The Lallantop

रिंकू सिंह फिर इंटरनेट तोड़ रहे, वजह IPL वाले छक्के नहीं, बहुत ताबड़तोड़ है!

एक ही तो दिल है, रिंकू सिंह कितनी बार जीतोगे...

Advertisement
post-main-image
अलीगढ़ में रिंकू बनवा रहे हैं हॉस्टल. (Photo: Twitter)

IPL ने भारतीय क्रिकेट को कई स्टार्स दिए हैं. इस समय इनमें सबसे पहला नाम है रिंकू सिंह का. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के इस युवा बल्लेबाज़ ने अपनी ताबड़तोड़ बैटिंग से खूब फ़ैन्स कमाए हैं. गुजरात टाइटन्स के खिलाफ आखिरी ओवर की पांच गेंदों पर पांच छक्के लगा कर रिंकू रातोंरात स्टार बन गए. तब से उनकी निजी जिंदगी और उनके संघर्ष में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई. वे रिंकू के बारे में हर बात जानना चाहते हैं. हम भी रिंकू के बारे में एक बात बताते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिंकू ने ऐसा काम शुरू किया है, जिससे गरीब क्रिकेटर्स को बहुत मदद मिलने वाली है. न्यू इंडियन एक्सप्रेस में छपी ख़बर के मुताबिक रिंकू सिंह अलीगढ़ में उभरते क्रिकेटर्स के लिए एक हॉस्टल बनवा रहे हैं. इस हॉस्टल पर वो 50 लाख रुपये खर्च करने वाले हैं.

गरीब घर से आने वाले रिंकू ने कड़ी मेहनत कर IPL में एक मुकाम हासिल किया है. अब उनके बचपन के कोच मसूदज़-जफर अमिनी ने बताया है,

Advertisement

"वो हमेशा उन युवा खिलाड़ियों के लिए एक हॉस्टल बनाना चाहते थे, जिनके पास अपने सपनों को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय संसाधन नहीं हैं. वह अब आर्थिक रूप से मजबूत हैं और अपने सपने को साकार कर रहे हैं. रिंकू ने टीम में शामिल होने से लगभग तीन महीने पहले काम शुरू किया था. हॉस्टल में 14 कमरे होंगे और हरेक में चार खिलाड़ी रह सकते हैं. एक शेड भी बनाया जा रहा है. अलग शौचालय भी बन रहे हैं. खिलाड़ी कैंटीन में भोजन कर सकेंगे. इसमें करीब 50 लाख रुपये खर्च होंगे और पूरा खर्च रिंकू उठा रहे हैं."

कोच के बयान के मुताबिक IPL 2023 के लिए कोलकाता टीम के कैंप से जुड़ने से लगभग तीन महीने पहले इस हॉस्टल का काम शुरू हुआ था. इसमें एक वक्त पर 56 खिलाड़ी रह पाएंगे. न्यू इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक रिंकू के सबसे बड़े भाई सोनू इस हॉस्टल को बनाने के काम पर नज़र रख रहे हैं. उन्होंने बताया,

“जब हमारे पिता गैस सिलेंडर नहीं बांट पा रहे थे, तब रिंकू और मैं वो काम करते थे. पर हम हमेशा चाहते थे कि वो क्रिकेट पर ध्यान दें. हमने जो बलिदान दिया उसका फल मिला है. क्योंकि उन्होंने न केवल हमें गरीबी से बाहर निकाला, बल्कि गरीब क्रिकेटरों के लिए एक हॉस्टल बनाने का भी फैसला लिया.”

Advertisement

कोच ने आगे ये भी बताया कि हॉस्टल में एक जिम भी बनाया जा रहा है. IPL 2023 के बाद रिंकू इस हॉस्टल का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने कहा,

“90 प्रतिशत काम हो चुका है. अगले महीने (मई) तक ये पूरा तैयार हो जाएगा. IPL से लौटने के बाद रिंकू इसका उद्घाटन करेंगे. हम उम्मीद करते हैं इस हॉस्टल से युवा क्रिकेटर्स को लाभ मिलेगा.” 

2016 में उत्तर प्रदेश के लिए रणजी में डेब्यू करने वाले रिंकू को कोलकाता ने 2018 में खरीदा था. कुछ सालों तक उनका प्रदर्शन मिलाजुला रहा था, पर टीम ने उनको सपोर्ट किया. 2022 और 2023 में रिंकू ने अपनी टीम के लिए कई मैच फिनिश किए हैं. रिंकू की पूरी कहानी और गुजरात के खिलाफ उनकी शानदार पारी के बारे में आप यहां पढ़ सकते हैं.

वीडियो: रिंकू सिंह की पारी पर फ़ैन्स का वोट देख होश उड़ जाएंगे!

Advertisement