और उन्होंने अपने पहले ही मैच में कमाल कर दिया. 6 अप्रैल, 2023 को बैंगलोर के खिलाफ खेले गए मैच में सुयश एक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर उतरे. और उन्होंने तीन विकेट हासिल कर लिए. सुयश के नाम अब 6 मैचों में कुल 9 विकेट हो चुके हैं. इस दौरान उनका इकॉनमी 8.13 का रहा है. केकेआर के लिए ये लड़का अब स्टार बन चुका है.  सुयश दिल्ली की अंडर-25 टीम से खेलते हैं. हालांकि उनके पास न तो कोई लिस्ट A और ना ही कोई फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है.

4. यशस्वी जयसवाल (राजस्थान रॉयल्स)

अब बात करते हैं राजस्थान रॉयल्स के ओपनर यशस्वी जयसवाल की. यशस्वी ने राजस्थान के लिए अब तक 8 मैचों में 38 के औसत से 304 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 147.57 का रहा है. IPL 2023 के पहले मैच में उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंद पर 54 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाई थी. वहीं दिल्ली के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने 31 गेंद पर 60 रन कूट दिए थे. जिसकी बदौलत राजस्थान ने 57 रन से जीत हासिल की. 27 अप्रैल को चेन्नई के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने 77 रन की शानदार पारी खेली. जयसवाल ने अब तक कुल 30 IPL मैचों में 25.80 के औसत और 136.30 के स्ट्राइक रेट से 774 रन बनाए हैं. इससे पहले उन्हें IPL ऑक्शन 2020 के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा था. 

5. तुषार देशपांडे (चेन्नई सुपर किंग्स)

लिस्ट में आखिरी नाम है चेन्नई सुपरकिंग्स के फास्ट बोलर तुषार देशपांडे का. IPL 2023 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था. तुषार ने अपने प्रदर्शन के जरिए चेन्नई सुपरकिंग्स के इस फैसले को सही साबित कर दिया. IPL इतिहास के पहले इम्पैक्ट प्लेयर बने तुषार ने अब तक खेले गए 8 मैचों में 22.86 की औसत से कुल 14 विकेट झटके हैं. इस दौरान उनका इकॉनमी 10.91 का रहा है. शुरुआती मैचों में तुषार नो और वाइड बॉल से जूझते हुए नजर आए थे. लेकिन कोच और कप्तान की सलाह के बाद से उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की है. तुषार ने साल 2020 में IPL डेब्यू किया था. इस दौरान उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था.

वीडियो: एम एस धोनी के लिए ईडन गार्डन हुआ पीला, फ़ैन्स ने KKR का प्लान चौपट कर दिया!

Advertisement