The Lallantop

IPL मैच देखने जाएं तो एक पोस्टर भूलकर भी मत ले जाना, पकड़े जाएंगे

चार शहरों के लिए जारी की गई गाइडलाइन.

Advertisement
post-main-image
पोस्टर लेकर ग्राउंड में पहुंचा एक फै़न. (तस्वीर- PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) का बुखार लोगों पर चढ़ चुका है. स्टेडियम पहुंच रहे फैन्स के हाथों में फेवरेट खिलाड़ियों के नाम वाले पोस्टर्स हैं. आमतौर पर ये पोस्टर खिलाड़ियों के प्रति फैन्स की भावनाओं को दिखाने के लिए इस्तेमाल होते हैं. याद नहीं पड़ता कि किसी सियासी मुद्दे को उठाने के लिए मैच के दौरान पोस्टर दिखाए गए हों. हालांकि IPL 2023 को लेकर जारी एक गाइडलाइन के मुताबिक फैन्स को स्टेडियम में सियासी मामलों या मुद्दों से जुड़े पोस्टर ले जाने की मनाही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

चार शहरों को लेकर गाइडलाइन जारी

गाइडलाइन जारी की है 'पेटीएम इनसाइडर' ने, जो IPL टीमों की टिकट पार्टनर है. मैच के टिकट कंपनी की वेबसाइट से ही मिलते हैं. पेटीएम इनसाइडर ने 'प्रतिबंधित सामानों' की लिस्ट जारी की है जिसके बारे में IPL टीमों को भी बता दिया गया है. इनमें CAA, NRC से जैसे बड़े राजनीतिक मुद्दों को भी शामिल किया गया है.

'द हिंदू' में छपी खबर के मुताबिक गाइडलाइन केवल चार शहरों में होने वाले मैचों के लिए है. दिल्ली, मोहाली, हैदराबाद और अहमदाबाद. कहा गया है कि इन शहरों में दर्शकों को नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता पंजीकरण (NRC) से जुड़े पोस्टर्स ले जाने की मनाही है. बाकी शहरों के लिए ऐसी कोई गाइडलाइन नहीं दी गई है.

Advertisement

समाचार एजेंसी पीटीआई से इस मुद्दे पर बात करते हुए दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के एक सीनियर अधिकारी ने कहा,

“टिकट देना पूरी तरह से फ्रेंचाइजी के अधिकार क्षेत्र में है. हम सिर्फ सूत्रधार हैं, जो उन्हें स्टेडियम मुहैया कराते हैं. हमारी टिकट संबंधित सलाह या वॉर्निंग में कोई भूमिका नहीं है.”

कोई तय नियम-कानून का तो पता नहीं, लेकिन एक तरह की परंपरा रही है कि छोटे-बड़े स्पोर्ट्स इवेंट में राजनीतिक या नीतिगत मुद्दों को उठाने या उनका प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जाती. नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर BCCI के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा,

Advertisement

"प्लीज़ FIFA (वर्ल्ड फुटबॉल को चलाने वाली संस्था) की पिछले साल कतर में हुए फुटबॉल वर्ल्ड कप की गाइडलाइंस को चेक करें. फीफा के नियमों के मुताबिक, राजनीतिक, धार्मिक, व्यक्तिगत या किसी भी प्रकार के स्लोगन को प्रतिबंधित किया गया था."

वहीं एक IPL टीम के प्रतिनिधि ने बताया कि प्रतिबंधित सामान पर कोई भी परामर्श हमेशा BCCI से चर्चा के बाद ही किया जाता है.

'द हिंदू' की रिपोर्ट के मुताबिक BCCI इस बात को लेकर सतर्क है कि कोई दर्शक अपनी शर्ट के नीचे राजनीतिक मुद्दे या नारे वाली टी-शर्ट पहन सकता है या केवल एक पोस्टर बनाकर स्टेडियम में घुस सकता है, जो राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो. बोर्ड का मानना है कि इस तरह की गाइडलाइन ऐसी किसी भी गतिविधि को रोकने में मदद करेगी. मनाही के बावजूद कोई ये काम करता है, तो उसे स्टेडियम के नियमों के उल्लंघन के चलते पकड़ा जा सकता है. ये साफ नहीं है कि पकड़े जाने का क्या मतलब है. क्या उस व्यक्ति को पुलिस पकड़ेगी या स्टेडियम में तैनात वॉलंटियर्स ऐसा करेंगे.

वीडियो: वार्नर ने बता दी, दिल्ली की हार की वजह

Advertisement